
टाटा के दिग्गज शेयर में तेजी, एक झटके में 400 करोड़ रुपये बढ़ गई रेखा झुनझुनवाला की दौलत
टाटा ग्रुप की कंपनी टाइटन के शेयर मंगलवार को BSE में 2% से अधिक की तेजी के साथ 3816.70 रुपये पर पहुंच गए हैं। रेखा झुनझुनवाला का टाइटन पर बड़ा दांव है। टाइटन के शेयरों में आए उछाल से झुनझुनवाला की दौलत 400 करोड़ रुपये से ज्यादा बढ़ गई है।
टाटा ग्रुप की कंपनी टाइटन के शेयरों में मंगलवार को अच्छी तेजी आई है। टाइटन कंपनी के शेयर मंगलवार को BSE में 2 पर्सेंट से अधिक के उछाल के साथ 3816.70 रुपये पर पहुंच गए हैं। टाइटन के शेयरों में यह उछाल सितंबर 2025 तिमाही के शानदार नतीजों के बाद आया है। चालू वित्त वर्ष की सितंबर तिमाही में टाटा ग्रुप की इस कंपनी का मुनाफा सालाना आधार पर 59 पर्सेंट बढ़ा है। दिग्गज निवेशक रेखा झुनझुनवाला का टाइटन पर बड़ा दांव है। टाइटन के शेयरों में मंगलवार को आई तेजी से रेखा झुनझुनवाला की नेटवर्थ एक झटके में 400 करोड़ रुपये से ज्यादा बढ़ गई है।
टाइटन को 1100 करोड़ रुपये से ज्यादा का मुनाफा
टाटा ग्रुप की दिग्गज कंपनी टाइटन (Titan) का मुनाफा चालू वित्त वर्ष की सितंबर तिमाही में सालाना आधार पर 59 पर्सेंट बढ़कर 1120 करोड़ रुपये रहा है। जुलाई-सितंबर 2025 तिमाही में टाइटन की टोटल सेल्स सालाना आधार पर 22 पर्सेंट बढ़कर 16,461 करोड़ रुपये रही है। कंपनी का इबिट्डा 51 पर्सेंट बढ़कर 1799 करोड़ रुपये रहा है। टाइटन की ज्वैलरी डिवीजन में तनिष्क, मिया, जोया और कैरेटलेन शामिल हैं, जिनका ग्रोथ में अहम रोल रहा है। ज्वैलरी डिवीजन की टोटल इनकम सालाना आधार पर 21 पर्सेंट बढ़कर 14,092 करोड़ रुपये रही है। वॉचेज एंड वियरेबल्स सेगमेंट की टोटल इनकम 13 पर्सेंट बढ़कर 1477 करोड़ रुपये रही।
एक झटके में 400 करोड़ रुपये से ज्यादा बढ़ी रेखा झुनझुनवाला की दौलत
दिग्गज इनवेस्ट रेखा झुनझुनवाला का टाटा ग्रुप की कंपनी टाइटन पर बड़ा दांव है। रेखा झुनझुनवाला के पास टाइटन कंपनी के टोटल 47,293,470 शेयर हैं। कंपनी में झुनझुनवाला की हिस्सेदारी 5.32 पर्सेंट है। टाइटन कंपनी के शेयर सोमवार को BSE में 3727.80 रुपये पर बंद हुए थे। टाइटन के शेयर मंगलवार को BSE में 3816.70 रुपये पर पहुंच गए हैं। यानी, सोमवार के मुकाबले टाइटन के शेयर मंगलवार को 88.90 रुपये उछल गए हैं। झुनझुनवाला के पास टाइटन के 47,293,470 शेयर हैं। इस हिसाब से रेखा झुनझुनवाला की दौलत (नेटवर्थ) एक झटके में करीब 419 करोड़ रुपये बढ़ गई है।





