टाटा की होटल कंपनी ने किया बड़ा ऐलान, ओरिएंटल होटल्स के हर 117 शेयर पर देगी अपने 25 शेयर
मुख्य बातें
- टाटा ग्रुप की कंपनी ने इंडियन होटल्स कंपनी लिमिटेड के साथ ओरिएंटल होटल्स के मर्जर की घोषणा की है
- मर्जर के लिए शेयर स्वैप रेशियो 25:117 फिक्स किया गया है
- यानी, ओरिएंटल होटल्स के शेयरधारकों को प्रत्येक 117 शेयर के बदले इंडियन होटल्स कंपनी के 25 शेयर मिलेंगे

टाटा ग्रुप की इंडियन होटल्स कंपनी लिमिटेड (IHCL) ने एक बड़ा ऐलान किया है। कंपनी ने इंडियन होटल्स कंपनी के साथ ओरिएंटल होटल्स के विलय (मर्जर) की घोषणा की है। यह मर्जर ऑल-स्टॉक ट्रांजैक्शन के जरिए होगा। इंडियन होटल्स कंपनी लिमिटेड, पॉपुलर ताज होटल ब्रांड ऑपरेट करती है। इंडियन होटल्स के शेयर सोमवार को बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) में 727 रुपये पर बंद हुए हैं। वहीं, ओरिएंटल होटल्स के शेयर सोमवार को 140.50 रुपये पर बंद हुए हैं।
इंडियन होटल्स की एसोसिएट कंपनी है ओरिएंटल होटल्स
ओरिएंटल होटल्स (Oriental Hotels), इंडियन होटल्स कंपनी लिमिटेड (IHCL) की एसोसिएट कंपनी है। इसके पास 825 कमरों के साथ 7 होटल्स का पोर्टफोलियो है। इंडियन होटल्स कंपनी लिमिटेड और इसकी सहायक कंपनियों की मौजूदा समय में ओरिएंटल होटल्स में 37 पर्सेंट से कुछ ज्यादा हिस्सेदारी है। ओरिएंटल होटल्स का इंडियन होटल्स कंपनी में विलय वित्त वर्ष 2028 की दूसरी छमाही में पूरा होने की उम्मीद है। मर्जर के बाद 7 होटल्स, इंडियन होटल्स कंपनी के स्टैंडअलोन पोर्टफोलियो में ऐड किए जाएंगे, जिसमें 3 फ्रीहोल्ड प्रॉपर्टीज भी हैं।
शेयरधारकों के लिए क्या अपडेट?
ओरिएंटल होटल्स (Oriental Hotels) के इंडियन होटल्स कंपनी लिमिटेड में मर्जर के लिए शेयर स्वैप रेशियो 25:117 फिक्स किया गया है। इसका मतलब यह है कि ओरिएंटल होटल्स के शेयरधारकों को अपने प्रत्येक 117 शेयर के बदले इंडियन होटल्स कंपनी के 25 शेयर मिलेंगे। कंपनी ने फिलहाल इसकी रिकॉर्ड डेट अनाउंस नहीं की है। ओरिएंटल होटल्स का इंडियन होटल्स में विलय देश की हॉस्पिटैलिटी इंडस्ट्री में सबसे बड़े मर्जर्स में से एक होगा। इस विलय के बाद दक्षिण भारत में इंडियन होटल्स कंपनी लिमिटेड की टोटल ऑपरेटिंग कीज (Keys) बढ़कर 2100 के ऊपर पहुंच जाएंगी।
इंडियन होटल्स कंपनी के साथ क्यों हो रहा ओरिएंटल होटल्स का मर्जर
इंडियन होटल्स कंपनी लिमिटेड (IHCL) ने कहा है कि कंपनियां एक जैसे बिजनेस में हैं और इनका कॉम्प्लीमेंट्री पोर्टफोलियो है। तमिलनाडु, केरल और कर्नाटक में ओरिएंटल होटल्स की अच्छी मौजूदगी है। अगर इंडियन होटल्स कंपनी लिमिटेड के शेयर परफॉर्मेंस की बात करें तो पिछले पांच साल में कंपनी के शेयर 435 पर्सेंट उछल गए हैं। पिछले चार साल में इंडियन होटल्स कंपनी लिमिटेड के शेयरों में 159 पर्सेंट का उछाल आया है। हालांकि, पिछले एक साल में कंपनी के शेयरों में 7 पर्सेंट से अधिक की गिरावट देखने को मिली है। इंडियन होटल्स कंपनी के शेयरों का 52 हफ्ते का हाई लेवल 803 रुपये है। पिछले पांच साल में ओरिएंटल होटल्स के शेयरों में 302 पर्सेंट की तेजी आई है। ओरिएंटल होटल्स के शेयर पिछले 4 साल में 110 पर्सेंट उछले हैं।


