पहली बार मुनाफे में आई ये कंपनी, 1 ही दिन में 13% चढ़ गए शेयर; निवेशकों में मची खरीदने की होड़

लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
Follow us on Google News
share

मुख्य बातें

  • टर्टलमिंट फिनटेक सॉल्यूशंस के शेयर Q4 FY26 के शानदार नतीजों के बाद 13% तक उछलकर रिकॉर्ड हाई पर पहुंच गए
  • कंपनी ने पहली बार तिमाही स्तर पर 3.1 करोड़ रुपये का मुनाफा दर्ज किया, जबकि रेवेन्यू 42% बढ़कर 357.2 करोड़ रुपये हो गया
  • पूरे FY26 में कंपनी की आय 57% बढ़ी है
turtlemint fintech
Q4 FY26 के शानदार नतीजों के बाद रिकॉर्ड हाई पर पहुंचा टर्टलमिंट फिनटेक का शेयर।

शेयर बाजार में सोमवार को एक ऐसा स्टॉक चर्चा का केंद्र बन गया, जिसने अपने मजबूत नतीजों के दम पर निवेशकों को खुश कर दिया। फिनटेक और डिजिटल इंश्योरेंस प्लेटफॉर्म टर्टलमिंट फिनटेक सॉल्यूशंस (Turtlemint Fintech Solutions) के शेयरों में जबरदस्त तेजी देखने को मिली। कंपनी के मार्च 2026 तिमाही (Q4 FY26) के शानदार नतीजों के बाद शेयर करीब 13% तक उछलकर 154.30 रुपये के नए रिकॉर्ड हाई पर पहुंच गया। हालांकि, बाद में इसमें थोड़ी मुनाफावसूली हुई, लेकिन शेयर फिर भी बढ़त के साथ कारोबार करता रहा। ऐसे समय में जब व्यापक बाजार दबाव में था और निफ्टी गिरावट के साथ ट्रेड कर रहा था, टर्टलमिंट का प्रदर्शन निवेशकों का ध्यान अपनी ओर खींचने में सफल रहा।

कंपनी का तिमाही नतीजा

कंपनी के तिमाही नतीजों पर नजर डालें तो वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही में ऑपरेशन से होने वाला राजस्व (Revenue) बढ़कर 357.2 करोड़ रुपये पहुंच गया, जो पिछले साल की समान अवधि के 251.6 करोड़ रुपये के मुकाबले करीब 42% अधिक है। केवल बिक्री ही नहीं, बल्कि कंपनी की कमाई के दूसरे प्रमुख संकेतक भी मजबूत रहे। सर्विस EBITDA 37.6 करोड़ रुपये से बढ़कर 60.1 करोड़ रुपये हो गया, यानी इसमें करीब 60% की बढ़ोतरी दर्ज की गई। वहीं एडजस्टेड EBITDA, जो पिछले साल 33.5 करोड़ रुपये के घाटे में था, इस बार 2.9 करोड़ रुपये के मुनाफे में पहुंच गया।

सबसे बड़ी उपलब्धि यह रही कि टर्टलमिंट ने अपने इतिहास में पहली बार तिमाही स्तर पर मुनाफा दर्ज किया। कंपनी का प्रॉफिट आफ्टर टैक्स (PAT) करीब 3.1 करोड़ रुपये रहा, जबकि पिछले साल इसी अवधि में उसे 39.4 करोड़ रुपये का घाटा हुआ था। किसी भी ग्रोथ स्टार्टअप के लिए घाटे से निकलकर मुनाफे में आना एक बड़ा पड़ाव माना जाता है और यही वजह रही कि निवेशकों ने इस खबर का जोरदार स्वागत किया।

अगर पूरे वित्त वर्ष 2025-26 की बात करें तो कंपनी की तस्वीर और भी मजबूत दिखाई देती है। पूरे साल में कंपनी का राजस्व 700.3 करोड़ रुपये से बढ़कर 1,098.3 करोड़ रुपये हो गया, यानी 57% की सालाना वृद्धि दर्ज हुई। सर्विस EBITDA भी 83.2 करोड़ रुपये से बढ़कर 141.6 करोड़ रुपये हो गया। हालांकि, पूरे साल के स्तर पर कंपनी अभी भी 184.3 करोड़ रुपये के घाटे में है, लेकिन यह घाटा पिछले साल के 202.6 करोड़ रुपये की तुलना में कम हुआ है, यानी कंपनी लगातार लाभप्रदता की दिशा में आगे बढ़ रही है।

