
3 महीने में 1000 करोड़ रुपये का फायदा, चांदी की तेजी ने इस कंपनी को किया मालामाल
संक्षेप: हिन्दुस्तान जिंक का मुनाफा सितंबर तिमाही में 2649 करोड़ रुपये रहा है। तिमाही आधार पर कंपनी का मुनाफा 19% बढ़ा है। कंपनी के कुल मुनाफे में अकेले चांदी की हिस्सेदारी 40% रही है, जो कि करीब 1060 करोड़ रुपये है।
अरबपति उद्योगपति अनिल अग्रवाल के वेदांता ग्रुप की कंपनी हिन्दुस्तान जिंक लिमिटेड ने तगड़ा मुनाफा कमाया है। चांदी की वजह से कंपनी के मुनाफे में तेज उछाल आया है। चालू वित्त वर्ष की सितंबर तिमाही में टैक्स चुकाने के बाद हिन्दुस्तान जिंक का कंसॉलिडेटेड प्रॉफिट 2649 करोड़ रुपये रहा है। तिमाही आधार पर कंपनी का मुनाफा 19 पर्सेंट बढ़ा है। कंपनी के कुल मुनाफे में अकेले चांदी की हिस्सेदारी 40 पर्सेंट रही है, जो कि करीब 1060 करोड़ रुपये है। यह बात इकनॉमिक टाइम्स की एक रिपोर्ट में कही गई है।

दुनिया के टॉप-5 सिल्वर प्रॉड्यूसर में हैं हिन्दुस्तान जिंक
हिन्दुस्तान जिंक लिमिटेड (HZL), दुनिया के टॉप-5 सिल्वर प्रॉड्यूसर में से एक है। चालू वित्त वर्ष की सितंबर तिमाही में हिन्दुस्तान जिंक ने 1706 करोड़ रुपये का सिल्वर रेवेन्यू हासिल किया। तिमाही आधार पर कंपनी के सिल्वर रेवेन्यू में 10 पर्सेंट का और सालाना आधार पर 20 पर्सेंट का उछाल आया। वैश्विक बाजार में चांदी की कीमतें बढ़ने से कंपनी को यह सिल्वर बोनांजा मिला है और कंपनी ने मजबूत परफॉर्मेंस दिखाया है। लेड और जिंक ओर्स के साथ चांदी प्राकृतिक रूप से पायी जाती है, इसकी माइनिंग और रिफाइनिंग हिन्दुस्तान जिंक लिमिटेड करती है। कंपनी की अर्निंग्स में इसकी हिस्सेदारी बढ़ रही है।
दूसरी तिमाही में अब तक का सबसे ज्यादा रेवेन्यू
हिन्दुस्तान जिंक लिमिटेड (HZL) ने दूसरी तिमाही में अब तक का सबसे ज्यादा रेवेन्यू हासिल किया है। चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में कंपनी का रेवेन्यू 8,549 करोड़ रुपये रहा है, जो कि तिमाही आधार पर 10 पर्सेंट ज्यादा है। दूसरी तिमाही में कंपनी का इबिट्डा मार्जिन 52 पर्सेंट रहा है। कंपनी ने टेक्नोलॉजी अपग्रेड्स और ऑपरेशनल इफीशिएंसी से 5 साल की सबसे कम जिंक प्रॉडक्शन कॉस्ट हासिल की है। साल 2025 में अब तक चांदी में जबरदस्त तेजी आई है। ETF ने पहले ही लोगों का पैसा दोगुना कर दिया है। फ्यूचर मार्केट में चांदी की कीमतों में करीब 70 पर्सेंट का उछाल आया है।





