
एक ही दिन में 575 रुपये चढ़ गया टाटा का शेयर, इस वजह से तूफानी तेजी, बोनस शेयर बांट चुकी है कंपनी
टाटा एलेक्सी के शेयर बुधवार को BSE में इंट्राडे के दौरान 10% से ज्यादा चढ़कर 5918.70 रुपये पर पहुंच गए। कंपनी के शेयर एक ही दिन में 575 रुपये उछल गए हैं। जेपी मॉर्गन ने टाटा एलेक्सी के शेयरों की रेटिंग अपग्रेड की है।
टाटा ग्रुप की कंपनी टाटा एलेक्सी के शेयरों में गजब की तेजी आई है। टाटा एलेक्सी के शेयर बुधवार को BSE में इंट्राडे के दौरान 10 पर्सेंट से अधिक के उछाल के साथ 5918.70 रुपये पर पहुंच गए। कंपनी के शेयर मंगलवार को 5343.15 रुपये पर बंद हुए थे। मंगलवार के बंद स्तर के मुकाबले टाटा एलेक्सी के शेयर बुधवार को 575 रुपये से ज्यादा उछल गए। विदेशी ब्रोकरेज हाउस जेपी मॉर्गन ने टाटा एलेक्सी के स्टॉक को अपग्रेड किया है। साथ ही, कंपनी के शेयरों का टारगेट प्राइस भी बढ़ा दिया है। टाटा ग्रुप की यह कंपनी अपने शेयरधारकों को बोनस शेयर भी बांट चुकी है।
अगस्त 2024 के बाद कंपनी के शेयरों में एक दिन का सबसे बड़ा उछाल
बुधवार को आई तेजी, टाटा एलेक्सी (Tata Elxsi) के शेयरों में अगस्त 2024 के बाद एक दिन का सबसे बड़ा उछाल है। ब्रोकरेज हाउस जेपी मॉर्गन ने टाटा एलेक्सी की रेटिंग को अपग्रेड करके न्यूट्रल कर दिया है। जेपी मॉर्गन ने पहले कंपनी के शेयरों के लिए अंडरवेट रेटिंग दी थी। जेपी मॉर्गन ने टाटा एलेक्सी के शेयर का टारगेट प्राइस भी पहले के 4000 रुपये से बढ़ाकर 4800 रुपये कर दिया है। ब्रोकरेज हाउस ने वित्त वर्ष 2026-2028 के लिए कंपनी के अपने रेवेन्यू एस्टिमेट्स को भी अपग्रेड किया है।
187% से ज्यादा उछल गए हैं टाटा एलेक्सी के शेयर
टाटा ग्रुप की कंपनी टाटा एलेक्सी (Tata Elxsi) के शेयर पिछले पांच साल में 187 पर्सेंट से अधिक चढ़ गए हैं। टाटा एलेक्सी के शेयर 8 जनवरी 2021 को 2043.30 रुपये पर थे। कंपनी के शेयर बुधवार 7 जनवरी 2026 को 5918.70 रुपये पर पहुंच गए हैं। अगर पिछले एक साल में देखें तो कंपनी के शेयरों में 9 पर्सेंट से अधिक की गिरावट आई है। पिछले एक महीने में कंपनी के शेयर 17 पर्सेंट से ज्यादा उछले हैं। टाटा एलेक्सी के शेयरों का 52 हफ्ते का हाई लेवल 6733.50 रुपये है। वहीं, कंपनी के शेयरों का 52 हफ्ते का लो लेवल 4601.05 रुपये है।
बोनस शेयर का तोहफा दे चुकी है कंपनी
टाटा एलेक्सी (Tata Elxsi) अपने शेयरधारकों को बोनस शेयर का भी तोहफा दे चुकी है। कंपनी ने सितंबर 2017 में अपने निवेशकों को 1:1 के रेशियो में बोनस शेयर दिए। यानी, कंपनी ने हर 1 शेयर पर 1 बोनस शेयर बांटा। कंपनी में प्रमोटर्स की हिस्सेदारी 43.90 पर्सेंट है, जबकि पब्लिक शेयरहोल्डिंग 56.10 पर्सेंट है।

लेखक के बारे में
Vishnu Soniविष्णु सोनी लाइव हिन्दुस्तान में बिजनेस, गैजेट्स और ऑटो सेक्शन संभाल रहे हैं। वह दिसंबर 2020 से लाइव हिन्दुस्तान के साथ हैं। वह स्टॉक मार्केट, कॉरपोरेट, पर्सनल फाइनेंस, गैजेट्स और ऑटो की खबरें लिखते हैं। पत्रकारिता में विष्णु को 20 साल पूरे होने को हैं। विष्णु के करियर का ज्यादातर हिस्सा बिजनेस जर्नलिज्म से जुड़ा रहा है। वह दैनिक भास्कर, इकनॉमिक टाइम्स-हिंदी, अमर उजाला, नेटवर्क-18 और नवभारत टाइम्स ऑनलाइन में अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। विष्णु ने पत्रकारिता की पढ़ाई इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मॉस कम्युनिकेशन (IIMC), दिल्ली से की है। विष्णु, इलाहाबाद विश्वविद्यालय के गोल्ड मेडलिस्ट हैं। GST को लेकर बनाए गए विष्णु के एक वीडियो को अवॉर्ड भी मिल चुका है।
और पढ़ें



