हर 1 शेयर पर 4 शेयरों का तोहफा, अब वेदांता के बॉस ने बताया-कब लिस्ट होंगी कंपनियां
मुख्य बातें
- वेदांता लिमिटेड के डीमर्जर में शेयरधारकों को कंपनी के हर 1 शेयर पर 4 और शेयर मिले हैं
- अब वेदांता ग्रुप के चेयरमैन अनिल अग्रवाल ने बताया है कि अलग हुईं चारों कंपनियां अगले महीने स्वतंत्र रूप से लिस्ट हो जाएंगी

माइनिंग सेक्टर की दिग्गज कंपनी वेदांता लिमिटेड का डीमर्जर (कारोबार का बंटवारा) पिछले दिनों खासा चर्चा में रहा। वेदांता के शेयरधारकों को कंपनी के हर 1 शेयर पर 4 और शेयर मिले हैं। अब इन 4 कंपनियों की शेयर बाजार में लिस्टिंग को लेकर बड़ा अपडेट आया है। वेदांता ग्रुप के चेयरमैन अनिल अग्रवाल ने कन्फर्म किया है कि वेदांता ग्रुप की अलग हुईं सभी चारों कंपनियां अगले महीने के भीतर स्वतंत्र रूप से लिस्ट हो जाएंगी। उन्होंने यह बात सीएनबीसी-टीवी 18 को दिए गए एक इंटरव्यू में कही है। अग्रवाल ने कहा, 'अगले महीने तक सभी इंडीविजुअल इकाइयां लिस्टेड होंगी।'
डीमर्जर से बनीं हैं चार अलग-अलग कंपनियां
वेदांता लिमिटेड के डीमर्जर से 4 अलग-अलग कंपनियां बनी हैं। पहली कंपनी वेदांता एल्युमीनियम है। अनिल अग्रवाल ने कहा कि कंपनी का मौजूदा प्रॉडक्शन 30 लाख टन सालाना है और 3 साल के भीतर इसे 60 लाख टन लेने जाने का टारगेट है। उन्होंने कहा कि वेदांता एल्युमीनियम प्राइवेट सेक्टर में दुनिया की सबसे बड़ी एल्युमीनियम कंपनी बन जाएगी। ग्रुप,एल्युमीनियम बिजनेस के साथ एक इंडस्ट्रियल पार्क मॉडल के जरिए 1000 डाउनस्ट्रीम इंडस्ट्रीज डिवेलप करने की योजना बना रहा है। दूसरा ऑयल एंड गैस बिजनेस है, जिसे अनिल अग्रवाल ने अपना 'दिल और आत्मा' बताया है। उन्होंने बताया है कि वेदांता की 3 से 5 साल में 5 अरब डॉलर निवेश करने की योजना है, जिससे हर दिन का प्रॉडक्शन 500,000 बैरल्स पहुंच जाए।
पावर कंपनी का 20000 मेगावॉट जेनरेट करने का टारगेट
वेदांता लिमिटेड की तीसरी कंपनी एक पावर कंपनी है, जो कि फिलहाल 4000 मेगावॉट जेनरेट कर रही है और ब्राउनफील्ड एक्सपैंशन के जरिए 20000 मेगावॉट का टारगेट है। अनिल अग्रवाल ने कहा कि कंपनी के पास फुल कोल लिंकेज है और कोयले को एक टिकाऊ एनर्जी स्रोत बताया। चौथी कंपनी, एक आयरन और स्टील कंपनी है। अग्रवाल ने कहा कि ग्रुप फिलहाल अपने मेन प्लांट में 4 मिलियन टन का प्रॉडक्शन कर रहा है। साथ ही, गोवा में 1 मिलियन टन का प्रॉडक्शन हो रहा है। हमारा 15 मिलियन टन ग्रीन, इलेक्ट्रिक या स्पेशल स्टील प्रॉडक्शन का टारगेट है। उन्होंने कहा कि इतने प्रॉडक्शन को सपोर्ट करने के लिए कंपनी के पास कैप्टिव आयरन ओर और कोक सप्लाई है। वेदांता लिमिटेड के पास जिंक और क्रिटिकल मेटल बिजनेस रहेगा। इसके अलावा, कंपनी का हिन्दुस्तान जिंक में 65 पर्सेंट हिस्सा है।
वेदांता के हर 1 शेयर पर 4 शेयरों का तोहफा
वेदांता लिमिटेड (Vedanta Limited) के हर 1 शेयर पर शेयरधारकों को 4 कंपनियों के शेयर और मिले हैं। निवेशकों को वेदांता एल्युमीनियम मेटल, तलवंडी सोबो पावर (इसका नाम वेदांता पावर होगा), माल्को एनर्जी(इसका नाम वेदांता ऑयल एंड गैस होगा) और वेदांता आयरन एंड स्टील के 1-1 शेयर मिलेंगे। वेदांता लिमिटेड ने डीमर्जर की रिकॉर्ड डेट 1 मई तय की थी।
लेखक के बारे में
Vishnu Soniविष्णु सोनी लाइव हिन्दुस्तान में बिजनेस, गैजेट्स और ऑटो सेक्शन संभाल रहे हैं। वह दिसंबर 2020 से लाइव हिन्दुस्तान के साथ
हैं। वह शेयर बाजार, कॉरपोरेट, पर्सनल फाइनेंस, गैजेट्स और ऑटो की खबरें लिखते हैं। गैजेट्स और ऑटो रिव्यू में भी इनकी
दिलचस्पी है। बिजनेस से जुड़ी खबरों में विष्णु हमेशा इस बात पर फोकस करते हैं कि वह पाठकों के 'काम की बात' वाला एंगल
प्रमुखता से खबर में ला सकें, ताकि उनकी वित्तीय जागरूकता बढ़े। बिजनेस से जुड़ी खबरों में भाषा की सरलता और सहजता पर भी
विष्णु का ध्यान हमेशा रहा है।
पत्रकारिता में विष्णु को 20 साल पूरे होने को हैं। विष्णु के करियर का ज्यादातर हिस्सा बिजनेस जर्नलिज्म से जुड़ा रहा है।
वह दैनिक भास्कर, इकनॉमिक टाइम्स-हिंदी, अमर उजाला, नेटवर्क-18 और नवभारत टाइम्स ऑनलाइन में अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर
चुके हैं। विष्णु ने पत्रकारिता की पढ़ाई इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मॉस कम्युनिकेशन (IIMC), दिल्ली से की है। विष्णु, इलाहाबाद
विश्वविद्यालय के गोल्ड मेडलिस्ट हैं। GST को लेकर बनाए गए विष्णु के एक वीडियो को अवॉर्ड भी मिल चुका है। कुकिंग,
ट्रेवलिंग, क्रिकेट देखने और खेलने में इनको मजा आता है। अपने वक्त का एक हिस्सा विष्णु ऐसे शेयरों को 'खोजने' में लगाते
हैं, जो कि आगे चलकर अच्छा रिटर्न दें।


