
टाटा के इस शेयर को बेचकर निकल रहे निवेशक, ₹50 से भी नीचे भाव, अब एक और झटका
टीटीएमएल यानी टाटा टेली सर्विसेज (महाराष्ट्र) लिमिटेड के शेयर में शुक्रवार को बड़ी गिरावट आई और भाव 50 रुपये के नीचे आ गया। इसी के साथ शेयर अपने 52 हफ्ते के लो पर पहुंच गया। अब सोमवार को भी शेयर में हलचल देखी जा सकती है।
TTML share price: बीते शुक्रवार को जब शेयर बाजार में तूफानी तेजी थी तब कुछ शेयर बिकवाली मोड में नजर आए। ऐसा ही एक शेयर टाटा ग्रुप की कंपनी टीटीएमएल यानी टाटा टेली सर्विसेज (महाराष्ट्र) लिमिटेड है। टीटीएमएल के शेयर में शुक्रवार को बड़ी गिरावट आई और भाव 50 रुपये के नीचे आ गया। इसी के साथ शेयर अपने 52 हफ्ते के लो पर पहुंच गया। अब सोमवार को भी शेयर में हलचल देखी जा सकती है। इसकी वजह कंपनी से जुड़ी एक खबर है।
टीटीएमएल ने स्टॉक एक्सचेंज से क्या कहा?
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज को टीटीएमएल ने बताया कि दूरसंचार विभाग (महाराष्ट्र LSA) से 5 दिसंबर 2025 को दो जुर्माना आदेश मिले हैं। ये जुर्माने अप्रैल 2007 से अप्रैल 2012 की अवधि में ग्राहकों का पर्याप्त सत्यापन न करने और लाइसेंस शर्तों का पालन न करने के लिए लगाए गए हैं। पहला जुर्माना (अप्रैल 2007-मार्च 2009) 29.32 लाख रुपये और दूसरा जुर्माना (अप्रैल 2009-अप्रैल 2012) 4.39 करोड़ रुपये का है, जिससे कुल जुर्माना 4.68 करोड़ रुपये हो जाता है। कंपनी इन आदेशों की समीक्षा कर रही है और उचित कदम जैसे अपील दायर करने पर विचार करेगी। अभी तक इस राशि के लिए कोई प्रावधान या भुगतान नहीं किया गया है। यह प्रकटीकरण SEBI के रेगुलेशन 30 के तहत किया गया है और कंपनी के संचालन पर इसका तत्काल कोई बड़ा प्रभाव नहीं दिख रहा है।
शेयर का परफॉर्मेंस
टीटीएमएल के शेयर की बात करें तो इसने लॉन्ग टर्म में निवेशकों को मल्टीबैगर रिटर्न दिया है। तीन साल, दो साल और एक साल की अवधि का रिटर्न निगेटिव में रहा। पिछले साल दिसंबर के महीने में शेयर 88.88 रुपये पर था। यह शेयर के 52 हफ्ते का हाई है। वहीं, शेयर के 52 हफ्ते का लो 49.01 रुपये है। बीते शुक्रवार को ट्रेडिंग के दौरान शेयर ने इस लो को टच किया था।





