गजब! 70% उछला टाटा की इस कंपनी का मुनाफा, निवेशकों के लिए डिविडेंड का ऐलान

Sarveshwar Pathak लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
Follow us on Google News
share

मुख्य बातें

  • टाटा मोटर्स (Tata Motors) ने वित्त वर्ष 2026 की चौथी तिमाही में ₹2,406 करोड़ का शुद्ध लाभ कमाया है, जो पिछले साल की तुलना में 69.56% अधिक है
  • कंपनी का राजस्व भी 22.3% बढ़कर ₹24,452 करोड़ रहा
  • कंपनी के बोर्ड ने शेयरधारकों के लिए ₹4 प्रति शेयर के डिविडेंड की घोषणा की है
गजब! 70% उछला टाटा की इस कंपनी का मुनाफा, निवेशकों के लिए डिविडेंड का ऐलान

देश की दिग्गज ऑटोमोबाइल कंपनी टाटा मोटर्स (Tata Motors) ने वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही में शानदार प्रदर्शन करते हुए निवेशकों को बड़ा सरप्राइज दिया है। कंपनी का स्टैंडअलोन नेट प्रॉफिट मार्च तिमाही में लगभग 70% उछलकर 2,406 करोड़ रुपये पहुंच गया। पिछले साल इसी तिमाही में कंपनी का मुनाफा 1,419 करोड़ रुपये था। मजबूत बिक्री, बेहतर ऑपरेशनल एफिशिएंसी और कमर्शियल व्हीकल बिजनेस में शानदार ग्रोथ की वजह से कंपनी के नतीजे उम्मीद से काफी बेहतर रहे। इसके साथ ही कंपनी के बोर्ड ने शेयरधारकों के लिए 4 रुपये प्रति शेयर फाइनल डिविडेंड देने की भी सिफारिश की है।

22.3% बढ़ी कंपनी की कुल आय

तिमाही के दौरान कंपनी की कुल आय यानी रेवेन्यू फ्रॉम ऑपरेशन (Revenue from Operations) 22.3% बढ़कर 24,452 करोड़ रुपये पहुंच गई। पिछली तिमाही में यह 20,404 करोड़ रुपये थी, जबकि पिछले साल इसी अवधि में 19,999 करोड़ रुपये रही थी। कंपनी के EBITDA यानी ऑपरेटिंग प्रॉफिट में भी 35% की शानदार बढ़ोतरी दर्ज की गई और यह बढ़कर 3,400 करोड़ रुपये तक पहुंच गया।

EBITDA मार्जिन 13.9% पर पहुंच गया, जो ऑटो सेक्टर के लिहाज से काफी मजबूत माना जाता है। कंपनी ने बताया कि ज्यादा बिक्री, बेहतर प्राइसिंग और लागत नियंत्रण की वजह से मार्जिन में सुधार हुआ है। हालांकि, कच्चे माल की बढ़ती कीमतों का कुछ असर जरूर पड़ा।

कमर्शियल (CV) बिजनेस में वृद्धि

टाटा मोटर्स के लिए सबसे बड़ा पॉजिटिव संकेत उसका कमर्शियल व्हीकल (CV) बिजनेस रहा। मार्च तिमाही में कंपनी ने 1.32 लाख कमर्शियल व्हीकल्स की होलसेल की, जो सालाना आधार पर 25% ज्यादा है। पूरे FY26 में कंपनी की कुल CV बिक्री 4.28 लाख यूनिट रही, जिसमें 14% की बढ़ोतरी दर्ज हुई। घरेलू बाजार के साथ-साथ एक्सपोर्ट में भी शानदार तेजी देखने को मिली। कंपनी के एक्सपोर्ट वॉल्यूम पूरे साल में 54% तक बढ़ गए, जो वैश्विक बाजार में टाटा मोटर्स की मजबूत पकड़ को दर्शाता है।

कंपनी के CFO जीवी रमणन ने कहा कि FY26 टाटा मोटर्स के लिए बेहद मजबूत वित्तीय प्रदर्शन वाला साल रहा। कंपनी ने 9,200 करोड़ रुपये का फ्री कैश फ्लो हासिल किया और घरेलू बिजनेस में नेट कैश पोजिशन 7,500 करोड़ रुपये तक पहुंच गई। उन्होंने बताया कि कंपनी की मजबूत नकद स्थिति उसे भविष्य में नए निवेश और शेयरधारकों को बेहतर रिटर्न देने में मदद करेगी।

