खुल रहा एक और IPO, 300 रुपये शेयर का दाम, अभी से 128 रुपये का फायदा
मुख्य बातें
- टेम्पसेंस इंस्ट्रूमेंट्स का IPO सब्सक्रिप्शन के लिए 20 अगस्त से खुल रहा है
- आईपीओ में कंपनी के शेयर का दाम 300 रुपये है
- ग्रे मार्केट में कंपनी के शेयर 128 रुपये के प्रीमियम पर कारोबार कर रहे हैं

एक और आईपीओ दांव लगाने के लिए खुलने जा रहा है। यह टेम्पसेंस इंस्ट्रूमेंट्स (इंडिया) का आईपीओ है। कंपनी का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए 20 अगस्त से खुलने जा रहा है। टेम्पसेंस इंस्ट्रूमेंट्स (इंडिया) का आईपीओ अभी खुला भी नहीं है, लेकिन ग्रे मार्केट में कंपनी के शेयर दहाड़ रहे हैं। कंपनी के शेयर 42 पर्सेंट से ज्यादा के प्रीमियम के साथ ग्रे मार्केट में कारोबार कर रहे हैं। टेम्पसेंस इंस्ट्रूमेंट्स (इंडिया) का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए 24 अगस्त तक खुला रहेगा।
300 रुपये शेयर का दाम, 128 रुपये पहुंच गया GMP
टेम्पसेंस इंस्ट्रूमेंट्स (इंडिया) के आईपीओ में शेयर का दाम 300 रुपये है। वहीं, ग्रे मार्केट में कंपनी के शेयर अभी से 128 रुपये के प्रीमियम के साथ ट्रेड कर रहे हैं। अगर मौजूदा ग्रे मार्केट प्रीमियम (GMP) के हिसाब से देखें तो टेम्पसेंस इंस्ट्रूमेंट्स (इंडिया) के शेयर 428 रुपये के करीब बाजार में लिस्ट हो सकते हैं। यानी, आईपीओ में जिन निवेशकों को कंपनी के शेयर अलॉट होंगे, वह लिस्टिंग वाले दिन 42 पर्सेंट फायदे की उम्मीद कर सकते हैं। टेम्पसेंस इंस्ट्रूमेंट्स (इंडिया) के आईपीओ में शेयरों का अलॉटमेंट मंगलवार 25 अगस्त को फाइनल होगा। वहीं, कंपनी के शेयर 28 अगस्त को लिस्ट होंगे। टेम्पसेंस इंस्ट्रूमेंट्स (इंडिया) के शेयर बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज में लिस्ट होंगे।
अधिकतम 13 लॉट के लिए दांव लगा सकेंगे आम निवेशक
टेम्पसेंस इंस्ट्रूमेंट्स (इंडिया) के आईपीओ में आम निवेशक कम से कम 1 लॉट और अधिकतम 13 लॉट के लिए दांव लगा सकते हैं। आईपीओ की एक लॉट में 50 शेयर हैं। यानी, एक लॉट के लिए रिटेल इनवेस्टर्स को 15000 रुपये का निवेश करना होगा। टेम्पसेंस इंस्ट्रूमेंट्स (इंडिया) के आईपीओ का टोटल साइज 650 करोड़ रुपये तक का है। आईपीओ से पहले कंपनी में प्रमोटर और प्रमोटर ग्रुप की हिस्सेदारी 80.51 पर्सेंट थी, जो कि आईपीओ के बाद घटकर 65.67 पर्सेंट पहुंच जाएगी। वीरेंद्र प्रकाश राठी, विनय राठी और प्रताप सिंह तालेसारा कंपनी के प्रमोटर्स हैं।
क्या करती है टेम्पसेंस इंस्ट्रूमेंट्स?
टेम्पसेंस इंस्ट्रूमेंट्स (इंडिया) लिमिटेड की शुरुआत साल 1990 में हुई है। टेम्पसेंस इंस्ट्रूमेंट्स एक थर्मल इंजीनियरिंग और स्पेशलाइज्ड केबल मैन्युफैक्चरर कंपनी है। कंपनी कस्टमाइज्ड टेम्प्रेचर सेंसिंग सॉल्यूशंस, इलेक्ट्रिकल हीटिंग सॉल्यूशंस और स्पेशलाइज्ड केबल्स की डिजाइनिंग और मैन्युफैक्चरिंग करती है। कंपनी के प्रॉडक्ट पोर्टफोलियो में टेम्प्रेचर सेंसिंग सॉल्यूशंस, इलेक्ट्रिकल हीटिंग सॉल्यूशंस और स्पेशलाइज्ड केबल्स हैं। 1 अप्रैल 2023 से 31 मार्च 2026 तक कंपनी ने 1000 से ज्यादा यूनीक कस्टमर्स को अपनी सर्विसेज दी हैं। कंपनी ने युनाइटेड अरब अमीरात, जर्मनी, पोलैंड समेत 80 से अधिक देशों में अपने प्रॉडक्ट्स एक्सपोर्ट किए हैं।


