
₹148 करोड़ हुआ टाटा की इस कंपनी का प्रॉफिट, बढ़ गया खर्च, फोकस में शेयर
टीआईसीएल ने बताया कि चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में उसकी लाभांश आय 116.44 करोड़ रही, जबकि पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में यह 102.14 करोड़ रुपये थी।
Tata Investment Q2 earnings: टाटा समूह की कंपनी टाटा इन्वेस्टमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (टीआईसीएल) ने आज सोमवार को अपनी दूसरी तिमाही के नतीजे जारी कर दिए। कंपनी का चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही (जुलाई-सितंबर) में एकीकृत नेट प्रॉफिट 19.8 प्रतिशत बढ़कर 148.16 करोड़ रुपये रहा है। कंपनी ने सोमवार को शेयर बाजार को दी सूचना में यह जानकारी दी। टीआईसीएल को वित्त वर्ष 2024-25 की समान तिमाही में 123.69 का शुद्ध लाभ हुआ था। कंपनी के शेयर आज सोमवार को मामूली 835 रुपये पर पहुंच गए थे।

क्या है डिटेल
वित्त वर्ष 2025-26 की समीक्षाधीन तिमाही में कंपनी की एकीकृत परिचालन आय 153.98 करोड़ रुपये रही, जबकि पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में यह 142.48 करोड़ रुपये थी। टीआईसीएल ने बताया कि चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में उसकी लाभांश आय 116.44 करोड़ रही, जबकि पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में यह 102.14 करोड़ रुपये थी।
खर्च दूसरी तिमाही में 21% बढ़ गया
कंपनी ने कहा कि इस दौरान उसका कुल व्यय मामूली रूप से बढ़कर 11.40 करोड़ रुपये रहा, जबकि पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में यह 9.43 करोड़ रुपये था। टाटा इन्वेस्टमेंट कॉर्पोरेशन का EBITDA मार्जिन 30 आधार अंक घटकर 93.27% रह गया। कंपनी का कुल खर्च दूसरी तिमाही में 21% बढ़कर 11 करोड़ रुपये हो गया, जो एक साल पहले इसी तिमाही में 9 करोड़ रुपये था।





