पहली बार बोनस शेयर बांट रही टाटा की दिग्गज कंपनी, दांव लगाने का आखिरी मौका

Vishnu Soni लाइव हिन्दुस्तान
share

टाटा ग्रुप की कंपनी ट्रेंट अपना पहला बोनस शेयर बांट रही है। ट्रेंट ने बोनस शेयर की रिकॉर्ड डेट 4 जून फिक्स की है। जो निवेशक ट्रेंट के बोनस शेयर का फायदा लेना चाहते हैं, उनके लिए आज शेयर खरीदने का आखिरी मौका है।

पहली बार बोनस शेयर बांट रही टाटा की दिग्गज कंपनी, दांव लगाने का आखिरी मौका

टाटा ग्रुप की दिग्गज कंपनी ट्रेंट ने पिछले दिनों अपने शेयरधारकों को बोनस शेयर बांटने का ऐलान किया है। ट्रेंट लिमिटेड अपने निवेशकों को पहली बार बोनस शेयर दे रही है। कंपनी 1:2 के रेशियो में बोनस शेयर देगी। यानी, कंपनी हर 2 शेयर पर 1 बोनस शेयर बांटेगी। जुडियो और वेस्टसाइड की पैरेंट कंपनी ट्रेंट ने अपने पहले बोनस शेयर की रिकॉर्ड डेट गुरुवार 4 जून 2026 फिक्स की है। ऐसे में जो निवेशक ट्रेंट के बोनस शेयर का फायदा उठाना चाहते हैं, उनके लिए शेयर खरीदने का आज आखिरी मौका है। यानी, बुधवार तक ट्रेंट के शेयर खरीदने वाले निवेशकों को बोनस शेयर मिलेंगे।

30% से ज्यादा उछल गए हैं ट्रेंट के शेयर
टाटा ग्रुप की कंपनी ट्रेंट लिमिटेड (Trent Limited) के शेयर बुधवार को BSE में उछाल के साथ 4270 रुपये पर पहुंच गए हैं। पिछले 2 महीने से कुछ ज्यादा समय में ट्रेंट के शेयरों में 30 पर्सेंट से अधिक की तेजी देखने को मिली है। ट्रेंट के शेयर 30 मार्च 2026 को 3276.10 रुपये पर थे। टाटा ग्रुप की इस रिटेल कंपनी के शेयर 3 जून को 4270 रुपये पर जा पहुंचे हैं। ट्रेंट का मार्केट कैप बुधवार को 1,51,827 करोड़ रुपये को पार कर गया है।

400% से अधिक चढ़ गए हैं ट्रेंट के शेयर
टाटा ग्रुप की कंपनी ट्रेंट लिमिटेड (Trent) के शेयर पिछले 5 साल में 400 पर्सेंट से ज्यादा उछल गए हैं। ट्रेंट के शेयर 4 जून 2021 को 852.20 रुपये पर थे। कंपनी के शेयर 3 जून 2026 को 4270 रुपये पर जा पहुंचे हैं। पिछले 4 साल में ट्रेंट के शेयरों में 277 पर्सेंट की तेजी देखने को मिली है। तीन साल में ट्रेंट के शेयर 167 पर्सेंट चढ़ गए हैं। टाटा ग्रुप की इस कंपनी के शेयरों का 52 हफ्ते का हाई लेवल 6259 रुपये है। वहीं, कंपनी के शेयरों का 52 हफ्ते का निचला स्तर 3276.10 रुपये है।

कंपनी ने रिकॉर्ड डेट में किया था बदलाव
इस साल अप्रैल की शुरुआत में ट्रेंट लिमिटेड ने अपने चौथी तिमाही के नतीजों के साथ 1:2 के रेशियो में बोनस शेयर और 6 रुपये का डिविडेंड अनाउंस किया था। बोनस शेयर इश्यू के तहत कंपनी 1 रुपये फेस वैल्यू वाले करीब 17.77 करोड़ शेयर जारी करेगी। ट्रेंट ने पहले बोनस शेयर की रिकॉर्ड डेट शुक्रवार 29 मई 2026 फिक्स की थी, जिसे बाद में रिवाइज करके 4 जून कर दिया।

चौथी तिमाही में ट्रेंट को 413 करोड़ रुपये का मुनाफा
ट्रेंट लिमिटेड को वित्त वर्ष 2026 की चौथी तिमाही में 413.10 करोड़ रुपये का कंसॉलिडेटेड मुनाफा हुआ है। एक साल पहले की समान अवधि के मुकाबले कंपनी का मुनाफा सालाना आधार पर 32.57 पर्सेंट बढ़ा है। ट्रेंट को एक साल पहले की समान अवधि में 311.60 करोड़ रुपये का प्रॉफिट हुआ था। चौथी तिमाही में ट्रेंट का रेवेन्यू सालाना आधार पर 19.3 पर्सेंट बढ़कर 5027.99 करोड़ रुपये रहा। एक साल पहले की समान अवधि में यह 4216.94 करोड़ रुपये था।

Vishnu Soni

लेखक के बारे में

Vishnu Soni

विष्णु सोनी लाइव हिन्दुस्तान में बिजनेस, गैजेट्स और ऑटो सेक्शन संभाल रहे हैं। वह दिसंबर 2020 से लाइव हिन्दुस्तान के साथ हैं। वह शेयर बाजार, कॉरपोरेट, पर्सनल फाइनेंस, गैजेट्स और ऑटो की खबरें लिखते हैं। गैजेट्स और ऑटो रिव्यू में भी इनकी दिलचस्पी है। बिजनेस से जुड़ी खबरों में विष्णु हमेशा इस बात पर फोकस करते हैं कि वह पाठकों के 'काम की बात' वाला एंगल प्रमुखता से खबर में ला सकें, ताकि उनकी वित्तीय जागरूकता बढ़े। बिजनेस से जुड़ी खबरों में भाषा की सरलता और सहजता पर भी विष्णु का ध्यान हमेशा रहा है।

पत्रकारिता में विष्णु को 20 साल पूरे होने को हैं। विष्णु के करियर का ज्यादातर हिस्सा बिजनेस जर्नलिज्म से जुड़ा रहा है। वह दैनिक भास्कर, इकनॉमिक टाइम्स-हिंदी, अमर उजाला, नेटवर्क-18 और नवभारत टाइम्स ऑनलाइन में अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। विष्णु ने पत्रकारिता की पढ़ाई इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मॉस कम्युनिकेशन (IIMC), दिल्ली से की है। विष्णु, इलाहाबाद विश्वविद्यालय के गोल्ड मेडलिस्ट हैं। GST को लेकर बनाए गए विष्णु के एक वीडियो को अवॉर्ड भी मिल चुका है। कुकिंग, ट्रेवलिंग, क्रिकेट देखने और खेलने में इनको मजा आता है। अपने वक्त का एक हिस्सा विष्णु ऐसे शेयरों को 'खोजने' में लगाते हैं, जो कि आगे चलकर अच्छा रिटर्न दें।

और पढ़ें
जानें Hindi News, Business News, Budget 2026, बजट 2026 Live, Income Tax Live Updates की लेटेस्ट खबरें, शेयर बाजार का लेखा-जोखा, Share Market के लेटेस्ट अपडेट्स Investment Tips के बारे में सबकुछ।,