
45% गिर गया टाटा की कंपनी का प्रॉफिट, कल फोकस में रहेंगे शेयर, आपका है दांव?
पिछली तिमाही (Q2FY26) की तुलना में भी मुनाफे में करीब 29.7% की गिरावट दर्ज की गई, जब कंपनी ने ₹154.82 करोड़ का प्रॉफिट कमाया था। बढ़ती लागत और ऑपरेशनल खर्च मुनाफे पर दबाव की बड़ी वजह माने जा रहे हैं।
Tata Elxsi Q3 Results: टाटा ग्रुप की डिजाइन और टेक्नोलॉजी कंपनी टाटा एलेक्सी ने वित्त वर्ष 2025-26 की तीसरी तिमाही (Q3FY26) के नतीजे जारी किए हैं, जो मिले-जुले रहे। कंपनी का कंसॉलिडेटेड नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 45% गिरकर ₹108.89 करोड़ रह गया, जबकि पिछले साल इसी तिमाही में यह ₹199 करोड़ था। वहीं, पिछली तिमाही (Q2FY26) की तुलना में भी मुनाफे में करीब 29.7% की गिरावट दर्ज की गई, जब कंपनी ने ₹154.82 करोड़ का प्रॉफिट कमाया था। बढ़ती लागत और ऑपरेशनल खर्च मुनाफे पर दबाव की बड़ी वजह माने जा रहे हैं।
कंपनी ने क्या कहा
हालांकि मुनाफे में गिरावट के बावजूद कंपनी के रेवेन्यू में मजबूती देखने को मिली। Q3FY26 में टाटा एलेक्सी का ऑपरेशनल रेवेन्यू ₹953.47 करोड़ रहा, जो सालाना आधार पर 1.5% ज्यादा है। पिछले साल इसी तिमाही में कंपनी का रेवेन्यू ₹939.17 करोड़ था। तिमाही आधार पर भी रेवेन्यू में 3.9% की बढ़ोतरी दर्ज की गई, क्योंकि Q2FY26 में यह ₹918.1 करोड़ था। इससे साफ है कि बिज़नेस ग्रोथ बनी हुई है और ऑर्डर फ्लो में स्थिरता है।
कंपनी ने बताया कि लागत बढ़ने के बावजूद उसने ऑपरेशनल डिसिप्लिन बनाए रखा है। इसका असर मार्जिन पर दिखा। Q3 में कंपनी का EBIT (ब्याज और टैक्स से पहले की कमाई) 17.7% बढ़कर ₹199.9 करोड़ पहुंच गया। साथ ही, EBIT मार्जिन भी 18.5% से बढ़कर 21% हो गया, जो बेहतर ऑपरेशनल एफिशिएंसी का संकेत है। यानी खर्च ज्यादा होने के बावजूद कंपनी ने अपने मार्जिन सुधारने में कामयाबी पाई है।
शेयरों के हाल
नतीजों से पहले टाटा एलेक्सी के शेयरों में हल्की तेजी देखने को मिली। मंगलवार को NSE पर कंपनी का शेयर ₹5,793 पर बंद हुआ, जो ₹99.50 या 1.75% की बढ़त के साथ क्लोज हुआ। बाजार की नजर अब इस बात पर रहेगी कि आने वाली तिमाहियों में कंपनी लागत दबाव को कैसे संभालती है और मुनाफे की ग्रोथ को दोबारा पटरी पर लाती है। कुल मिलाकर, कंपनी के नतीजे बताते हैं कि टॉप-लाइन मजबूत है, लेकिन प्रॉफिट पर फिलहाल दबाव बना हुआ है।





