विजय केडिया ने अब इस छोटकू शेयर पर लगाया दांव, खरीद डाले 83930 शेयर
मुख्य बातें
- दिग्गज इनवेस्टर विजय केडिया ने अब स्मॉलकैप इंजीनियरिंग कंपनी ईमको एलेकॉन (इंडिया) लिमिटेड पर दांव लगाया है
- केडिया ने अपनी इनवेस्टमेंट इकाई केडिया सिक्योरिटीज के जरिए कंपनी के 83,930 शेयर खरीदे हैं

दिग्गज निवेशक विजय केडिया ने एक और कंपनी पर दांव लगाया है। विजय केडिया ने जून 2026 तिमाही में स्मॉलकैप इंजीनियरिंग कंपनी ईमको एलेकॉन (इंडिया) लिमिटेड के शेयर खरीदे हैं। केडिया ने अपनी इनवेस्टमेंट इकाई केडिया सिक्योरिटीज प्राइवेट लिमिटेड के जरिए ईमको एलेकॉन के 83,930 शेयर खरीदे हैं। हालिया शेयरहोल्डिंग पैटर्न के मुताबिक, कंपनी में केडिया की हिस्सेदारी 1.45 पर्सेंट है। ईमको एलेकॉन के शेयर मंगलवार को BSE में 1767 रुपये पर बंद हुए हैं।
करीब 14.8 करोड़ रुपये है केडिया की हिस्सेदारी की मौजूदा वैल्यू
1767 रुपये के करेंट शेयर प्राइस के हिसाब से ईमको एलेकॉन (इंडिया) लिमिटेड में विजय केडिया की हिस्सेदारी की मौजूदा वैल्यू करीब 14.83 करोड़ रुपये है। पिछले एक महीने में ईमको एलेकॉन के शेयरों में 14 पर्सेंट से ज्यादा का उछाल आया है। कंपनी के शेयरों का 52 हफ्ते का हाई लेवल 2578.65 रुपये है। वहीं, कंपनी के शेयरों का 52 हफ्ते का निचला स्तर 1413.70 रुपये है। कंपनी का मार्केट कैप मंगलवार 14 जुलाई को 1019 करोड़ रुपये के पार पहुंच गया है। शेयर बाजार के दिग्गज निवेशक विजय केडिया ने मार्च 2026 तिमाही में सोलर मॉड्यूल बनाने वाली कंपनी वेबसोल एनर्जी सिस्टम के 44.44 लाख शेयर खरीदे थे। कंपनी में केडिया की हिस्सेदारी 1.02 पर्सेंट है। केडिया ने स्मॉलकैप इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी SPML इंफ्रा पर भी पिछले दिनों दांव लगाया था। केडिया ने कंपनी के 14,98,107 शेयर खरीदे थे।
4 साल में 375% उछल गए हैं स्मॉलकैप कंपनी के शेयर
स्मॉलकैप कंपनी ईमको एलेकॉन (इंडिया) लिमिटेड के शेयर पिछले 4 साल में 375 पर्सेंट चढ़ गए हैं। कंपनी के शेयर 15 जुलाई 2022 को 371.35 रुपये पर थे। ईमको एलेकॉन के शेयर 14 जुलाई 2026 को 1767 रुपये पर बंद हुए हैं। कंपनी के शेयरों में पिछले 5 साल में 254 पर्सेंट की तेजी देखने को मिली है। तीन साल में कंपनी के शेयरों में 170 पर्सेंट का उछाल आया है। हालांकि, पिछले एक साल में ईमको एलेकॉन के शेयरों में 29 पर्सेंट से ज्यादा की गिरावट देखने को मिली है।
विदेशी निवेशकों ने भी कंपनी में बढ़ाई हिस्सेदारी
विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने भी ईमको एलेकॉन (इंडिया) लिमिटेड में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाई है। मार्च 2026 तिमाही में कंपनी में विदेशी संस्थागत निवेशकों की 3.10 पर्सेंट हिस्सेदारी थी, जो कि जून 2026 तिमाही में बढ़कर 3.25 पर्सेंट पहुंच गई है। कंपनी में प्रमोटर की हिस्सेदारी में कोई बदलाव नहीं हुआ है। कंपनी में प्रमोटर्स की हिस्सेदारी 48.96 पर्सेंट बनी हुई है। ईमको एलेकॉन (इंडिया) लिमिटेड, अंडरग्राउंड और ओपनकास्ट माइंस के लिए हेवी इक्विपमेंट की डिजाइनिंग और मैन्युफैक्चरिंग करती है।
लेखक के बारे में
Vishnu Soniविष्णु सोनी लाइव हिन्दुस्तान में बिजनेस, गैजेट्स और ऑटो सेक्शन संभाल रहे हैं। वह दिसंबर 2020 से लाइव हिन्दुस्तान के साथ
हैं। वह शेयर बाजार, कॉरपोरेट, पर्सनल फाइनेंस, गैजेट्स और ऑटो की खबरें लिखते हैं। गैजेट्स और ऑटो रिव्यू में भी इनकी
दिलचस्पी है। बिजनेस से जुड़ी खबरों में विष्णु हमेशा इस बात पर फोकस करते हैं कि वह पाठकों के 'काम की बात' वाला एंगल
प्रमुखता से खबर में ला सकें, ताकि उनकी वित्तीय जागरूकता बढ़े। बिजनेस से जुड़ी खबरों में भाषा की सरलता और सहजता पर भी
विष्णु का ध्यान हमेशा रहा है।
पत्रकारिता में विष्णु को 20 साल पूरे होने को हैं। विष्णु के करियर का ज्यादातर हिस्सा बिजनेस जर्नलिज्म से जुड़ा रहा है।
वह दैनिक भास्कर, इकनॉमिक टाइम्स-हिंदी, अमर उजाला, नेटवर्क-18 और नवभारत टाइम्स ऑनलाइन में अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर
चुके हैं। विष्णु ने पत्रकारिता की पढ़ाई इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मॉस कम्युनिकेशन (IIMC), दिल्ली से की है। विष्णु, इलाहाबाद
विश्वविद्यालय के गोल्ड मेडलिस्ट हैं। GST को लेकर बनाए गए विष्णु के एक वीडियो को अवॉर्ड भी मिल चुका है। कुकिंग,
ट्रेवलिंग, क्रिकेट देखने और खेलने में इनको मजा आता है। अपने वक्त का एक हिस्सा विष्णु ऐसे शेयरों को 'खोजने' में लगाते
हैं, जो कि आगे चलकर अच्छा रिटर्न दें।


