TVS ग्रुप का ₹967 करोड़ का बड़ा दांव! अब इस फाइनेंस कंपनी पर पूरा कब्जा करेगा

लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
Follow us on Google News
share

मुख्य बातें

  • TVS होल्डिंग की सहायक कंपनी होम क्रेडिट इंडिया फाइनेंस ने ₹967 करोड़ में वर्धना फाइनेंस का 100% अधिग्रहण करने का फैसला किया है
  • RBI और अन्य नियामकीय मंजूरियों के बाद यह डील पूरी होगी
  • वर्धना शिक्षा क्षेत्र के स्कूलों, कॉलेजों और अन्य संस्थानों को लोन उपलब्ध कराती है
TVS

TVS ग्रुप ने अपने फाइनेंशियल सर्विसेज कारोबार को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है। TVS होल्डिंग्स की सहायक कंपनी होम क्रेडिट इंडिया फाइनेंस (Home Credit India Finance Pvt Ltd) ने शिक्षा क्षेत्र को लोन देने वाली गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनी (NBFC) वर्धना फाइनेंस का 100% अधिग्रहण करने का फैसला किया है। इस डील की कुल कीमत ₹967 करोड़ रखी गई है। हालांकि, यह डील भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) और अन्य नियामकीय मंजूरियों के बाद ही पूरा होगा। मंजूरी मिलने के बाद वर्धना फाइनेंस (Varthana Finance), होम क्रेडिट इंडिया (Home Credit India) की पूर्ण स्वामित्व वाली कंपनी बन जाएगी और अप्रत्यक्ष रूप से TVS होल्डिंग्स का हिस्सा होगी।

इस अधिग्रहण के जरिए TVS ग्रुप अब शिक्षा क्षेत्र में लोन देने वाले तेजी से बढ़ते कारोबार में अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराना चाहता है। वर्धना फाइनेंस (Varthana Finance) देशभर के निजी स्कूलों, कॉलेजों, कोचिंग संस्थानों, व्यावसायिक प्रशिक्षण केंद्रों और अन्य शैक्षणिक संस्थानों को वित्तीय सहायता उपलब्ध कराती है। ऐसे समय में जब भारत में शिक्षा क्षेत्र लगातार विस्तार कर रहा है और निजी संस्थानों की संख्या बढ़ रही है, यह कारोबार भविष्य में काफी संभावनाओं वाला माना जा रहा है।

वर्धना फाइनेंस (Varthana Finance) पहले तिरुमेनी फाइनेंस प्राइवेट लिमिटेड के नाम से जानी जाती थी। कंपनी लंबे समय से शिक्षा संस्थानों को विशेष रूप से लोन उपलब्ध कराने के क्षेत्र में काम कर रही है। वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी ने ₹398.31 करोड़ का कारोबार, ₹18.65 करोड़ का शुद्ध मुनाफा (PAT) और ₹574.23 करोड़ की नेटवर्थ दर्ज की। इन आंकड़ों से साफ है कि कंपनी ने शिक्षा वित्त (Education Finance) के क्षेत्र में अपनी मजबूत पहचान बनाई है।

TVS होल्डिंग्स ने बताया कि इस अधिग्रहण का उद्देश्य उसके फाइनेंशियल सर्विसेज पोर्टफोलियो का विस्तार करना है। फिलहाल, कंपनी अलग-अलग वित्तीय सेवाओं में अपनी मौजूदगी बढ़ा रही है और वर्धना का बिजनेस इस रणनीति को और मजबूत करेगा। खास बात यह है कि यह कोई संबंधित पक्ष (Related Party) ट्रांजैक्शन नहीं है और TVS ग्रुप के प्रमोटर या ग्रुप कंपनियों की वर्धना में पहले से कोई हिस्सेदारी नहीं है।

