दिवाली तक UPI पेमेंट पर नहीं लगेगा MDR चार्ज, NPCI ने टाला फैसला

लाइव हिन्दुस्तान
share

मुख्य बातें

  • UPI MDR Charge: त्योहारों के सीजन को देखते हुए मर्चेंट संगठनों, फिनटेक कंपनियों और पेमेंट सर्विस देने वाली कंपनियों ने NPCI से इस फैसले को टालने की मांग की थी
  • उनका कहना था कि दिवाली के दौरान खरीदारी बढ़ती है और ऐसे समय में नए चार्ज लागू होने से ग्राहकों और कारोबारियों पर असर पड़ सकता है

Finance Ministry says UPI Payments to Remain Free for Person to Person transactions
दिवाली के बाद लागू होगा UPI पर MDR चार्ज

UPI MDR Charge: नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) ने UPI पेमेंट पर मर्चेंट डिस्काउंट रेट (MDR) चार्ज लागू करने का फैसला दिवाली के बाद तक टाल दिया है। NPCI ने 13 अक्टूबर को जारी बयान में कहा कि चुनिंदा दुकानदारों को किए जाने वाले UPI पेमेंट पर यह चार्ज दिवाली के तुरंत बाद लागू किया जाएगा। हालांकि, इसकी नई तारीख का ऐलान बाद में किया जाएगा। बता दें कि पहले इसे इसी हफ्ते, गुरुवार से लागू करने की तैयारी थी।

क्यों टाल दिया गया फैसला

UPI पर MDR चार्ज लगाने का फैसला दिवाली तक टालने की सबसे बड़ी वजह त्योहारों के दौरान ग्राहकों और कारोबारियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ने की चिंता थी। दिवाली के समय खरीदारी बढ़ जाती है, ऐसे में नए चार्ज लागू करने से कारोबारियों की लागत बढ़ सकती थी और इसका असर ग्राहकों पर भी पड़ने की चिंता जताई गई। इसके अलावा, मर्चेंट संगठनों, फिनटेक कंपनियों और पेमेंट कंपनियों ने भी इस फैसले को टालने की मांग की थी। उनका कहना था कि MDR की अलग-अलग दरों और नियमों को लेकर अभी स्पष्टता की जरूरत है। कुछ कारोबारियों को यह डर भी था कि ऐडिशनल कॉस्ट के कारण दुकानदार UPI के बजाय कैश लेने को प्रायोरिटी दे सकते हैं। पेमेंट कंपनियों को भी अपने सिस्टम में बदलाव करने के लिए समय चाहिए था। UPI पर MDR चार्ज लगाने के फैसले को दिवाली तक टाल दिया गया है, लेकिन इसे लेकर लोगों के मन में कई सवाल हैं।आइए आसान भाषा में जानते हैं इन सवालों के जवाब--

दिवाली के बाद कब लागू होगा नया चार्ज?

NPCI के मुताबिक, UPI पर MDR चार्ज दिवाली के तुरंत बाद लागू किया जाएगा। हालांकि, इसे किस तारीख से शुरू किया जाएगा, इसकी आधिकारिक घोषणा अभी नहीं की गई है। नई तारीख अलग से बताई जाएगी। हालांकि, मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह चार्ज नवंबर के दूसरे हफ्ते में लागू हो सकता है, लेकिन NPCI ने अभी तक इसकी पक्की तारीख घोषित नहीं की है।

2,000 रुपये से ज्यादा UPI पेमेंट पर क्या लगेगा चार्ज?

NPCI के प्रस्ताव के मुताबिक, 2,000 रुपये से ज्यादा के चुनिंदा मर्चेंट UPI पेमेंट पर 0.4% MDR चार्ज लगाया जाना है। इसे आप इस तरह समझ सकते हैं-- अगर आप किसी दुकान पर 10,000 रुपये का पेमेंट करते हैं, तो इस हिसाब से 40 रुपये का चार्ज बनेगा। वहीं, 2,000 रुपये के पेमेंट पर 8 रुपये चार्ज बनता है। हालांकि, यह चार्ज सभी तरह के UPI पेमेंट पर लागू नहीं होगा। इसे दिवाली के बाद लागू करने का फैसला किया गया है और नई तारीख का ऐलान अलग से होगा।

गूगल पे, फोनपे और पेटीएम यूजर्स को देना होगा पैसा?

