
बुरे हाल में टाटा का यह शेयर, 50% से ज्यादा टूटा, नए निचले स्तर पर पहुंचा शेयर
टाटा ग्रुप की कंपनी ट्रेंट के शेयरों पर लगातार बिकवाली का दबाव देखने को मिल रहा है। ट्रेंट के शेयर अपने ऑल टाइम हाई लेवल से 50 पर्सेंट से ज्यादा लुढ़क गए हैं। कंपनी के शेयर 52 हफ्ते के नए निचले स्तर पर जा पहुंचे हैं।
टाटा ग्रुप की रिटेल कंपनी ट्रेंट के शेयरों के बुरे हाल हैं। ट्रेंट के शेयर अपने ऑल टाइम हाई लेवल से 50 पर्सेंट से ज्यादा लुढ़क गए हैं। ट्रेंट के शेयर गुरुवार 11 दिसंबर को गिरावट के साथ 3931.45 रुपये पर पहुंच गए और 52 हफ्ते का नया निचला स्तर बनाया। ट्रेंट के शेयर अपने 52 हफ्ते के हाई लेवल से 45 पर्सेंट से अधिक टूट गए हैं। ट्रेंट के शेयरों पर पिछले कुछ समय से बिकवाली का दबाव है। कंपनी के शेयरों में इस साल अब तक 43 पर्सेंट से अधिक की गिरावट देखने को मिली है। ट्रेंट के शेयरों में आई गिरावट से इसकी मार्केट वैल्यू 1 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा घट गई है और इसका मार्केट कैप घटकर 1.45 लाख रुपये के स्तर पर पहुंच गया है।

ऑल टाइम हाई से 50% से ज्यादा टूट गए ट्रेंट के शेयर
टाटा ग्रुप की कंपनी ट्रेंट के शेयर 14 अक्टूबर 2024 को अपने ऑल टाइम हाई 8345.85 रुपये पर थे। कंपनी के शेयर इस लेवल से 50 पर्सेंट से अधिक लुढ़क गए हैं। ट्रेंट के शेयर 11 दिसंबर 2025 को 3931.45 रुपये पर पहुंच गए हैं। ट्रेंट के शेयरों में पिछले छह महीने में 30 पर्सेंट से अधिक की गिरावट आई है। वहीं, पिछले एक साल में कंपनी के शेयर 43 पर्सेंट से ज्यादा टूट गए हैं। ट्रेंट के शेयर 11 दिसंबर 2024 को 7063.30 रुपये पर थे। कंपनी के शेयर 11 दिसंबर 2025 को 3931.45 रुपये पर जा पहुंचे हैं।
ट्रेंट के शेयरों पर ब्रोकरेज हाउसेज की क्या है राय
ग्लोबल ब्रोकरेज हाउस गोल्डमैन सैक्स ने टाटा ग्रुप की रिटेल कंपनी ट्रेंट को न्यूट्रल रेटिंग दी है और कंपनी के शेयरों के लिए 4920 रुपये का टारगेट दिया है। ब्रोकरेज हाउस बर्नस्टीन ने ट्रेंट को आउटपरफॉर्म रेटिंग दी है और कंपनी के शेयरों के लिए 5000 रुपये का रिवाइज्ड टारगेट दिया है। एक्सिस सिक्योरिटीज ने कंपनी के शेयरों के लिए अपना टारगेट प्राइस 6160 रुपये से घटाकर 5100 रुपये कर दिया है। वहीं, सिटी ने ट्रेंट के शेयरों को डाउनग्रेड करते हुए सेल रेटिंग दी है और 4350 रुपये का टारगेट दिया है। यह बात इकनॉमिक टाइम्स की एक रिपोर्ट में कही गई है।
5 साल में 470% चढ़ गए हैं कंपनी के शेयर
टाटा ग्रुप की कंपनी ट्रेंट के शेयर पिछले पांच साल में 470 पर्सेंट से अधिक उछल गए हैं। ट्रेंट के शेयर 11 दिसंबर 2020 को 689.35 रुपये पर थे। ट्रेंट के शेयर 11 दिसंबर 2025 को BSE में 3931.45 रुपये पर जा पहुंचे हैं। पिछले 4 साल में कंपनी के शेयरों में 275 पर्सेंट की तेजी देखने को मिली है। तीन साल में ट्रेंट के शेयर 165 पर्सेंट से अधिक उछल गए हैं। वहीं, दो साल में कंपनी के शेयरों में 30 पर्सेंट के करीब तेजी आई है।
10 टुकड़ों में शेयर बांट चुकी है कंपनी
ट्रेंट (Trent) अपने शेयर का बंटवारा कर चुकी है। ट्रेंट ने सितंबर 2016 में अपने शेयर को 10 टुकड़ों में बांटा है। टाटा ग्रुप की रिटेल कंपनी ने 10 रुपये फेस वैल्यू वाले शेयर को 1-1 रुपये फेस वैल्यू वाले 10 शेयरों में बांटा है। कंपनी में प्रमोटर्स की हिस्सेदारी 37.01 पर्सेंट है, जबकि पब्लिक शेयरहोल्डिंग 62.99 पर्सेंट है।





