90% फायदे के साथ बंपर लिस्टिंग, फिर रॉकेट सा उड़ गया शेयर, 628 गुना से ज्यादा लगा था दांव
मुख्य बातें
- वैन्स इलेक्ट्रोइंजीनियरिंग्स के शेयर BSE में 90% के प्रीमियम के साथ 224.20 रुपये पर लिस्ट हुए हैं
- लिस्टिंग के ठीक बाद कंपनी के शेयर 5 पर्सेंट और उछल गए
- IPO में कंपनी के शेयर का दाम 118 रुपये था

वैन्स इलेक्ट्रोइंजीनियरिंग्स की शेयर बाजार में धमाकेदार एंट्री हुई है। कंपनी के शेयरों ने पहले ही दिन निवेशकों को बंपर फायदा कराया है। वैन्स इलेक्ट्रोइंजीनियरिंग्स के शेयर बुधवार को BSE में 90 पर्सेंट के फायदे के साथ 224.20 रुपये पर लिस्ट हुए हैं। IPO में कंपनी के शेयर का दाम 118 रुपये था। इस छोटी कंपनी के आईपीओ का टोटल साइज 34 करोड़ रुपये तक का था, जिसमें 32 करोड़ रुपये तक का फ्रेश इश्यू था। कंपनी के आईपीओ में शेयरों का अलॉटमेंट 5 अक्टूबर 2026 को फाइनल हुआ था। कंपनी के आईपीओ को 628 गुना से ज्यादा सब्सक्रिप्शन मिला था।
शानदार लिस्टिंग के बाद और उछल गए कंपनी के शेयर
जबरदस्त लिस्टिंग के बाद वैन्स इलेक्ट्रोइंजीनियरिंग्स (Vans Electroengineerings) के शेयरों में और तेजी देखने को मिली है। लिस्टिंग के ठीक बाद कंपनी के शेयर 5 पर्सेंट और उछलकर 235.40 रुपये पर जा पहुंचे हैं। यानी, बाजार में उतरने के पहले ही दिन कंपनी के शेयर अपने आईपीओ प्राइस से 117.40 रुपये या 99.49% चढ़ गए हैं। आईपीओ में कंपनी के शेयर का दाम 118 रुपये था। कंपनी का मार्केट कैप बुधवार को 256 करोड़ रुपये के पार जा पहुंचा है। वैन्स इलेक्ट्रोइंजीनियरिंग्स का आईपीओ दांव लगाने के लिए 29 सितंबर को खुला था और यह 1 अक्टूबर तक ओपन रहा।
आईपीओ पर लगी 628 गुना से ज्यादा बोली
वैन्स इलेक्ट्रोइंजीनियरिंग्स के आईपीओ को टोटल 628.73 गुना सब्सक्रिप्शन मिला। कंपनी के आईपीओ में आम निवेशकों या इंडीविजुअल इनवेस्टर्स का कोटा 686.32 गुना सब्सक्राइब हुआ। वैन्स इलेक्ट्रोइंजीनियरिंग्स के आईपीओ में एंप्लॉयीज कैटेगरी में 0.95 गुना दांव लगा था। आईपीओ में गैर संस्थागत निवेशकों या नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) कैटेगरी में 1031.87 गुना दांव लगा। वहीं, क्वॉलीफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) का कोटा 281.65 गुना सब्सक्राइब हुआ। कंपनी के आईपीओ में आम निवेशक 2 लॉट के लिए ही दांव लगा सकते थे। आईपीओ की दो लॉट में 2400 शेयर थे।
क्या करती है वैन्स इलेक्ट्रोइंजीनियरिंग्स?
वैन्स इलेक्ट्रोइंजीनियरिंग्स (Vans Electroengineerings) की शुरुआत फरवरी 2022 में हुई है। कंपनी इंडियन रेलवे इलेक्ट्रिफिकेशन इंफ्रास्ट्रक्चर, मेट्रो सिस्टम्स और रिन्यूएबल एनर्जी एप्लीकेशंस में ट्रैक्शन पावर सप्लाई और ओवरहेड इक्विपमेंट सिस्टम्स में इस्तेमाल होने वाले कंपोनेंट्स की मैन्युफैक्चरिंग और सप्लाई करती है। कंपनी अपने प्रॉडक्ट्स प्राथमिक रूप से इंडियन रेलवे और रेलवे कॉन्ट्रैक्टर्स को सप्लाई करती है। आईपीओ से पहले कंपनी में प्रमोटर एंड प्रमोटर ग्रुप की हिस्सेदारी 90.75 पर्सेंट थी, जो कि अब 66.73 पर्सेंट रह गई है। वहीं, कंपनी में पब्लिक शेयरहोल्डिंग बढ़कर 33.27 पर्सेंट पहुंच गई है। कंपनी के प्रमोटर्स बालाकृष्णन श्रीनिवासन, विराज बंसल, अभिषेक सर्राफ, नितिन जैन, पूजा बंसल और हॉटस्पॉट इंफोडॉट प्राइवेट लिमिटेड हैं।

