
60% गिरा टाटा की इस कंपनी का मुनाफा, ब्रोकरेज ने कहा- शेयर में है दम, खरीद लो
टाटा केमिकल्स ने सितंबर तिमाही के नतीजे जारी कर दिए हैं। तिमाही में कंपनी का नेट प्रॉफिट 60 प्रतिशत से अधिक घटकर 77 करोड़ रुपये रह गया। बीते शुक्रवार को टाटा केमिकल्स के शेयर की बात करें तो 1.10% टूटकर 890.75 रुपये पर बंद हुआ।
Tata chemicals result: टाटा ग्रुप की कंपनी टाटा केमिकल्स ने सितंबर तिमाही के नतीजे जारी कर दिए हैं। इस तिमाही में कंपनी का नेट प्रॉफिट 60 प्रतिशत से अधिक घटकर 77 करोड़ रुपये रह गया। कंपनी ने शेयर बाजार को बताया कि एक साल पहले इसी अवधि में उसका प्रॉफिट 194 करोड़ रुपये था। तिमाही के दौरान टाटा केमिकल्स का परिचालन राजस्व 3.05 प्रतिशत घटकर 3,877 करोड़ रुपये रह गया, जबकि पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि में यह 3,999 करोड़ रुपये था।

क्या कहा कंपनी के सीईओ ने?
टाटा केमिकल्स के प्रबंध निदेशक और सीईओ आर मुकुंदन ने कहा, ''सोडा ऐश बाजारों में आपूर्ति की अधिकता बनी हुई है और अधिकांश क्षेत्रों में भंडार का स्तर ऊंचा है। वित्त वर्ष 2025-26 की दूसरी तिमाही के दौरान कीमतें कमजोर बनी रहीं। चूंकि मांग-आपूर्ति संतुलन कमजोर बना हुआ है, इसलिए हमारा अनुमान है कि मध्यम अवधि में बाजार सीमित दायरे में रहेगा।'' उन्होंने कहा कि कम कीमतों के कारण बाजार में आई चुनौतियों के बावजूद बिक्री बढ़ने के कारण कंपनी का एकल प्रदर्शन सकारात्मक रहा और समग्र प्रदर्शन अनुशासित लागत प्रबंधन के कारण लचीला रहा है।
शेयर का परफॉर्मेंस
बीते शुक्रवार को टाटा केमिकल्स के शेयर की बात करें तो 1.10% टूटकर 890.75 रुपये पर बंद हुआ। इस शेयर को लेकर बीते दिनों एक ब्रोकरेज ने नया टारगेट प्राइस भी दिया था। घरेलू ब्रोकरेज फर्म जेएम फाइनेंशियल ने टाटा केमिकल्स पर 'एड' रेटिंग के साथ कवरेज शुरू किया है और सितंबर 2026 के लिए ₹970 प्रति शेयर का टारगेट प्राइस निर्धारित किया है। कंपनी ने सोडा ऐश व्यवसाय में मजबूत विकास संभावनाओं और रणनीतिक परिचालन कदमों का हवाला देते हुए यह टारगेट दिया है। नवंबर 2024 में शेयर की कीमत 1,164.65 रुपये थी। यह शेयर के 52 हफ्ते का हाई है। मार्च 2025 में शेयर 756.45 रुपये तक आ गया था। यह शेयर के 52 हफ्ते का लो है।





