
12 नवंबर से खुलेगा मुनाफे वाली कंपनी का IPO, ग्रे मार्केट में अभी से ही ₹101 प्रीमियम पर पहुंचा शेयर
संक्षेप: यह पूरी तरह से ऑफर फॉर सेल (OFS) के रूप में होगा, जिसमें कोई नया शेयर जारी नहीं किया जाएगा। ग्रे मार्केट में कंपनी के शेयर अभी से ₹101 प्रीमियम पर उपलब्ध हैं। इसका प्राइस बैंड अभी तय नहीं किया गया है।
Tenneco Clean Air India IPO: अमेरिका मुख्यालय वाली टेनेको समूह समर्थित टेनेको क्लीन एयर इंडिया लिमिटेड ने अपने ₹3,600 करोड़ के इनिशियल पब्लिक ऑफरिंग (IPO) की घोषणा की है। कंपनी का यह इश्यू 12 नवंबर 2025 को खुलेगा और 14 नवंबर को बंद होगा। यह पूरी तरह से ऑफर फॉर सेल (OFS) के रूप में होगा, जिसमें कोई नया शेयर जारी नहीं किया जाएगा। ग्रे मार्केट में कंपनी के शेयर अभी से ₹101 प्रीमियम पर उपलब्ध हैं। इसका प्राइस बैंड अभी तय नहीं किया गया है।

पूरी तरह ऑफर फॉर सेल
रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (RHP) के अनुसार, यह पूरा IPO कंपनी के प्रमोटर टेनेको मॉरीशस होल्डिंग्स द्वारा शेयरों की बिक्री के माध्यम से होगा। इससे मिलने वाली पूरी राशि प्रमोटर के पास जाएगी, यानी टेनेको क्लीन एयर इंडिया को इस इश्यू से कोई राशि प्राप्त नहीं होगी। कंपनी ने अपने IPO का आकार ₹3,000 करोड़ से बढ़ाकर ₹3,600 करोड़ कर दिया है, जो कि जून 2025 में दाखिल DRHP के मुकाबले एक बड़ा बदलाव है। IPO में हिस्सेदारी इस प्रकार आरक्षित की गई है। 50% क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIBs) के लिए, 15% नॉन-इंस्टीट्यूशनल निवेशकों (HNIs) के लिए और 35% खुदरा निवेशकों के लिए।
कंपनी का बिजनेस मॉडल
टेनेको क्लीन एयर इंडिया, गुरुग्राम स्थित एक ऑटोमोटिव कंपोनेंट निर्माता कंपनी है। यह ऑटोमोबाइल और इंडस्ट्रियल सेक्टर के लिए क्लीन एयर, पावरट्रेन और सस्पेंशन सॉल्यूशंस प्रदान करती है। कंपनी के पास 12 मैन्युफैक्चरिंग प्लांट हैं और यह अपने समूह की कंपनी मोटोकेयर इंडिया के जरिए आफ्टरमार्केट प्रोडक्ट्स की बिक्री भी करती है। टेनेको भारत में कमर्शियल ट्रक OEMs को क्लीन एयर सॉल्यूशंस और पैसेंजर वाहनों के लिए शॉक एब्जॉर्बर और स्ट्रट्स की सबसे बड़ी सप्लायर होने का दावा करती है।
कंपनी के ग्राहक
वित्त वर्ष 2025 में कंपनी ने 119 प्रमुख ग्राहकों की सेवा की, जिनमें शामिल हैं- अशोक लेलैंड, बजाज ऑटो, कमिंस इंडिया, डेमलर इंडिया, होंडा मोटरसाइकिल एंड स्कूटर इंडिया, हुंडई मोटर इंडिया, जॉन डियर इंडिया, महिंद्रा एंड महिंद्रा, मारुति सुजुकी इंडिया, रॉयल एनफील्ड, टाटा मोटर्स और टोयोटा किर्लोस्कर मोटर। कंपनी ने जून 2025 तिमाही में ₹167.8 करोड़ का लाभ दर्ज किया, जो पिछले वर्ष की समान तिमाही के ₹150 करोड़ के मुकाबले 12% अधिक है। रेवेन्यू इस अवधि में मामूली बढ़ोतरी के साथ ₹1,285.6 करोड़ रहा, जो पिछले वर्ष ₹1,270.8 करोड़ था। पूरे वित्त वर्ष 2025 में कंपनी का नेट प्रॉफिट 32.5% बढ़कर ₹552 करोड़ पहुंच गया, जो 2024 में ₹416.7 करोड़ था।