TVS मोटर कंपनी के चेयरमैन सुदर्शन वेणु ने कहा कि भारत का फाइनेंशियल सर्विस सेक्टर आने वाले वर्षों में तेजी से बढ़ने वाला है। देश में क्रेडिट की मांग बढ़ रही है और विशेष क्षेत्रों के लिए फाइनेंसिंग की जरूरत भी लगातार बढ़ रही है। उनके मुताबिक वर्धना ने शिक्षा वित्त के क्षेत्र में मजबूत विशेषज्ञता और भरोसेमंद पहचान बनाई है। इस अधिग्रहण से TVS ग्रुप सुरक्षित (Secured) और लंबी अवधि (Long-tenure) वाले लोन सेगमेंट में अपनी हिस्सेदारी बढ़ा सकेगा।


वहीं वर्धना के वाइस चेयरमैन स्टीव हार्डग्रेव ने कहा कि TVS जैसे प्रतिष्ठित समूह के साथ जुड़ना कंपनी के लिए बड़ा अवसर है। TVS की मजबूत ब्रांड वैल्यू, संसाधन और संचालन क्षमता वर्धना को देशभर में अपनी पहुंच बढ़ाने और अगले चरण की ग्रोथ हासिल करने में मदद करेगी।

यह पूरी डील नकद भुगतान (Cash Consideration) के जरिए किया जाएगा और सभी नियामकीय मंजूरियां मिलने के बाद अगले 9 महीनों के अंदर इसे पूरा किए जाने की उम्मीद है। बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि यह अधिग्रहण TVS होल्डिंग्स के लिए केवल एक नई कंपनी खरीदने का मामला नहीं है, बल्कि तेजी से बढ़ रहे शिक्षा वित्त बाजार में मजबूत पकड़ बनाने की रणनीतिक पहल भी है। आने वाले समय में यह डील कंपनी के फाइनेंशियल सर्विसेज कारोबार को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा सकती है।

Sarveshwar Pathak

लेखक के बारे में

Sarveshwar Pathak

सर्वेश्वर पाठक अक्टूबर 2022 से ‘लाइव हिंदुस्तान’ में सीनियर कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में बिजनेस और ऑटो सेक्शन के लिए काम कर रहे हैं। सर्वेश्वर बिजनेस और ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री की खबरों, रिव्यू और गहराई से किए गए एनालिसिस के लिए जाने जाते हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में उन्हें 7 साल से अधिक का अनुभव है, जिसमें उन्होंने अपनी मजबूत पकड़ और समझ के जरिए एक अलग पहचान बनाई है। उन्होंने देव संस्कृति विश्वविद्यालय, हरिद्वार से पत्रकारिता में मास्टर डिग्री हासिल की और वर्ष 2019 में ईटीवी भारत के साथ अपने करियर की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने दैनिक जागरण और एडिटरजी जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम किया, जहां उन्होंने अपनी लेखन शैली और विश्लेषण क्षमता को और निखारा।

उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर से आने वाले सर्वेश्वर केवल एक पत्रकार ही नहीं, बल्कि सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय भागीदारी निभाते हैं। उन्हें बाल शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और जागरूकता से जुड़े अभियानों में विशेष रुचि है। अपने विश्वविद्यालय के दिनों में उन्होंने महाराष्ट्र के गोंदिया में दो महीने से अधिक समय तक सोशल वेलफेयर से जुड़े कार्य किए, जहां उन्होंने कई स्कूलों और विश्वविद्यालयों के छात्रों को उच्च शिक्षा के प्रति प्रेरित किया। लेखन के अलावा सर्वेश्वर को बचपन से ही क्रिकेट खेलने और डांस का शौक है, जो उनके व्यक्तित्व को संतुलित और ऊर्जावान बनाता है। उनका उद्देश्य सिर्फ खबरें लिखना ही नहीं, बल्कि लोगों को जागरूक और प्रेरित करना भी है।

और पढ़ें
बिजनेस न्यूज, आज के पेट्रोल और डीजल के दाम, शेयर बाजार की ताज़ा खबरें, आईटीआर न्यूज से जुड़ी जरूरी जानकारी पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।