तिमाही नतीजे के बाद बिखरा यह शेयर, फिर भी एक्सपर्ट बोले- ₹200 तक जाएगा भाव
मुख्य बातें
- यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के शेयर करीब 3 पर्सेंट टूट गए और भाव 168.50 रुपये पर आ गया
- ब्रोकरेज HDFC सिक्योरिटीज ने यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के शेयर के लिए बाय रेटिंग दी है

Union Bank of India share: तिमाही नतीजे के बाद गुरुवार को सार्वजनिक क्षेत्र के यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के शेयर में बड़ी गिरावट देखी गई। सप्ताह के चौथे दिन बैंक के शेयर करीब 3 पर्सेंट टूट गए और भाव 168.50 रुपये पर आ गया। शेयर में भले ही गिरावट हो लेकिन इसको लेकर एक्सपर्ट बुलिश हैं।
क्या कहते हैं एक्सपर्ट?
ब्रोकरेज HDFC सिक्योरिटीज ने यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के शेयर के लिए बाय रेटिंग दी है। ब्रोकरेज ने कहा कि बैंक ने जून तिमाही में अनुमान से बेहतर प्रदर्शन किया है। मजबूत नेट इंटरेस्ट मार्जिन (NIM) और ऑपरेटिंग प्रदर्शन के दम पर बैंक का मुनाफा उम्मीद से बेहतर रहा। ब्रोकरेज ने शेयर पर 'ADD' रेटिंग बरकरार रखते हुए ₹200 का टारगेट प्राइस दिया है। बता दें कि शेयर के 52 हफ्ते का हाई 205.45 रुपये और 52 हफ्ते का लो 124.55 रुपये है।
एक अन्य एक्सपर्ट का कहना है कि यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के शेयर का लॉन्ग-टर्म स्ट्रक्चर पॉजिटिव बना हुआ है। असित सी. मेहता इन्वेस्टमेंट इंटरमीडिएट्स लिमिटेड के रोहन शाह कहते हैं, "जब तक शेयर ₹158–162 के जोन को बनाए रखता है, तब तक इसके ₹195 की ओर अपने मुख्य अपट्रेंड को फिर से शुरू करने की संभावना है।"
कैसे रहे तिमाही नतीजे
चालू वित्त वर्ष की अप्रैल-जून तिमाही में मुनाफा 27.5 प्रतिशत बढ़कर 5,641.52 करोड़ रुपये रहा। मुख्य रूप से बेहतर मार्जिन, संपत्ति की गुणवत्ता में सुधार और ब्याज आय बढ़ने से बैंक का लाभ बढ़ा है। एक साल पहले 2025-26 की इसी तिमाही में बैंक का मुनाफा 4,427.94 करोड़ रुपये रहा था।
बैंक की शुद्ध ब्याज आय (एनआईआई) तिमाही में सालाना आधार पर 1.05 प्रतिशत बढ़कर ₹27,203 करोड़ हो गई, जो पिछले साल की इसी तिमाही में 26,919 करोड़ रुपये थी। शुद्ध ब्याज मार्जिन में मामूली वृद्धि से ब्याज आय में वृद्धि सीमित रही। शुद्ध ब्याज मार्जिन में सालाना आधार पर 0.04 प्रतिशत और पिछली तिमाही के मुकाबले 0.16 प्रतिशत की मामूली बढ़ोतरी हुई और यह चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में 2.80 प्रतिशत रहा।
बैंक के सीईओ ने क्या कहा?
यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) आशीष पांडे ने भरोसा जताया कि ब्याज दरों के बदलते माहौल के बावजूद मार्जिन को और बेहतर बनाया जा सकता है।
उन्होंने उम्मीद जतायी कि भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) की ओर से शुरू की गई एफसीएनआर-बी पहल के तहत सितंबर तक लगभग 1.5-2 अरब डॉलर का पूंजी प्रवाह होगा। बैंक ने अब तक 10.6 करोड़ डॉलर की जमा राशि जुटाई है। तिमाही में बैंक की संपत्ति की गुणवत्ता में सुधार हुआ।
लेखक के बारे में
Deepak Kumarहिन्दुस्तान डिजिटल में करीब 5 साल से कार्यरत दीपक कुमार यहां बिजनेस की खबरें लिखते हैं। दीपक को स्टॉक मार्केट, पर्सनल फाइनेंस के अलावा बिजनेस से जुड़े तमाम विषयों की गहरी समझ है। वह जटिल आर्थिक और कारोबारी मुद्दों को सरल, संतुलित और आम बोलचाल की भाषा में पाठकों तक पहुंचाना बखूबी जानते हैं। उनकी बिजनेस सेक्शन के अलावा एंटरटेनमेंट, स्पोर्ट्स और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरों पर भी मजबूत पकड़ है। दीपक को उनके बेहतरीन काम के लिए विभिन्न स्तरों पर सम्मानित भी किया जा चुका है। मूल रूप से बिहार के सीवान जिले से ताल्लुक रखने वाले दीपक के पास पत्रकारिता का करीब 13 साल का अनुभव है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत अमर उजाला से की। इसके बाद दैनिक भास्कर, आजतक और इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम किया। इसका अगला पड़ाव हिन्दुस्तान डिजिटल था, जहां वह वर्तमान में असिस्टेंट न्यूज एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। दीपक ने दिल्ली यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन की पढ़ाई की जबकि हिमाचल प्रदेश सेंट्रल यूनिवर्सिटी से पोस्ट ग्रेजुएट हुए हैं। जहां एक तरफ वह सोशल मीडिया पर सक्रिय हैं तो वहीं नई तकनीकों से खुद को अपडेट रखते हैं। खाली समय में फिल्में देखना, खाना बनाना और क्रिकेट खेलना पसंद है।
और पढ़ें

