अल्ट्राटेक सीमेंट के प्रमोटर कंपनी ने बेचे 25 लाख शेयर, कई दिग्गज बने खरीदार
मुख्य बातें
- पिलानी इन्वेस्टमेंट एंड इंडस्ट्रीज कॉरपोरेशन लिमिटेड ने अल्ट्राटेक सीमेंट लिमिटेड के 25 लाख इक्विटी शेयर बेचे, जो कंपनी में 0.85 प्रतिशत हिस्सेदारी के बराबर हैं

UltraTech deal: अल्ट्राटेक सीमेंट की प्रमोटर कंपनियों में शामिल पिलानी इन्वेस्टमेंट एंड इंडस्ट्रीज कॉरपोरेशन ने ओपन मार्केट में ट्रांजैक्शन के जरिये देश करीब एक प्रतिशत हिस्सेदारी बेची। इस डील के जरिये कंपनी ने 2,896 करोड़ रुपये जुटाए। बीएसई के थोक सौदों के आंकड़ों के अनुसार पिलानी इन्वेस्टमेंट एंड इंडस्ट्रीज कॉरपोरेशन लिमिटेड ने अल्ट्राटेक सीमेंट लिमिटेड के 25 लाख इक्विटी शेयर बेचे, जो कंपनी में 0.85 प्रतिशत हिस्सेदारी के बराबर हैं। ये शेयर 18 चरणों में औसतन 11,585 रुपये प्रति शेयर के भाव पर बेचे गए। इस तरह डील का कुल मूल्य 2,896.25 करोड़ रुपये रहा। इस डील के बीच बीएसई में अल्ट्राटेक सीमेंट का शेयर करीब एक प्रतिशत टूटकर 11,750 रुपये प्रति शेयर पर बंद हुआ।
अब कितनी है हिस्सेदारी
हिस्सेदारी बिक्री के बाद पिलानी इन्वेस्टमेंट एंड इंडस्ट्रीज कॉरपोरेशन की अल्ट्राटेक सीमेंट में हिस्सेदारी घटकर करीब एक प्रतिशत रह गई है, जो पहले 1.5 प्रतिशत थी। वहीं, प्रमोटर और प्रमोटर समूह की कुल हिस्सेदारी 59.33 प्रतिशत से घटकर 58.49 प्रतिशत रह गई है। इस डील में कई घरेलू संस्थागत निवेशकों ने हिस्सा लिया। इनमें एचडीएफसी म्यूचुअल फंड, आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल म्यूचुअल फंड, कोटक महिंद्रा म्यूचुअल फंड, नेशनल पेंशन इंश्योरेंस फंड, आदित्य बिड़ला सन लाइफ म्यूचुअल फंड और केनरा एचएसबीसी ओरिएंटल बैंक ऑफ कॉमर्स लाइफ इंश्योरेंस शामिल हैं। वहीं, विदेशी निवेशकों में जेपी मॉर्गन और नॉर्वे के सरकारी पेंशन फंड ग्लोबल ने भी शेयर खरीदे।
यह हिस्सेदारी बिक्री अल्ट्राटेक सीमेंट द्वारा सोलारिस होराइजन एनर्जी में 26 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदने के लिए समझौते की घोषणा के एक दिन बाद हुई है। सोलारिस होराइजन एनर्जी नवीकरणीय ऊर्जा उत्पादन और पारेषण क्षेत्र में काम करती है।
कैसे रहे तिमाही नतीजे?
अल्ट्राटेक ने वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही में 24,465 करोड़ रुपये का कंसोलिडेटेड रेवेन्यू, 5146 करोड़ रुपये का EBITDA और 2604 करोड़ रुपये का प्रॉफिट आफ्टर टैक्स दर्ज किया। कंसोलिडेटेड सीमेंट वॉल्यूम सालाना आधार पर 12.2% बढ़कर 41.31 मिलियन टन हो गया जबकि कैपेसिटी यूटिलाइजेशन बढ़कर 81% हो गया।
अल्ट्राटेक के घरेलू ग्रे सीमेंट की बिक्री से होने वाली कमाई FY26 की पहली तिमाही के ₹5,163 प्रति टन से बढ़कर FY27 की पहली तिमाही में ₹5,218 प्रति टन हो गई। ईंधन की लागत ₹874 प्रति टन से बढ़कर ₹915 प्रति टन हो गई।
क्या कहना है मैनेजमेंट का?
अल्ट्राटेक सीमेंट के चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर अतुल डागा के मुताबिक हर तिमाही में हमारे लिए सबसे अहम बात डिमांड रही है। अगर डिमांड अच्छी हो, तो सब कुछ ठीक हो जाता है। मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि फाइनेंशियल ईयर 2027 की पहली तिमाही ने इस बात को पूरी तरह से साबित कर दिया है। अल्ट्राटेक के मैनेजमेंट का कहना है कि वित्त वर्ष 2027 की दूसरी तिमाही अभी भविष्य की बात है। मैनेजमेंट को उम्मीद है कि जुलाई-सितंबर तिमाही पर वेस्ट एशिया में आई रुकावट और मॉनसून का पूरा असर दिखेगा।


