करीब 6% टूटा टाटा की इस कंपनी का शेयर, पॉजिटिव नतीजे के बाद भी निवेशक सतर्क
टाटा ग्रुप की कंपनी टाटा कम्युनिकेशंस के शेयर में बुधवार को करीब 6 पर्सेंट की बड़ी गिरावट देखी गई। इस गिरावट ऐसे समय मे आई जब कंपनी ने तिमाही नतीजे जारी किए। टाटा की कंपनी का नेट प्रॉफिट 55% बढ़कर 365 करोड़ रुपये हो गया है।

Tata communications share price: टाटा ग्रुप की कंपनी- टाटा कम्युनिकेशंस के शेयर में बुधवार को करीब 6 पर्सेंट की बड़ी गिरावट देखी गई। इस गिरावट के बीच कंपनी ने वित्त वर्ष 2025-26 की तीसरी तिमाही के नतीजे जारी कर दिए हैं। दिसंबर तिमाही(Q3FY26) के दौरान सालाना आधार पर कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट में 55% बढ़कर 365 करोड़ रुपये हो गया है। यह पिछले साल की समान तिमाही में 236 करोड़ रुपये था। तिमाही आधार पर भी मुनाफे में जबरदस्त उछाल देखा गया और यह सितबर तिमाहीके 183 करोड़ रुपये से दोगुना हो गया है।
कंपनी का राजस्व
दिसंबर तिमाही में टाटा कम्युनिकेशंस का परिचालन से राजस्व 7% की वृद्धि के साथ 6189 करोड़ रुपये रहा। वहीं, पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में यह 5,798 करोड़ रुपये था। हालांकि, तिमाही आधार पर राजस्व में सीमित 1.5% की वृद्धि दर्ज की गई। कंपनी का कुल खर्च बढ़कर 5914 करोड़ रुपये हो गया, जो पिछली तिमाही में 5807 करोड़ रुपये और एक साल पहले 5,441 करोड़ रुपये था।
शेयर का परफॉर्मेंस
टाटा कम्युनिकेशंस के शेयर की बात करें तो बुधवार को यह 5.64% टूटकर 1617.55 रुपये पर बंद हुआ। ट्रेडिंग के दौरान शेयर 1742.20 रुपये से 1601 रुपये के बीच रहा। शेयर के 52 हफ्ते का लो 1,293 रुपये और 52 हफ्ते का हाई 2,004 रुपये है। बीते दिनों ब्रोकरेज मैक्वेरी ने शेयर पर 'बाय' कॉल बनाए रखा, जिसका टारगेट प्राइस 2210 रुपये प्रति शेयर है।
क्या कहा कंपनी के एमडी ने?
टाटा कम्युनिकेशंस के एमडी और सीईओ एएस.लक्ष्मीनारायणन ने कहा कि तीसरी तिमाही का प्रदर्शन डेटा-आधारित वृद्धि और बढ़ते मार्जिन पर कंपनी के अनुशासित फोकस को दिखाता है। उन्होंने कहा कि मजबूत ऑर्डर बुक और आगामी उत्पाद लॉन्च के दम पर कंपनी अगले चरण की वृद्धि के लिए अच्छी स्थिति में है।





