
सिर्फ 13 पैसे के फायदे पर हुई लिस्टिंग, फिर रॉकेट बन गया शेयर, 11% से ज्यादा उछला दाम
विद्या वायर्स के शेयर BSE में सिर्फ 13 पैसे के फायदे के साथ लिस्ट हुए। लिस्टिंग के बाद कंपनी के शेयर रॉकेट बन गए। विद्या वायर्स के शेयर लिस्टिंग के ठीक बाद 11 पर्सेंट से ज्यादा चढ़कर 58.48 रुपये पर पहुंच गए।
विद्या वायर्स की शेयर बाजार में सुस्त शुरुआत हुई है। विद्या वायर्स के शेयर बुधवार को BSE में सिर्फ 13 पैसे के फायदे के साथ लिस्ट हुए हैं। कंपनी के शेयर BSE में 52.13 रुपये पर लिस्ट हुए। वहीं, NSE में विद्या वायर्स के शेयर बिना नफे-नुकसान के फ्लैट 52 रुपये पर लिस्ट हुए। आईपीओ में विद्या वायर्स के शेयर का दाम 52 रुपये था। हालांकि, फ्लैट लिस्टिंग के बाद विद्या वायर्स के शेयरों में तूफानी तेजी आई है। कंपनी का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए 3 दिसंबर 2025 को खुला था और यह 5 दिसंबर तक ओपन रहा। विद्या वायर्स के आईपीओ का टोटल साइज 300.01 करोड़ रुपये तक का था।
लिस्टिंग के बाद रॉकेट बन गए शेयर
सधी लिस्टिंग के बाद विद्या वायर्स के शेयर BSE में 11 पर्सेंट से अधिक के उछाल के साथ 58.48 रुपये पर पहुंच गए। वहीं, NSE में कंपनी के शेयर उछाल के साथ 58.45 रुपये पर जा पहुंचे हैं। विद्या वायर्स का मार्केट कैप 1200 करोड़ रुपये के पार पहुंच गया है। कारोबार के दौरान विद्या वायर्स के शेयरों ने BSE में 50.09 रुपये के निचले स्तर को भी छुआ।
क्या करती है कंपनी
विद्या वायर्स (Vidya Wires) की शुरुआत साल 1981 में हुई है। विद्या वायर्स कॉपर और एल्युमीनियम वायर्स बनाती है। कंपनी अलग-अलग इंडस्ट्रीज के लिए वाइडिंग और कंडक्टिविटी प्रॉडक्ट्स की मैन्युफैक्चरिंग करती है। कंपनी के प्रॉडक्ट्स एनर्जी जेनरेशन, इलेक्ट्रिकल सिस्टम्स, इलेक्ट्रिक मोबिलिटी, रेलवे एंड क्लीन एनर्जी जैसे क्रिटिकल एप्लीकेशंस में इस्तेमाल होते हैं। कंपनी ने अपनी मैन्युफैक्चरिंग कैपेसिटी का विस्तार करके सालाना 19,680 MT कर लिया है और इसके बढ़ाकर 37,680 MT करने की योजना है।
IPO पर लगा था 28 गुना से ज्यादा दांव
विद्या वायर्स के आईपीओ (Vidya Wires IPO) पर टोटल 28.53 गुना दांव लगा था। कंपनी के आईपीओ में आम निवेशकों की कैटेगरी में 29.98 गुना सब्सक्रिप्शन मिला। वहीं, गैर-संस्थागत निवेशकों (नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स) कैटेगरी में 55.94 गुना दांव लगा, जबकि क्वॉलीफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स कैटेगरी में 5.45 गुना सब्सक्रिप्शन मिला था। कंपनी के आईपीओ में आम निवेशक कम से कम 1 लॉट और अधिकतम 13 लॉट के लिए दांव लगा सकते थे। आईपीओ की एक लॉट में 288 शेयर थे। यानी, एक लॉट के लिए आम निवेशकों को 14,976 रुपये का इनवेस्टमेंट करना पड़ा।





