
विजय केडिया ने बेच दिए इस कंपनी के सभी शेयर, लगातार गिर रहा था भाव
ट्रेंडलाइन के डेटा के अनुसार, एक साल पहले जहां उनकी हिस्सेदारी 3.2% थी, वहीं अब इसमें बड़ी गिरावट आई है। फिलहाल विजय केडिया के सार्वजनिक पोर्टफोलियो में 15 शेयर हैं, जिनकी कुल नेटवर्थ 1,106 करोड़ रुपये से ज्यादा बताई जा रही है।
Vijay Kedia Portfolio Stock: दिग्गज निवेशक विजय केडिया के पोर्टफोलियो से जुड़ी एक अहम खबर सामने आई है। बाजार से मिले ताजा संकेतों के मुताबिक, विजय केडिया ने स्मॉल-कैप कंपनी प्रिसीजन कैमशाफ्ट्स में अपनी हिस्सेदारी घटा दी है या पूरी तरह बाहर निकल गए हैं। वित्त वर्ष 2025-26 की तीसरी तिमाही (Q3) के शेयरहोल्डिंग पैटर्न में उनकी निवेश कंपनी केडिया सिक्योरिटीज का नाम प्रमुख शेयरधारकों में शामिल नहीं है। यह जानकारी 7 जनवरी को शेयरहोल्डिंग डेटा जारी होने के बाद सामने आई, जिसके बाद से ही प्रिसीजन कैमशाफ्ट्स के शेयर दबाव में नजर आ रहे हैं, हालांकि इस दौरान पूरे बाजार में भी गिरावट देखी गई है।
क्या है डिटेल
बीएसई के आंकड़ों के अनुसार, सितंबर 2025 तिमाही में केडिया सिक्योरिटीज के पास प्रिसीजन कैमशाफ्ट्स के 10 लाख शेयर थे, जो कंपनी में 1.05% हिस्सेदारी के बराबर थे। लेकिन दिसंबर तिमाही के लेटेस्ट पैटर्न में यह हिस्सेदारी दिखाई नहीं देती। चूंकि सेबी के नियमों के मुताबिक, सिर्फ उन्हीं शेयरधारकों के नाम सार्वजनिक किए जाते हैं, जिनकी हिस्सेदारी 1% या उससे ज्यादा होती है, ऐसे में माना जा रहा है कि विजय केडिया की हिस्सेदारी अब 1% से नीचे आ चुकी है या उन्होंने पूरी तरह से एग्जिट ले लिया है। ट्रेंडलाइन के डेटा के अनुसार, एक साल पहले जहां उनकी हिस्सेदारी 3.2% थी, वहीं अब इसमें बड़ी गिरावट आई है। फिलहाल विजय केडिया के सार्वजनिक पोर्टफोलियो में 15 शेयर हैं, जिनकी कुल नेटवर्थ 1,106 करोड़ रुपये से ज्यादा बताई जा रही है।
शेयरों के हाल
शेयर के प्रदर्शन की बात करें तो प्रिसीजन कैमशाफ्ट्स का शेयर लगातार दबाव में है। 9 जनवरी को इंट्राडे ट्रेड में इसमें करीब 3.5% की गिरावट दर्ज की गई, जिससे दो दिनों में कुल गिरावट 7% से ज्यादा हो गई। यह शेयर पिछले चार महीनों से गिरावट के ट्रेंड में है। सितंबर 2025 में इसमें करीब 13% की तेजी देखने को मिली थी, लेकिन उसके बाद से रुझान कमजोर बना हुआ है। बीते एक साल में यह स्मॉल-कैप शेयर करीब 56% टूट चुका है, जबकि दो साल में इसमें 43% की गिरावट आई है।
हालांकि लंबी अवधि के निवेशकों के लिए तस्वीर थोड़ी अलग है। पांच साल के नजरिए से देखें तो प्रिसीजन कैमशाफ्ट्स ने करीब 234% का शानदार रिटर्न दिया है और यह मल्टीबैगर शेयर बन चुका है। कंपनी के वित्तीय नतीजों की बात करें तो Q2FY26 में इसका कंसॉलिडेटेड नेट प्रॉफिट बढ़कर 13.16 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले साल की समान तिमाही में 8.40 करोड़ रुपये था। हालांकि, ऑपरेशंस से होने वाली आय घटकर 198.18 करोड़ रुपये रह गई, जो एक साल पहले 225.06 करोड़ रुपये थी। ऐसे में निवेशक अब यह देखने पर नजर रखे हुए हैं कि आने वाली तिमाहियों में कंपनी का प्रदर्शन और शेयर की दिशा क्या रहती है।

लेखक के बारे में
Varsha Pathakवर्षा पाठक लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर के पद पर कार्यरत हैं और पिछले 4 सालों से इस संस्थान से जुड़ी हुई हैं। मीडिया इंडस्ट्री में उन्हें लगभग 8 साल का अनुभव है। उन्होंने जामिया मिलिया इस्लामिया, नई दिल्ली से पत्रकारिता में डिप्लोमा किया है। बिहार की रहने वाली वर्षा वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान के बिजनेस सेक्शन के लिए खबरें लिखती हैं। उन्हें स्टॉक मार्केट, पर्सनल फाइनेंस, यूटिलिटी, टैक्स, बजट, एक्सप्लेनर, इंटरव्यूज और कॉरपोरेट सेक्टर से जुड़ी खबरों की समझ है। जटिल आर्थिक विषयों को सरल, तथ्यात्मक और पाठकों के लिए उपयोगी भाषा में प्रस्तुत करना उनकी लेखन शैली की विशेषता है। हिन्दुस्तान से पहले वर्षा दैनिक भास्कर (प्रिंट), मनी भास्कर और नेटवर्क18 जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम कर चुकी हैं। उन्हें फील्ड रिपोर्टिंग का अनुभव भी है। डिजिटल पत्रकारिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए वर्षा को मनी भास्कर में सबसे अधिक UVs-PVs का पुरस्कार मिल चुका है। इसके अलावा, लाइव हिन्दुस्तान में भी वर्षा का टॉप परफॉर्मेंस रहा है और इसके लिए पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है।
और पढ़ें



