
आधार कार्ड की फोटोकॉपी का दुरुपयोग रोकने के लिए UIDAI करने जा रहा बड़ा उपाय
संक्षेप: Aadhaar Updates: आधार अधिनियम किसी भी प्रकार के ऑफलाइन सत्यापन के लिए किसी व्यक्ति के आधार नंबर या बायोमेट्रिक जानकारी के कलेक्शन, यूज या स्टोर पर रोक लगाता है। इसके बावजूद कई संस्थान आधार कार्ड की फोटोकॉपी लेते हैं और संरक्षित करते रहते हैं।
Aadhaar Updates: भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) आधार धारक के डेटा के दुरुपयोग को रोकने और ऑफलाइन सत्यापन को हतोत्साहित करने के लिए ऐसा आधार कार्ड जारी करने पर विचार कर रहा है, जिसमें केवल धारक की फोटो और एक क्यूआर कोड हो। इसे 1 दिसंबर को आधार प्राधिकरण के समक्ष रखा जाएगा।

आधार के लिए एक नए ऐप पर आयोजित एक खुले ऑनलाइन सम्मेलन में प्राधिकरण के सीईओ भुवनेश कुमार ने कहा कि दिसंबर में नया नियम लाने पर विचार हो रहा है, जिसका उद्देश्य होटलों, इवेंट आयोजकों आदि जैसे संस्थानों द्वारा ऑफलाइन सत्यापन को हतोत्साहित करना और उम्र सत्यापन प्रक्रिया को बेहतर बनाना है, साथ ही आधारधारकों की गोपनीयता सुनिश्चित करना है।
कुमार ने कहा, ‘एक विचार यह है कि कार्ड पर किसी भी प्रकार का विवरण क्यों होना चाहिए? उस पर केवल फोटो और क्यूआर कोड होना चाहिए। यदि हम प्रिंटेड जानकारी देते रहेंगे, तो लोग उसी को मान लेंगे। जो लोग इसका दुरुपयोग करना जानते हैं, वे करते रहेंगे।’
आधार अधिनियम किसी भी प्रकार के ऑफलाइन सत्यापन के लिए किसी व्यक्ति के आधार नंबर या बायोमेट्रिक जानकारी के कलेक्शन, यूज या स्टोर पर रोक लगाता है। इसके बावजूद कई संस्थान आधार कार्ड की फोटोकॉपी लेते हैं और संरक्षित करते रहते हैं। कुमार ने कहा कि एक विधायी मसौदा तैयार किया जा रहा है, जिसे 1 दिसंबर को आधार प्राधिकरण के समक्ष रखा जाएगा।