कंपनी के बिजनेस विस्तार के आंकड़े भी काफी उत्साहजनक हैं। वित्त वर्ष 2026 के दौरान टर्टलमिंट ने 1.1 लाख से ज्यादा नए डिजिटल पार्टनर जोड़े। अब कंपनी के साथ जुड़े डिजिटल पार्टनर्स की संख्या 6.5 लाख से अधिक हो चुकी है। इसके अलावा कंपनी का प्लेटफॉर्म प्रीमियम 31% बढ़कर 3,868 करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जबकि रिन्यूअल रेवेन्यू में 51% की वृद्धि दर्ज की गई। कंपनी की पहुंच अब 46 बीमा कंपनियों, 19,000 से ज्यादा पिन कोड और लाखों ग्राहकों तक हो चुकी है।

कंपनी के चेयरमैन ने क्या कहा?

कंपनी के चेयरमैन, मैनेजिंग डायरेक्टर और CEO धीरेंद्र मह्यावंशी ने कहा कि यह शानदार प्रदर्शन कंपनी के मजबूत डिजिटल डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क और बिजनेस मॉडल का नतीजा है। उन्होंने कहा कि अब कंपनी एक सूचीबद्ध (लिस्टेड) कंपनी के रूप में अपने अगले विकास चरण की शुरुआत कर रही है। वहीं COO आनंद प्रभुदेसाई ने बताया कि कंपनी भविष्य में AI और नई टेक्नोलॉजी में निवेश बढ़ाएगी, ताकि डिजिटल पार्टनर्स को और बेहतर सेवाएं मिल सकें तथा ग्राहकों का अनुभव और मजबूत बनाया जा सके।

एक्सपर्ट का मानना है कि अगर कंपनी आने वाली तिमाहियों में भी इसी तरह राजस्व वृद्धि और मुनाफे का सिलसिला जारी रखती है, तो निवेशकों की रुचि इसमें बनी रह सकती है। हालांकि, किसी भी शेयर में निवेश करने से पहले उसके वैल्यूएशन, जोखिम और अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लेनी चाहिए। फिलहाल, टर्टलमिंट ने अपने मजबूत नतीजों से यह जरूर साबित कर दिया है कि वह भारतीय फिनटेक और डिजिटल इंश्योरेंस बाजार में तेजी से अपनी मजबूत पहचान बना रही है।

Sarveshwar Pathak

लेखक के बारे में

Sarveshwar Pathak

सर्वेश्वर पाठक अक्टूबर 2022 से ‘लाइव हिंदुस्तान’ में सीनियर कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में बिजनेस और ऑटो सेक्शन के लिए काम कर रहे हैं। सर्वेश्वर बिजनेस और ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री की खबरों, रिव्यू और गहराई से किए गए एनालिसिस के लिए जाने जाते हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में उन्हें 7 साल से अधिक का अनुभव है, जिसमें उन्होंने अपनी मजबूत पकड़ और समझ के जरिए एक अलग पहचान बनाई है। उन्होंने देव संस्कृति विश्वविद्यालय, हरिद्वार से पत्रकारिता में मास्टर डिग्री हासिल की और वर्ष 2019 में ईटीवी भारत के साथ अपने करियर की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने दैनिक जागरण और एडिटरजी जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम किया, जहां उन्होंने अपनी लेखन शैली और विश्लेषण क्षमता को और निखारा।

उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर से आने वाले सर्वेश्वर केवल एक पत्रकार ही नहीं, बल्कि सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय भागीदारी निभाते हैं। उन्हें बाल शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और जागरूकता से जुड़े अभियानों में विशेष रुचि है। अपने विश्वविद्यालय के दिनों में उन्होंने महाराष्ट्र के गोंदिया में दो महीने से अधिक समय तक सोशल वेलफेयर से जुड़े कार्य किए, जहां उन्होंने कई स्कूलों और विश्वविद्यालयों के छात्रों को उच्च शिक्षा के प्रति प्रेरित किया। लेखन के अलावा सर्वेश्वर को बचपन से ही क्रिकेट खेलने और डांस का शौक है, जो उनके व्यक्तित्व को संतुलित और ऊर्जावान बनाता है। उनका उद्देश्य सिर्फ खबरें लिखना ही नहीं, बल्कि लोगों को जागरूक और प्रेरित करना भी है।

और पढ़ें
बिजनेस न्यूज, आज के पेट्रोल और डीजल के दाम, शेयर बाजार की ताज़ा खबरें, आईटीआर न्यूज से जुड़ी जरूरी जानकारी पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।