टाटा का दिग्गज शेयर क्या एक दिन में 33% टूटा? कंपनी ने पहली बार बांटे हैं बोनस शेयर
ट्रेंट के शेयरों में गुरुवार को बाजार खुलते ही 33% से अधिक की गिरावट दिखी। असल में ट्रेंट के शेयरों में तेज गिरावट नहीं आई है, बल्कि कंपनी के शेयर बोनस शेयर की रिकॉर्ड डेट पर ट्रेड कर रहे थे।

टाटा ग्रुप की कंपनी ट्रेंट के शेयरों में गुरुवार को बाजार खुलते ही 33 पर्सेंट से ज्यादा की गिरावट दिखी। लोगों को लगा कि ट्रेंट में ऐसा क्या हुआ कि कंपनी के शेयर 33 पर्सेंट से अधिक टूट गए। ट्रेंट के शेयर बुधवार को NSE में 4257.60 रुपये पर बंद हुए थे। कंपनी के शेयर गुरुवार को NSE में 2830 रुपये पर खुले। असल में ट्रेंट के शेयरों में 33 पर्सेंट से अधिक की गिरावट नहीं आई, बल्कि कंपनी के शेयर बोनस शेयर की रिकॉर्ड डेट पर ट्रेड कर रहे थे। बोनस शेयर इश्यू के बाद स्टॉक प्राइस एडजस्टमेंट की वजह से ट्रेंट के शेयरों में यह गिरावट देखने को मिल रही है। दिन के कारोबार के दौरान ट्रेंट के शेयरों ने 2751 रुपये के निचले स्तर को छुआ।
ट्रेंट ने पहली बार दिया है बोनस शेयर का तोहफा
टाटा ग्रुप की कंपनी ट्रेंट (Trent) ने अप्रैल में अपने शेयरधारकों को बोनस शेयर बांटने की घोषणा की। कंपनी ने 1:2 के रेशियो में बोनस शेयर देने का ऐलान किया। यानी, कंपनी अपने निवेशकों को हर 2 शेयर पर 1 बोनस शेयर बांट रही है। बोनस शेयर ऑफर के तहत ट्रेंट 1 रुपये फेस वैल्यू वाले करीब 17.77 करोड़ शेयर जारी करेगी। ट्रेंट ने अप्रैल में चौथी तिमाही के नतीजों के साथ हर शेयर पर 6 रुपये का डिविडेंड अनाउंस किया। ट्रेंट ने पहली बार अपने निवेशकों को बोनस शेयर का तोहफा दिया है।
कंपनी ने बदली बोनस शेयर की रिकॉर्ड डेट
टाटा ग्रुप की कंपनी ट्रेंट (Trent) ने पहले बोनस शेयर की रिकॉर्ड डेट शुक्रवार 29 मई फिक्स की थी। लेकिन, बाद में कंपनी ने रिकॉर्ड डेट गुरुवार 4 जून कर दी। ब्रोकरेज फर्म HSBC ट्रेंट के शेयरों पर बुलिश है। एचएसबीसी ने टाटा ग्रुप की इस कंपनी के शेयरों को खरीदने की सलाह दी है। HSBC ने ट्रेंट के शेयरों के लिए 4910 रुपये (प्री-बोनस एडजस्टमेंट) का टारगेट प्राइस दिया है। यह बात मनीकंट्रोल की एक रिपोर्ट में कही गई है।
चौथी तिमाही में कंपनी को 413 करोड़ रुपये का हुआ मुनाफा
ट्रेंट को 31 मार्च 2026 को खत्म हुई चौथी तिमाही में 413.1 करोड़ रुपये का कंसॉलिडेटेड मुनाफा हुआ है। एक साल पहले की समान अवधि के मुकाबले ट्रेंट का प्रॉफिट 32.57 पर्सेंट बढ़ा है। ट्रेंट को एक साल पहले की समान अवधि में 311.6 करोड़ रुपये का प्रॉफिट हुआ था। चौथी तिमाही में ट्रेंट का रेवेन्यू 5027.99 करोड़ रुपये रहा है। एक साल पहले की समान अवधि में ट्रेंट का रेवेन्यू 4216.94 करोड़ रुपये था।
10 टुकड़ों में अपना शेयर बांट चुकी है कंपनी
टाटा ग्रुप की दिग्गज कंपनी ट्रेंट अपने शेयर का भी बंटवारा कर चुकी है। ट्रेंट अपने शेयर को 10 टुकड़ों में बांट चुकी है। ट्रेंट ने सितंबर 2016 में 10 रुपये फेस वैल्यू वाले अपने शेयर को 1-1 रुपये फेस वैल्यू वाले 10 शेयरों में बांटा। ट्रेंट में प्रमोटर की हिस्सेदारी 37.01 पर्सेंट है। वहीं, पब्लिक शेयरहोल्डिंग 62.99 पर्सेंट है।
लेखक के बारे में
Vishnu Soniविष्णु सोनी लाइव हिन्दुस्तान में बिजनेस, गैजेट्स और ऑटो सेक्शन संभाल रहे हैं। वह दिसंबर 2020 से लाइव हिन्दुस्तान के साथ
हैं। वह शेयर बाजार, कॉरपोरेट, पर्सनल फाइनेंस, गैजेट्स और ऑटो की खबरें लिखते हैं। गैजेट्स और ऑटो रिव्यू में भी इनकी
दिलचस्पी है। बिजनेस से जुड़ी खबरों में विष्णु हमेशा इस बात पर फोकस करते हैं कि वह पाठकों के 'काम की बात' वाला एंगल
प्रमुखता से खबर में ला सकें, ताकि उनकी वित्तीय जागरूकता बढ़े। बिजनेस से जुड़ी खबरों में भाषा की सरलता और सहजता पर भी
विष्णु का ध्यान हमेशा रहा है।
पत्रकारिता में विष्णु को 20 साल पूरे होने को हैं। विष्णु के करियर का ज्यादातर हिस्सा बिजनेस जर्नलिज्म से जुड़ा रहा है।
वह दैनिक भास्कर, इकनॉमिक टाइम्स-हिंदी, अमर उजाला, नेटवर्क-18 और नवभारत टाइम्स ऑनलाइन में अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर
चुके हैं। विष्णु ने पत्रकारिता की पढ़ाई इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मॉस कम्युनिकेशन (IIMC), दिल्ली से की है। विष्णु, इलाहाबाद
विश्वविद्यालय के गोल्ड मेडलिस्ट हैं। GST को लेकर बनाए गए विष्णु के एक वीडियो को अवॉर्ड भी मिल चुका है। कुकिंग,
ट्रेवलिंग, क्रिकेट देखने और खेलने में इनको मजा आता है। अपने वक्त का एक हिस्सा विष्णु ऐसे शेयरों को 'खोजने' में लगाते
हैं, जो कि आगे चलकर अच्छा रिटर्न दें।


