
96% घट गया टाटा की इस कंपनी का मुनाफा, सोमवार को फोकस में रहेंगे शेयर
टाटा टेक्नोलॉजीज ने कहा कि कंपनी ने पिछले वित्त वर्ष 2024-25 की इसी तिमाही में 168.64 करोड़ रुपये का मुनाफा कमाया था। तिमाही नतीजों के बाद टाटा टेक्नोलॉजीज लिमिटेड के शेयर पर सोमवार को निवेशकों की नजर रहेगी। इस शेयर की बात करें तो 650.40 रुपये कीमत है।
Tata technologies share price: टाटा ग्रुप की कंपनी- टाटा टेक्नोलॉजीज लिमिटेड ने शुक्रवार को दिसंबर 2025 तिमाही के नतीजे जारी कर दिए हैं। चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में कंपनी का मुनाफा 96 प्रतिशत घटकर 6.64 करोड़ रुपये रहा। इसकी मुख्य वजह लेबर कोड का असर है। टाटा टेक्नोलॉजीज ने शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि कंपनी ने पिछले वित्त वर्ष 2024-25 की इसी तिमाही में 168.64 करोड़ रुपये का मुनाफा कमाया था। दिसंबर 2025 को समाप्त तिमाही में परिचालन राजस्व 1365.73 करोड़ रुपये रहा जबकि पिछले साल इसी तिमाही में यह 1,317.38 करोड़ रुपये था। तीसरी तिमाही में कुल खर्च बढ़कर 1,217.99 करोड़ रुपये रहा जो एक साल पहले इसी तिमाही में 1,119.31 करोड़ रुपये था।
114 करोड़ रुपये की ग्रेच्युटी का प्रावधान
टाटा टेक्नोलॉजीज लिमिटेड ने कहा कि उसने लेबर कोड के सांविधिक असर को विशिष्ट सामग्री के तहत रखा है। इसमें 114 करोड़ रुपये की ग्रेच्युटी का प्रावधान शामिल है। यह मुख्य रूप से सरकार द्वारा 21 नवंबर, 2025 को अधिसूचित किए गए चार नए लेबर कोड के तहत वेतन परिभाषा में बदलाव के कारण हुआ है। टाटा टेक्नोलॉजीज लिमिटेड के सीईओ और प्रबंध निदेशक वॉरेन हैरिस ने कहा कि तीसरी तिमाही ने हमारे व्यवसाय की मजबूती को दिखाया, जिससे मौसमी नरमी और कुछ समय की मुश्किलों के बावजूद वृद्धि हुई।
जर्मनी के ईएस-टी ग्रुप का अधिग्रहण
इसके अलावा, कंपनी ने बताया कि दिसंबर 2025 तिमाही के दौरान उसकी पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी टाटा टेक्नोलॉजीज पीटीई लिमिटेड (सिंगापुर) ने जर्मनी की ईएस-टी ग्रुप का 100 प्रतिशत अधिग्रहण पूरा किया है। यह कंपनी ऑटोमोटिव इंजीनियरिंग सेवाओं में विशेषज्ञ है, खासकर ADAS, कनेक्टेड ड्राइविंग और डिजिटल इंजीनियरिंग में। इस अधिग्रहण के तहत 51.4 मिलियन यूरो (लगभग 532.29 करोड़ रुपये) का भुगतान किया गया है जबकि अगले दो वर्षों में परिचालन लक्ष्यों के आधार पर 14.6 मिलियन यूरो (लगभग 151.77 करोड़ रुपये) तक का अतिरिक्त भुगतान किया जा सकता है।
शेयर पर रहेगी नजर
तिमाही नतीजों के बाद टाटा टेक्नोलॉजीज लिमिटेड के शेयर पर सोमवार को निवेशकों की नजर रहेगी। इस शेयर की बात करें तो 650.40 रुपये कीमत है। यह शेयर के एक दिन पहले के मुकाबले मामूली बढ़त को दिखाता है। बीते साल जनवरी के महीने में शेयर 841.25 रुपये तक गया था। यह शेयर के 52 हफ्ते का हाई है।





