
विजय केडिया ने इस कंपनी के खरीदे 9 लाख शेयर, रॉकेट बना भाव, 13% चढ़ा दाम
मंगलवार को हुए एक ब्लॉक डील में विजय केडिया ने अपनी निवेश कंपनी केडिया सिक्योरिटीज प्राइवेट लिमिटेड के जरिए करीब 9 लाख शेयर खरीदे। यह सौदा ₹140 प्रति शेयर के भाव पर हुआ, जिसकी कुल वैल्यू करीब ₹12.48 करोड़ थी।
Vijay Kedia Stock: महामाया लाइफसाइंसेज के शेयर आज बुधवार को कारोबार के दौरान फोकस में हैं। कंपनी के शेयर में आज 13 पर्सेंट तक की तेजी देखी गई और यह 181 रुपये पर पहुंच गया। यह इसका 52 वीक का नया हाई प्राइस भी रहा। शेयरों में इस तेजी के पीछे एक खबर है। दरअसल, दिग्गज निवेशक विजय केडिया ने SME शेयर महामाया लाइफसाइंसेज में बड़ी हिस्सेदारी खरीदी है। मंगलवार को हुए एक ब्लॉक डील में विजय केडिया ने अपनी निवेश कंपनी केडिया सिक्योरिटीज प्राइवेट लिमिटेड के जरिए करीब 9 लाख शेयर खरीदे। यह सौदा ₹140 प्रति शेयर के भाव पर हुआ, जिसकी कुल वैल्यू करीब ₹12.48 करोड़ थी। इस बड़ी खरीद के बाद महामाया लाइफसाइंसेज का नाम निवेशकों के बीच तेजी से चर्चा में आ गया है।
क्या है डिटेल
शेयर की चाल की बात करें तो महामाया लाइफसाइंसेज ने नया रिकॉर्ड बनाया है। 18 नवंबर 2025 को लिस्ट हुआ यह SME स्टॉक आज BSE पर ₹181 के अपने ऑल-टाइम हाई तक पहुंच गया। इसी दिन एक और ब्लॉक डील भी देखने को मिली, जिसमें आलमंड्ज़ ग्लोबल सिक्योरिटीज लिमिटेड ने करीब 1.51 लाख शेयर ₹143.64 प्रति शेयर के भाव पर बेच दिए। लिस्टिंग के बाद से ही शेयर में धीरे-धीरे मजबूती देखने को मिल रही है और अब तक यह अपने IPO प्राइस से करीब 42% ऊपर ट्रेड कर रहा है।
मिला-जुला रहा लिस्टिंग
IPO और लिस्टिंग का सफर भी मिला-जुला रहा था। महामाया लाइफसाइंसेज का ₹70.44 करोड़ का IPO आया था, जिसमें ₹64.28 करोड़ का फ्रेश इश्यू और ₹6.16 करोड़ का ऑफर फॉर सेल शामिल था। यह IPO कुल मिलाकर 1.63 गुना सब्सक्राइब हुआ था। NII कैटेगरी में सबसे ज्यादा 3.63 गुना सब्सक्रिप्शन मिला, जबकि रिटेल निवेशकों की हिस्सेदारी 1.02 गुना पर ही सिमट गई। QIB कैटेगरी में 1.19 गुना बोली लगी। रिटेल निवेशकों के लिए न्यूनतम निवेश राशि ₹2.73 लाख होने के कारण छोटे निवेशकों की भागीदारी सीमित रही। शेयर की लिस्टिंग भी फीकी रही थी और यह ₹114 के इश्यू प्राइस के मुकाबले ₹116 पर लिस्ट हुआ था।
कंपनी का कारोबार
कंपनी के बिजनेस और फाइनेंशियल्स इसकी मजबूती दिखाते हैं। महामाया लाइफसाइंसेज कीटनाशक फॉर्मुलेशन, टेक्निकल ग्रेड मॉलीक्यूल्स और ब्रांडेड एग्री-इनपुट्स बनाती और एक्सपोर्ट करती है। कंपनी घरेलू एग्रोकेमिकल कंपनियों के साथ-साथ कई मल्टीनेशनल फर्म्स को भी सप्लाई करती है। FY25 में कंपनी का प्रदर्शन शानदार रहा। रेवेन्यू 64% बढ़कर ₹267.17 करोड़ पहुंच गया, जबकि मुनाफा 148% उछलकर ₹12.94 करोड़ हो गया। EBITDA ₹24.64 करोड़ रहा और नेटवर्थ लगभग दोगुनी होकर ₹49.42 करोड़ पर पहुंच गई। IPO से जुटाए गए पैसों का इस्तेमाल नए उपकरण, टेक्निकल मैन्युफैक्चरिंग प्लांट, वेयरहाउस, वर्किंग कैपिटल और अन्य कॉरपोरेट जरूरतों के लिए किया जाएगा।





