गजब का है यह शेयर, 5 साल में 3200% रिटर्न, क्या अब भी है इस मल्टीबैगर में निवेश का मौका
Multibagger Stock: मल्टीबैगर स्टॉक स्पाइस लाउंज फूड वर्क्स के शेयर में सोमवार, 16 फरवरी को जोरदार तेजी देखने को मिली। शुरुआती कारोबार के दौरान कंपनी के शेयर 4.36% उछलकर 40.20 रुपये प्रति शेयर के स्तर पर पहुंच गए।

मल्टीबैगर स्टॉक स्पाइस लाउंज फूड वर्क्स के शेयर में सोमवार, 16 फरवरी को जोरदार तेजी देखने को मिली। शुरुआती कारोबार के दौरान कंपनी के शेयर 4.36% उछलकर 40.20 रुपये प्रति शेयर के स्तर पर पहुंच गए। सुबह कारोबार की शुरुआत कंपनी के शेयर 36.60 रुपये पर हुई। इसका पिछला बंद भाव 38.52 रुपये था। यह तेजी कंपनी द्वारा दिसंबर तिमाही (वित्त वर्ष 2026 की तीसरी तिमाही) के शानदार नतीजों की घोषणा के बाद आई है, जिसमें उसके स्टैंडअलोन मुनाफे में सालाना आधार पर 100% से अधिक का उछाल दर्ज किया गया।
मुनाफा हुआ दोगुना
स्पाइस लाउंज फूड वर्क्स ने 14 फरवरी को शेयर बाजार को दी गई जानकारी में 31 दिसंबर, 2025 को समाप्त तिमाही के वित्तीय नतीजे जारी किए। स्टैंडअलोन आधार पर कंपनी का नेट प्रॉफिट पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही के 1.04 लाख रुपये की तुलना में 112.5% बढ़कर 2.21 लाख रुपये हो गया। हालांकि, पिछली तिमाही (सितंबर तिमाही) के 5.73 लाख रुपये के मुकाबले इसमें 61% की गिरावट दर्ज की गई।
कंपनी के रेवेन्यू ऑपरेशन की बात करें तो यह सालाना आधार पर 55% बढ़कर 36.13 लाख रुपये हो गया, जो एक साल पहले इसी तिमाही में 23.25 लाख रुपये था। लेकिन पिछली तिमाही के 49.13 लाख रुपये की तुलना में इसमें 26.4% से अधिक की गिरावट आई है।
यह ध्यान देने वाली बात है कि कंसोलिडेटेड आंकड़ों में कंपनी का नेट प्रॉफिट 70% घटकर 2.47 करोड़ रुपये रह गया, जो पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में 8.45 करोड़ रुपये था। कंसोलिडेटेड रेवेन्यू में भी सालाना आधार पर 37.3% से अधिक की गिरावट आई और यह 32.90 करोड़ रुपये रह गया, जो पिछले साल इसी अवधि में 52.52 करोड़ रुपये था।
एक साल में 200% तो पांच साल में 3200% का रिटर्न
कंपनी के शेयर ने धैर्य रखने वाले निवेशकों को छप्परफाड़ रिटर्न दिए हैं। पिछले पांच कारोबारी सत्रों में ही इस स्टॉक ने 24% का रिटर्न दिया है, जबकि एक महीने में इसने 10% से अधिक का रिटर्न दर्ज किया है। अगर लंबी अवधि की बात करें तो पिछले एक साल में स्पाइस फूड वर्क्स के शेयरों ने 196.61% का मल्टीबैगर रिटर्न दिया है। वहीं, पिछले पांच वर्षों में इसने 3,200% से अधिक का छप्परफाड़ रिटर्न दिया है, जो इसे एक बेहतरीन मल्टीबैगर स्टॉक बनाता है।
स्पाइस फूड वर्क्स के शेयर केवल बीएसई (BSE) पर लिस्टेड हैं। इस स्टॉक ने 24 नवंबर, 2025 को 72.20 रुपये का 52-सप्ताह का उच्च स्तर छुआ था, जबकि 10 मार्च, 2025 को यह 7.69 रुपये के 52-सप्ताह के निचले स्तर पर पहुंच गया था।
क्या है कंपनी का बिजनेस?
स्पाइस लाउंज फूड वर्क्स लिमिटेड एक डायवर्सिफायड ग्लोबल हॉस्पिटैलिटी और लाइफा स्टाइल कंपनी है, जो कई बाजारों में फूड, पेय पदार्थ और अनुभव-आधारित सेवाएं प्रदान करने पर ध्यान केंद्रित करती है। कंपनी स्वामित्व वाले और फ्रेंचाइजी दोनों प्रारूपों के माध्यम से कई तरह के रेस्टोरेंट और प्लेस संचालित करती है, जिनमें वैश्विक व्यंजन परोसने वाले आउटलेट, कैजुअल डाइनिंग रेस्तरां, प्रीमियम पब, नाइटलाइफ प्लेस और लाइव-इवेंट प्लेटफॉर्म शामिल हैं। इसके ब्रांड पोर्टफोलियो में ब्लेज़ कबाब, जोरा, सालूद, बफेलो वाइल्ड विंग्स और विंग जोन जैसे अंतरराष्ट्रीय और इन-हाउस कॉन्सेप्ट शामिल हैं।
लेखक के बारे में
Drigraj Madheshiaदृगराज मद्धेशिया:-लाइव हिन्दुस्तान में पिछले 6 साल से बिजनेस टीम का अहम हिस्सा हैं। दृगराज को पत्रकारिता में 21 वर्षों का लंबा अनुभव है। इन्होंने टीवी, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में अपनी स्पेशल खबरों से खास पहचान बनाई है। शेयर मार्केट, कमोडिटी, पर्सनल फाइनेंस और यूटिलिटी पर विशेष पकड़। मैथ्स से ग्रेजुएट, मास कम्युनिकेशन और कंप्यूटर साइंस में पीजी डिप्लोमा। दृगराज, रिसर्च और एनॉलिस के जरिए मार्केट डेटा को आसान भाषा में 'कुछ अलग' पाठकों तक पहुंचाते हैं। लाइव हिन्दुस्तान से पहले साढ़े सात साल तक हिन्दुस्तान अखबार में बतौर सीनियर रिपोर्टर काम किया। इसके अलावा सहारा समय, दैनिक जागरण, न्यूज नेशन में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
और पढ़ें


