बाजार को नहीं भाए कंपनी के नतीजे, 3 महीने के निचले स्तर पर पहुंच गए शेयर
मुख्य बातें
- थर्मेक्स लिमिटेड के शेयर शुक्रवार को बाजार खुलते ही लुढ़क गए हैं
- कंपनी के शेयर BSE में 16% टूटकर 3566.90 रुपये पर पहुंच गए हैं
- थर्मेक्स के शेयर 3 महीने के निचले स्तर पर जा पहुंचे हैं
- शेयर बाजार को कंपनी के वित्तीय नतीजे रास नहीं आए हैं

हेवी इलेक्ट्रिकल इक्विपमेंट इंडस्ट्री से जुड़ी कंपनी थर्मेक्स लिमिटेड के शेयर शुक्रवार को बाजार खुलते ही बिखर गए हैं। थर्मेक्स लिमिटेड के शेयर शुक्रवार को BSE में इंट्राडे के दौरान 16 पर्सेंट की गिरावट के साथ 3566.90 रुपये पर जा पहुंचे हैं। कंपनी के शेयर 3 महीने के निचले स्तर पर जा पहुंचे हैं। शेयर बाजार को कंपनी के पहली तिमाही के नतीजे पसंद नहीं आए हैं और इसी से थर्मेक्स लिमिटेड के शेयरों में यह तेज गिरावट देखने को मिली है।
52 हफ्ते के हाई लेवल से 32% टूट गए हैं कंपनी के शेयर
थर्मेक्स लिमिटेड (Thermax Limited) के शेयर 13 अप्रैल 2026 के बाद से अपने निचले स्तर पर जा पहुंचे हैं। कंपनी के शेयरों में अपने 52 हफ्ते के हाई लेवल से 32 पर्सेंट का करेक्शन हुआ है। थर्मेक्स लिमिटेड के शेयर 29 जून 2026 को 5277 रुपये पर थे, जो कि 31 जुलाई 2026 को 3566.90 रुपये पर पहुंच गए हैं। थर्मेक्स लिमिटेड के शेयरों का 52 हफ्ते का निचला स्तर 2744.20 रुपये है।
85% घटा है थर्मेक्स लिमिटेड का मुनाफा
हेवी इलेक्ट्रिकल इक्विपमेंट इंडस्ट्री से जुड़ी कंपनी थर्मेक्स लिमिटेड (Thermax Limited) का टैक्स भुगतान के बाद मुनाफा सालाना आधार पर 85 पर्सेंट घटा है। कंपनी को चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में 22 करोड़ रुपये का प्रॉफिट हुआ है। एक साल पहले की समान अवधि में कंपनी को 151 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ था। वहीं, टैक्स भुगतान से पहले कंपनी का मुनाफा 80 पर्सेंट घटकर 42 करोड़ रुपये रहा है, जो कि एक साल पहले की समान अवधि में 211 करोड़ रुपये था।
2303 करोड़ रुपये रहा है कंपनी का कंसॉलिडेटेड ऑपरेटिंग रेवेन्यू
थर्मेक्स लिमिटेड (Thermax Limited) का कंसॉलिडेटेड ऑपरेटिंग रेवेन्यू सालाना आधार पर 7 पर्सेंट बढ़कर 2303 करोड़ रुपये रहा है। एक साल पहले की समान अवधि में कंपनी का ऑपरेटिंग रेवेन्यू 2158 करोड़ रुपये था। कंपनी का इबिट्डा पहली तिमाही में 69.5 करोड़ रुपये रहा है, जो कि बाजार की उम्मीद से 68.26 पर्सेंट कम रहा है। बाजार ने 219 करोड़ रुपये के इबिट्डा की उम्मीद की थी। थर्मेक्स लिमिटेड के इबिट्डा मार्जिन में भी तेज गिरावट आई है और यह 3.02 पर्सेंट रहा है, जो कि एक साल पहले की समान अवधि में 10.42 पर्सेंट था। पहली तिमाही में कंपनी का ऑर्डर इनफ्लो 2 पर्सेंट बढ़कर 2809 करोड़ रुपये रहा है, जो कि पिछले साल की समान अवधि में 2748 करोड़ रुपये था। 30 जून 2026 तक के डेटा के मुताबिक, कंपनी की टोटल ऑर्डर बुक 14,045 करोड़ रुपये रही है।


