टाटा के इस शेयर ने किया मालामाल, 1 लाख रुपये के बना दिए 1 करोड़ रुपये से ज्यादा
टाटा ग्रुप की दिग्गज कंपनी टाइटन ने 20 साल में 1 लाख रुपये के निवेश को 1 करोड़ रुपये से ज्यादा बना दिया है। टाइटन के शेयरों में पिछले 20 साल में 11000 पर्सेंट से ज्यादा की तूफानी तेजी आई है।
टाटा ग्रुप की कंपनी टाइटन ने लंबी अवधि का नजरिया रखने वाले शेयरधारकों को छप्परफाड़ रिटर्न दिया है। टाइटन ने उन निवेशकों को मालामाल कर दिया है, जिन्होंने 20 साल पहले कंपनी के शेयरों पर अपना दांव लगाया और अपने निवेश को बनाए रखा है। टाइटन ने 20 साल में 1 लाख रुपये के निवेश को 1 करोड़ रुपये से ज्यादा बना दिया है। टाइटन के शेयरों में पिछले 20 साल में 11000 पर्सेंट से ज्यादा की तूफानी तेजी आई है।
1 लाख रुपये को बना दिया 1 करोड़ रुपये से ज्यादा
टाटा ग्रुप की कंपनी टाइटन के शेयर 13 जनवरी 2006 को 35.70 रुपये पर थे। कंपनी के शेयर 9 जनवरी 2026 को BSE में 4203 रुपये पर बंद हुए हैं। पिछले 20 साल में कंपनी के शेयरों में 11677 पर्सेंट की तेजी आई है। अगर किसी व्यक्ति ने 13 जनवरी 2006 को टाइटन के शेयरों में 1 लाख रुपये लगाए होते और अब तक अपने निवेश को बनाए रखा होता तो 1 लाख रुपये से खरीदे गए टाइटन के शेयरों की मौजूदा वैल्यू 1.17 करोड़ रुपये होती। हमने अपने कैलकुलेशन में टाइटन की तरफ से दिए गए बोनस शेयर, स्टॉक स्प्लिट और डिविडेंड को शामिल नहीं किया है।
10 साल में 1152% उछले हैं टाइटन के शेयर
टाइटन (Titan) के शेयर पिछले 10 साल में 1152 पर्सेंट चढ़ गए हैं। टाटा ग्रुप की इस दिग्गज कंपनी के शेयर 15 जनवरी 2016 को 335.85 रुपये पर थे। टाइटन के शेयर 9 जनवरी 2026 को 4203 रुपये पर बंद हुए हैं। पिछले पांच साल में टाइटन के शेयरों में 171 पर्सेंट से अधिक का उछाल आया है। पिछले एक साल में टाइटन के शेयर करीब 21 पर्सेंट चढ़ गए हैं। वहीं, पिछले 6 महीने में कंपनी के शेयरों में 22 पर्सेंट से अधिक की तेजी आई है। टाइटन के शेयरों का 52 हफ्ते का हाई लेवल 4312 रुपये है। वहीं, कंपनी के शेयरों का 52 हफ्ते का लो लेवल 2,947.55 रुपये है।
बोनस शेयर बांट चुकी है कंपनी
टाटा ग्रुप की कंपनी टाइटन अपने शेयरधारकों को बोनस शेयर का तोहफा दे चुकी है। साथ ही, अपने शेयर का भी बंटवारा (स्टॉक स्प्लिट) कर चुकी है। टाइटन ने जून 2011 में अपने निवेशकों को 1:1 के रेशियो में बोनस शेयर दिए। यानी, कंपनी ने हर शेयर पर 1 बोनस शेयर बांटा। टाइटन ने जून 2011 में ही अपने शेयर का बंटवारा किया। कंपनी ने अपने शेयर को 10 टुकड़ों में बांटा था। कंपनी ने 10 रुपये फेस वैल्यू वाले अपने शेयर को 1-1 रुपये फेस वैल्यू वाले 10 शेयरों में बांटा था।

लेखक के बारे में
Vishnu Soniविष्णु सोनी लाइव हिन्दुस्तान में बिजनेस, गैजेट्स और ऑटो सेक्शन संभाल रहे हैं। वह दिसंबर 2020 से लाइव हिन्दुस्तान के साथ हैं। वह स्टॉक मार्केट, कॉरपोरेट, पर्सनल फाइनेंस, गैजेट्स और ऑटो की खबरें लिखते हैं। पत्रकारिता में विष्णु को 20 साल पूरे होने को हैं। विष्णु के करियर का ज्यादातर हिस्सा बिजनेस जर्नलिज्म से जुड़ा रहा है। वह दैनिक भास्कर, इकनॉमिक टाइम्स-हिंदी, अमर उजाला, नेटवर्क-18 और नवभारत टाइम्स ऑनलाइन में अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। विष्णु ने पत्रकारिता की पढ़ाई इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मॉस कम्युनिकेशन (IIMC), दिल्ली से की है। विष्णु, इलाहाबाद विश्वविद्यालय के गोल्ड मेडलिस्ट हैं। GST को लेकर बनाए गए विष्णु के एक वीडियो को अवॉर्ड भी मिल चुका है।
और पढ़ें