नहीं, इन ऐप्स से पेमेंट करने वाले ग्राहकों को सीधे MDR चार्ज देने की जरूरत नहीं होनी चाहिए। यह शुल्क दुकानदारों से डिजिटल पेमेंट प्रोसेस करने के बदले लिया जाता है। यानी आप गूगल पे, फोनपे या पेटीएम से पेमेंट करते हैं, तो सिर्फ ऐप इस्तेमाल करने की वजह से आप पर यह चार्ज नहीं लगेगा।

UPI MDR का चार्ज ग्राहक देगा या दुकानदार?

MDR चार्ज दुकानदार से लिया जाता है, ग्राहक से सीधे नहीं। हालांकि, चिंता यह है कि कुछ दुकानदार अपनी बढ़ी हुई लागत की भरपाई के लिए ग्राहकों से ज्यादा पैसे मांग सकते हैं। सरकार ने बैंकों से यह सुनिश्चित करने को कहा है कि MDR का बोझ ग्राहकों पर न डाला जाए।

क्या पर्सनल UPI ट्रांसफर पर भी लगेगा चार्ज?

नहीं, किसी दोस्त, रिश्तेदार या परिवार के मेंबर को UPI से पैसे भेजने पर इस प्रस्ताव के तहत MDR चार्ज नहीं लगेगा। यह व्यवस्था चुनिंदा दुकानदारों को किए जाने वाले पेमेंट के लिए है। यानी सामान्य पर्सनल UPI ट्रांसफर पहले की तरह मुफ्त रहेगा।

Varsha Pathak

लेखक के बारे में

Varsha Pathak

वर्षा पाठक लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर के पद पर कार्यरत हैं और पिछले 4 सालों से इस संस्थान से जुड़ी हुई हैं। मीडिया इंडस्ट्री में उन्हें लगभग 8 साल का अनुभव है। उन्होंने जामिया मिलिया इस्लामिया, नई दिल्ली से पत्रकारिता में डिप्लोमा किया है। बिहार की रहने वाली वर्षा वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान के बिजनेस सेक्शन के लिए खबरें लिखती हैं। उन्हें स्टॉक मार्केट, पर्सनल फाइनेंस, यूटिलिटी, टैक्स, बजट, एक्सप्लेनर, इंटरव्यूज और कॉरपोरेट सेक्टर से जुड़ी खबरों की समझ है। जटिल आर्थिक विषयों को सरल, तथ्यात्मक और पाठकों के लिए उपयोगी भाषा में प्रस्तुत करना उनकी लेखन शैली की विशेषता है। हिन्दुस्तान से पहले वर्षा दैनिक भास्कर (प्रिंट), मनी भास्कर और नेटवर्क18 जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम कर चुकी हैं। उन्हें फील्ड रिपोर्टिंग का अनुभव भी है। डिजिटल पत्रकारिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए वर्षा को मनी भास्कर में सबसे अधिक UVs-PVs का पुरस्कार मिल चुका है। इसके अलावा, लाइव हिन्दुस्तान में भी वर्षा का टॉप परफॉर्मेंस रहा है और इसके लिए पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है।

और पढ़ें
बिजनेस न्यूज, आज के पेट्रोल और डीजल के दाम, शेयर बाजार की ताज़ा खबरें, आईटीआर न्यूज से जुड़ी जरूरी जानकारी पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi Newsबिज़नेस न्यूज़दिवाली तक UPI पेमेंट पर नहीं लगेगा MDR चार्ज, NPCI ने टाला फैसला