टाटा मोटर्स ने यह भी कहा कि इंफ्रास्ट्रक्चर खर्च और GST 2.0 सुधारों की वजह से कमर्शियल व्हीकल इंडस्ट्री में जबरदस्त सुधार देखने को मिला है। कंपनी के MD और CEO गिरीश वाघ के मुताबिक FY26 कंपनी के लिए ऐतिहासिक साल रहा, क्योंकि इस दौरान रेवेन्यू और प्रॉफिट दोनों में नए रिकॉर्ड बने। हालांकि, उन्होंने माना कि वैश्विक भू-राजनीतिक तनाव और कमोडिटी कीमतों का दबाव आने वाले समय में चुनौतियां पैदा कर सकता है, लेकिन कंपनी अपनी मजबूत रणनीति और लागत नियंत्रण के जरिए इन परिस्थितियों से निपटने के लिए तैयार है।

कंपनी का शेयर परफॉर्मेंस

टाटा मोटर्स के शेयरों में बुधवार को सीमित लेकिन स्थिर कारोबार देखने को मिला। कंपनी का स्टॉक NSE पर मामूली 0.03% यानी 0.10 रुपये की बढ़त के साथ 336.95 रुपये पर बंद हुआ। हालांकि, टाटा मोटर्स ग्रुप के मजबूत Q4 नतीजों और कमर्शियल व्हीकल बिजनेस में शानदार ग्रोथ का असर शेयर पर ज्यादा दिखाई नहीं दिया, लेकिन निवेशकों ने स्टॉक में स्थिर भरोसा बनाए रखा।

दिलचस्प बात यह रही कि इतने मजबूत नतीजों के बावजूद बुधवार को शेयर बाजार में टाटा मोटर्स का स्टॉक हल्की गिरावट के साथ बंद हुआ। कंपनी का शेयर BSE पर 0.74% गिरकर 384.35 रुपये पर बंद हुआ। हालांकि, विशेषज्ञों का मानना है कि मजबूत बैलेंस शीट, बेहतर कैश फ्लो, बढ़ती CV डिमांड और लगातार मजबूत होते ऑपरेशन के चलते टाटा मोटर्स लंबी अवधि में निवेशकों के लिए मजबूत ग्रोथ स्टोरी बनी रह सकती है।

Sarveshwar Pathak

लेखक के बारे में

Sarveshwar Pathak

सर्वेश्वर पाठक अक्टूबर 2022 से ‘लाइव हिंदुस्तान’ में सीनियर कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में बिजनेस और ऑटो सेक्शन के लिए काम कर रहे हैं। सर्वेश्वर बिजनेस और ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री की खबरों, रिव्यू और गहराई से किए गए एनालिसिस के लिए जाने जाते हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में उन्हें 7 साल से अधिक का अनुभव है, जिसमें उन्होंने अपनी मजबूत पकड़ और समझ के जरिए एक अलग पहचान बनाई है। उन्होंने देव संस्कृति विश्वविद्यालय, हरिद्वार से पत्रकारिता में मास्टर डिग्री हासिल की और वर्ष 2019 में ईटीवी भारत के साथ अपने करियर की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने दैनिक जागरण और एडिटरजी जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम किया, जहां उन्होंने अपनी लेखन शैली और विश्लेषण क्षमता को और निखारा।

उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर से आने वाले सर्वेश्वर केवल एक पत्रकार ही नहीं, बल्कि सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय भागीदारी निभाते हैं। उन्हें बाल शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और जागरूकता से जुड़े अभियानों में विशेष रुचि है। अपने विश्वविद्यालय के दिनों में उन्होंने महाराष्ट्र के गोंदिया में दो महीने से अधिक समय तक सोशल वेलफेयर से जुड़े कार्य किए, जहां उन्होंने कई स्कूलों और विश्वविद्यालयों के छात्रों को उच्च शिक्षा के प्रति प्रेरित किया। लेखन के अलावा सर्वेश्वर को बचपन से ही क्रिकेट खेलने और डांस का शौक है, जो उनके व्यक्तित्व को संतुलित और ऊर्जावान बनाता है। उनका उद्देश्य सिर्फ खबरें लिखना ही नहीं, बल्कि लोगों को जागरूक और प्रेरित करना भी है।

और पढ़ें
जानें Hindi News, Business News, Budget 2026, बजट 2026 Live, Income Tax Live Updates की लेटेस्ट खबरें, शेयर बाजार का लेखा-जोखा, Share Market के लेटेस्ट अपडेट्स Investment Tips के बारे में सबकुछ।,