
5 गुना घट गया टाटा की इस कंपनी का मुनाफा, 6 महीने में 36% टूट गए हैं शेयर
टाटा ग्रुप की कंपनी रैलिस इंडिया को चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में 2 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ है। एक साल पहले की समान अवधि में कंपनी को 11 करोड़ रुपये का प्रॉफिट हुआ था। कंपनी के शेयर 6 महीने में 36% टूट गए हैं।
टाटा ग्रुप की कंपनी रैलिस इंडिया का मुनाफा 5 गुना घट गया है। रैलिस इंडिया को चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में 2 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ है। एक साल पहले की समान अवधि में कंपनी को 11 करोड़ रुपये का प्रॉफिट हुआ था। रैलिस इंडिया का मुनाफा सालाना आधार पर 81.8 पर्सेंट घटा है। टाटा ग्रुप की इस कंपनी के शेयर पिछले 6 महीने में 36 पर्सेंट से अधिक टूट गए हैं। रैलिस इंडिया, पेस्टिसाइड्स एंड एग्रोकेमिकल्स इंडस्ट्री से जुड़ी कंपनी है।
623 करोड़ रुपये रहा कंपनी का रेवेन्यू
रैलिस इंडिया (Rallis India) का रेवेन्यू चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में सालाना आधार पर 19.3 पर्सेंट बढ़कर 623 करोड़ रुपये रहा है। एक साल पहले की समान अवधि में कंपनी का रेवेन्यू 522 करोड़ रुपये था। दिसंबर 2025 तिमाही में कंपनी का इबिट्डा 31.8 पर्सेंट बढ़कर 58 करोड़ रुपये रहा, जो कि एक साल पहले की समान अवधि में 44 करोड़ रुपये था। एक्सेप्शनल आइटम्स से पहले कंपनी का पीबीटी (टैक्स भुगतान से पहले कंपनी का मुनाफा) बढ़कर 36 करोड़ रुपये रहा, जो कि एक साल पहले की समान अवधि में 19 करोड़ रुपये था। तिमाही में एक्सेप्शनल आइटम्स शामिल रहे, जो कि वेज कोड एम्प्लीमेंटेशन से होने वाले एडिशनल ग्रेच्यूटी प्रोविजन को दर्शाते हैं।
6 महीने में 36% से ज्यादा लुढ़क गए हैं कंपनी के शेयर
टाटा ग्रुप की कंपनी रैलिस इंडिया (Rallis India) के शेयर पिछले 6 महीने में 36 पर्सेंट से अधिक टूट गए हैं। रैलिस इंडिया के शेयर 21 जुलाई 2025 को 362.65 रुपये पर थे। कंपनी के शेयर 20 जनवरी 2026 को 230.45 रुपये पर बंद हुए हैं। इस साल अब तक रैलिस इंडिया के शेयरों में 17 पर्सेंट से अधिक की गिरावट देखने को मिली है। वहीं, पिछले एक महीने में कंपनी के शेयर 16 पर्सेंट टूट गए हैं। रैलिस इंडिया के शेयरों का 52 हफ्ते का हाई लेवल 385.60 रुपये है। वहीं, कंपनी के शेयरों का 52 हफ्ते का लो लेवल 196 रुपये है।





