
43% उछला टाटा की कंपनी का मुनाफा, रेखा झुनझुनवाला के पास भी हैं कंपनी के शेयर
कंपनी का EBITDA (ब्याज, कर और मूल्यह्रास से पहले की आय) 43% की वृद्धि के साथ ₹1,620 करोड़ दर्ज किया गया। कंपनी का ऑपरेटिंग मार्जिन भी पिछले साल के 8.6% से बढ़कर 9.8% हो गया। हालांकि, यह अभी भी बाजार की उम्मीदों के 11% स्तर से थोड़ा कम रहा।
Titan Company Ltd Q2: टाटा समूह की कंपनी टाइटन कंपनी लिमिटेड ने वित्त वर्ष 2025-26 की दूसरी तिमाही (Q2 FY26) के शानदार नतीजे जारी किए हैं। कंपनी का शुद्ध मुनाफा 42.7% बढ़कर ₹1,006 करोड़ पहुंच गया, जो पिछले साल की समान तिमाही में ₹705 करोड़ था। टाइटन की कुल आय साल-दर-साल आधार पर 25.1% बढ़कर ₹16,534 करोड़ पर पहुंच गई, जो बाजार अनुमानों (₹15,060 करोड़) से कहीं अधिक रही। वहीं, कंपनी का EBITDA (ब्याज, कर और मूल्यह्रास से पहले की आय) 43% की वृद्धि के साथ ₹1,620 करोड़ दर्ज किया गया। कंपनी का ऑपरेटिंग मार्जिन भी पिछले साल के 8.6% से बढ़कर 9.8% हो गया। हालांकि, यह अभी भी बाजार की उम्मीदों के 11% स्तर से थोड़ा कम रहा। बता दें कि नवीनतम शेयरधारिता आंकड़ों के अनुसार, रेखा झुनझुनवाला ने टाइटन कंपनी में अपनी हिस्सेदारी 5.30 प्रतिशत कर ली है।

ज्वेलरी बिजनेस बना मुख्य आधार
टाइटन का ज्वेलरी डिवीजन कंपनी के कुल प्रदर्शन का मुख्य स्तंभ साबित हुआ। इस खंड की बिक्री 21% बढ़कर ₹14,092 करोड़ रही (इसमें बुलियन और DigiGold को शामिल नहीं किया गया है)। कंपनी ने कहा कि सोने की ऊंची कीमतों के बावजूद ग्राहकों की मांग मजबूत रही। सितंबर महीने में त्योहारी सीजन और नवरात्रि की शुरुआती खरीदारी ने बिक्री को और रफ्तार दी।
वॉचेज और वियरेबल्स सेगमेंट में भी तेजी
कंपनी के वॉचेज और वियरेबल्स सेगमेंट की बिक्री में भी 13% की बढ़ोतरी हुई और यह ₹1,477 करोड़ पर पहुंच गया। टाइटन ब्रांड के प्रीमियम प्रोडक्ट्स की मजबूत बिक्री ने इस वृद्धि में अहम योगदान दिया।
प्रबंधन का बयान
टाइटन कंपनी के प्रबंध निदेशक सी. के. वेंकटारमण (C.K. Venkataraman) ने कहा , 'त्योहारी सीजन की जल्दी शुरुआत और नवरात्रि के दौरान मजबूत मांग ने हमारी बिक्री को बड़ा सहारा दिया। खासकर ज्वेलरी कारोबार ने इस तिमाही में शानदार प्रदर्शन किया, जो उपभोक्ताओं के हमारे ब्रांड्स के प्रति लगातार भरोसे को दर्शाता है।'
अंतरराष्ट्रीय विस्तार की दिशा में कदम
कंपनी ने तिमाही के दौरान GCC (Gulf Cooperation Council) क्षेत्र की प्रमुख ज्वेलरी ब्रांड दमास ज्वेलरी कंट्रोलिंग हिस्सेदारी खरीदने की घोषणा की। यह अधिग्रहण टाइटन की अंतरराष्ट्रीय विस्तार रणनीति में एक अहम कदम माना जा रहा है।
शेयर बाजार में हल्की गिरावट
नतीजों की घोषणा से पहले शुक्रवार को टाइटन कंपनी लिमिटेड का शेयर 0.41% गिरकर ₹3,731.40 पर बंद हुआ। विश्लेषकों का मानना है कि मजबूत त्योहारी मांग और अंतरराष्ट्रीय विस्तार योजनाओं के चलते टाइटन का आने वाला वित्तीय वर्ष कंपनी के लिए और अधिक लाभकारी साबित हो सकता है।





