कर्ज घटा, मुनाफा 72% बढ़ा, 98% उछला EBITDA; वेदांता के शेयरधारकों के लिए आई खुशखबरी
मुख्य बातें
- वेदांता (Vedanta) ने FY27 की पहली तिमाही में शानदार नतीजे पेश किए हैं
- कंपनी का शुद्ध मुनाफा 72% बढ़कर ₹5,473 करोड़ और रेवेन्यू 54% बढ़कर ₹24,205 करोड़ पहुंच गया
- वहीं, EBITDA 98% बढ़कर रिकॉर्ड ₹8,469 करोड़ रहा

वेदांता ने पहली तिमाही में शानदार प्रदर्शन किया है। कंपनी का मुनाफा (नेट प्रॉफिट) सालाना आधार पर 72% बढ़कर 5,473 करोड़ रुपये पहुंच गया, जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह 3,185 करोड़ रुपये था। कंपनी की ऑपरेशन से आय (Revenue) भी 54% बढ़कर 24,205 करोड़ रुपये हो गई। मजबूत कमाई के बाद कंपनी का EBITDA (ऑपरेटिंग प्रॉफिट) रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया और 98% की बढ़ोतरी के साथ 8,469 करोड़ रुपये रहा। कॉपर बिजनेस को छोड़ दें तो EBITDA मार्जिन भी बढ़कर 57% हो गया, जो कंपनी के लिए बड़ी उपलब्धि है। आइए जरा विस्तार से कंपनी के तिमाही रिजल्ट पर नजर डालते हैं।
कंपनी के कुल कर्ज में 2,223 करोड़ की कमी
कंपनी ने सिर्फ मुनाफा ही नहीं बढ़ाया, बल्कि अपनी कुल कर्ज (Net Debt) में भी 2,223 करोड़ रुपये की कमी की है। इसके साथ ही कंपनी की उधारी की औसत लागत घटकर 8.5% से नीचे आ गई है। वेदांता का कहना है कि इस दौरान उसके लगभग सभी बिजनेस ने शानदार प्रदर्शन किया। जिंक इंडिया ने पहली तिमाही में अब तक का सबसे ज्यादा उत्पादन किया, FACOR ने रिकॉर्ड आय और EBITDA हासिल किया, जबकि कॉपर इंडिया ने पिछले 8 साल की पहली तिमाही में सबसे ज्यादा बिक्री दर्ज की। वहीं जिंक इंटरनेशनल का गाम्सबर्ग प्रोजेक्ट भी तेजी से आगे बढ़ रहा है।
71,000 करोड़ रुपये से ज्यादा बढ़ा संयुक्त मार्केट कैप
वेदांता ने एक और बड़ा ऐलान करते हुए अरुण मिश्रा को 1 अगस्त 2026 से कंपनी का नया CEO नियुक्त किया है। कंपनी के मुताबिक, डिमर्जर (व्यवसायों के अलग होने) के बाद शेयरधारकों को भी फायदा मिला है और अलग हुई कंपनियों का संयुक्त मार्केट कैप सिर्फ पहली तिमाही में 71,000 करोड़ रुपये से ज्यादा बढ़ गया। कंपनी का कहना है कि मजबूत उत्पादन, लागत पर नियंत्रण और बेहतर संचालन की वजह से आने वाले समय में भी ग्रोथ जारी रहने की उम्मीद है।
पिछले एक महीने में 5% गिरा शेयर
शेयर बाजार में भी नतीजों का सकारात्मक असर देखने को मिला। रिजल्ट जारी होने के बाद वेदांता का शेयर करीब 1% चढ़कर 267 रुपये के आसपास पहुंच गया। हालांकि, पिछले एक महीने में शेयर में करीब 5% की गिरावट रही है, लेकिन मजबूत तिमाही नतीजों और नए CEO की नियुक्ति ने निवेशकों का भरोसा बढ़ाया है। फिलहाल, कंपनी का मार्केट कैप लगभग 1.04 लाख करोड़ रुपये है। अगर आने वाली तिमाहियों में भी कंपनी ऐसा ही प्रदर्शन करती है, तो निवेशकों की नजर इस शेयर पर बनी रह सकती है।


