14 रुपये के शेयर वाली कंपनी के लौटे अच्छे दिन… बिड़ला ने निवेशकों को दिया भरोसा
मुख्य बातें
- वोडाफोन आइडिया ने अपने रिवाइवल की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए प्रमोटर समूह से 4,730 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव रखा है
- वोडाफोन आइडिया के शेयर की बात करें तो गुरुवार को 2.24% बढ़कर 14.18 रुपये पर आ गया

Vodafone Idea share: टेलीकॉम सेक्टर की दिग्गज कंपनी- वोडाफोन आइडिया अपने इतिहास के सबसे मुश्किल दौर से बाहर आ गई है और अब अपने रिवाइवल प्लान को लागू करने पर ध्यान दे रही है। कंपनी के नॉन-एग्जीक्यूटिव चेयरमैन कुमार मंगलम बिड़ला ने गुरुवार को यह बात कही। इसी कड़ी में कंपनी ने अपने प्रमोटर समूह से 4,730 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव रखा है। असाधारण आम बैठक (EGM) में शेयरधारकों को संबोधित करते हुए बिड़ला ने कंपनी के रिवाइवल (पुनरुद्धार) को लेकर भरोसा जताया। इसके साथ ही उन्होंने यह भी माना कि चुनौतियां अब भी बनी हुई हैं।
क्या कहा बिड़ला ने?
कुमार मंगलम बिड़ला ने पिछले महीने नॉन-एग्जीक्यूटिव चेयरमैन का पद संभालने के बाद अपनी पहली EGM में कहा- मैंने पहले भी कहा था कि मुश्किल समय हमेशा नहीं रहता लेकिन मुश्किल समय में भी टिके रहने वाली कंपनियां बनी रहती हैं। आज हमारी कंपनी के लिए ये शब्द और भी ज्यादा मायने रखते हैं। उन्होंने कहा- मुझे लगता है कि आगे अच्छा समय आने वाला है। कुछ चुनौतियां तो बनी रहेंगी, लेकिन मेरा अब भी मानना है कि हम एक अहम मोड़ पर हैं।
क्यों बुलाई गई EGM?
बता दें कि प्रमोटर ग्रुप की कंपनी सूर्याजा इन्वेस्टमेंट्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा ₹4730 करोड़ का निवेश करने के लिए शेयरहोल्डर्स की मंजूरी लेने के मकसद से EGM बुलाई गई थी। जानकारी के मुताबिक EGM में शेयरधारकों से सूर्याजा इन्वेस्टमेंट्स के जरिए 11 रुपये प्रति शेयर की कीमत पर 4.3 अरब इक्विटी-कन्वर्टिबल वारंट जारी करने की मंजूरी मांगी गई। इससे कंपनी को 18 महीनों में चरणबद्ध तरीके से 4,730 करोड़ रुपये मिलेंगे। इसमें से 25 फीसदी यानी करीब 1,182 करोड़ रुपये की राशि शुरुआत में ही जमा की जाएगी। बिड़ला ने बताया कि जुटाई गई रकम में से 1,730 करोड़ रुपये पूंजीगत खर्च (कैपेक्स) पर खर्च किए जाएंगे जबकि 3,000 करोड़ रुपये कर्ज घटाने में लगाए जाएंगे।
किसकी कितनी हो जाएगी हिस्सेदारी?
इसके बाद आदित्य बिड़ला समूह की हिस्सेदारी 9.6 फीसदी से बढ़कर लगभग 13 फीसदी हो जाएगी। वहीं, Vodafone Plc और आदित्य बिड़ला समूह की संयुक्त हिस्सेदारी बढ़कर करीब 28.5 फीसदी तक पहुंच सकती है। फिलहाल कंपनी में केंद्र सरकार की हिस्सेदारी 49 फीसदी है, जो घटकर 47 फीसदी रह जाएगी।
शेयर का भाव
वोडाफोन आइडिया के शेयर की बात करें तो गुरुवार को 2.24% बढ़कर 14.18 रुपये पर आ गया। इंट्रा-डे में शेयर की कीमत 14.49 रुपये पर थी। शेयर के 52 हफ्ते का हाई 15.26 रुपये और लो 6.12 रुपये है।
लेखक के बारे में
Deepak Kumarहिन्दुस्तान डिजिटल में करीब 5 साल से कार्यरत दीपक कुमार यहां बिजनेस की खबरें लिखते हैं। दीपक को स्टॉक मार्केट, पर्सनल फाइनेंस के अलावा बिजनेस से जुड़े तमाम विषयों की गहरी समझ है। वह जटिल आर्थिक और कारोबारी मुद्दों को सरल, संतुलित और आम बोलचाल की भाषा में पाठकों तक पहुंचाना बखूबी जानते हैं। उनकी बिजनेस सेक्शन के अलावा एंटरटेनमेंट, स्पोर्ट्स और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरों पर भी मजबूत पकड़ है। दीपक को उनके बेहतरीन काम के लिए विभिन्न स्तरों पर सम्मानित भी किया जा चुका है। मूल रूप से बिहार के सीवान जिले से ताल्लुक रखने वाले दीपक के पास पत्रकारिता का करीब 13 साल का अनुभव है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत अमर उजाला से की। इसके बाद दैनिक भास्कर, आजतक और इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम किया। इसका अगला पड़ाव हिन्दुस्तान डिजिटल था, जहां वह वर्तमान में असिस्टेंट न्यूज एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। दीपक ने दिल्ली यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन की पढ़ाई की जबकि हिमाचल प्रदेश सेंट्रल यूनिवर्सिटी से पोस्ट ग्रेजुएट हुए हैं। जहां एक तरफ वह सोशल मीडिया पर सक्रिय हैं तो वहीं नई तकनीकों से खुद को अपडेट रखते हैं। खाली समय में फिल्में देखना, खाना बनाना और क्रिकेट खेलना पसंद है।
और पढ़ें

