टाटा के इस AI स्टॉक पर टूट पड़े विदेशी निवेशक, खरीद डाले कंपनी के और शेयर
मुख्य बातें
- टाटा एलेक्सी में मार्च तिमाही के दौरान विदेशी निवेशकों ने अपनी हिस्सेदारी 2.52% बढ़ाई है
- चौथी तिमाही के आखिर में टाटा एलेक्सी में विदेशी निवेशकों की कुल हिस्सेदारी बढ़कर 11.08% पहुंच गई है

भारतीय शेयर बाजार के लिए वित्त वर्ष 2026 की चौथी तिमाही काफी मुश्किल भरी रही है। आईटी सेक्टर पर बिकवाली का ज्यादा दबाव रहा है। विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने चौथी तिमाही में आईटी सेक्टर में जमकर बिकवाली की है। NSDL के डेटा के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने चौथी तिमाही के दौरान 20,658 करोड़ रुपये के आईटी स्टॉक्स बेचे। इस वजह से निफ्टी आईटी इंडेक्स में तिमाही के दौरान 21 पर्सेंट से ज्यादा की गिरावट आई। हालांकि, एक आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस (AI) स्टॉक को विदेशी निवेशकों ने चौथी तिमाही के दौरान चुपचाप जमकर खरीदा। यह टाटा ग्रुप की कंपनी टाटा एलेक्सी लिमिटेड का शेयर है। यह बात फाइनेंशियल एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट में कही गई है।
विदेशी निवेशकों ने टाटा एलेक्सी में बढ़ाई अपनी हिस्सेदारी
विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने मार्च 2026 तिमाही के दौरान टाटा एलेक्सी (Tata Elxsi) में अपनी हिस्सेदारी 2.52 पर्सेंट बढ़ाई है। तिमाही के आखिर में टाटा एलेक्सी में विदेशी निवेशकों की कुल हिस्सेदारी बढ़कर 11.08 पर्सेंट पहुंच गई है। दिग्गज बीमा कंपनी लाइफ इंश्योरेंस कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (LIC) का भी टाटा एलेक्सी पर बड़ा दांव है। टाटा एलेक्सी में एलआईसी की हिस्सेदारी 6.59 पर्सेंट है।
टाटा एलेक्सी का बिजनेस
टाटा ग्रुप की कंपनी टाटा एलेक्सी, इंजीनियरिंग रिसर्च एंड डिजाइन सर्विसेज ऑफर करती है। टाटा एलेक्सी प्रॉडक्ट के डिवेलपमेंट और रीइमेजनिंग के लिए डिजाइन डिजिटल अप्रोच फॉलो करती है। डिजाइनिंग और सॉफ्टवेयर डिवेलपमेंट से जुड़े काम में टाटा एलेक्सी IoT के साथ आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस (AI), वर्चुअल रियल्टी और क्लाउड बतौर टूल्स इस्तेमाल करती है। डिजाइनिंग और डिवेलपमेंट के अलावा टाटा एलेक्सी अपने ग्राहकों को सिस्टम इंटीग्रेशन और सपोर्ट सर्विसेज ऑफर करती है।
6 महीने में करीब 25% टूट गए हैं टाटा एलेक्सी के शेयर
टाटा एलेक्सी (Tata Elxsi) के शेयर पिछले 6 महीने में करीब 25 पर्सेंट लुढ़क गए हैं। टाटा ग्रुप की इस कंपनी के शेयर 27 अक्टूबर 2025 को 5586.25 रुपये पर थे। कंपनी के शेयर 24 अप्रैल 2026 को 4196.50 रुपये पर बंद हुए हैं। इस साल अब तक टाटा एलेक्सी के शेयर 19 पर्सेंट टूट गए हैं। अगर पिछले 2 साल की बात करें तो कंपनी के शेयरों में 41 पर्सेंट की गिरावट देखने को मिली है। टाटा एलेक्सी के शेयरों का 52 हफ्ते का हाई लेवल 6733.50 रुपये है। वहीं, कंपनी के शेयरों का 52 हफ्ते का लो लेवल 3970 रुपये है।
बोनस शेयर भी बांट चुकी है कंपनी
टाटा एलेक्सी अपने शेयरधारकों को बोनस शेयर का तोहफा भी दे चुकी है। कंपनी ने सितंबर 2017 में 1:1 के रेशियो में बोनस शेयर दिए। यानी, कंपनी ने हर शेयर पर 1 बोनस शेयर बांटा। टाटा एलेक्सी का मार्केट कैप शुक्रवार 24 अप्रैल 2026 को 26,142.80 करोड़ रुपये पहुंच गया।
लेखक के बारे में
Vishnu Soniविष्णु सोनी लाइव हिन्दुस्तान में बिजनेस, गैजेट्स और ऑटो सेक्शन संभाल रहे हैं। वह दिसंबर 2020 से लाइव हिन्दुस्तान के साथ
हैं। वह शेयर बाजार, कॉरपोरेट, पर्सनल फाइनेंस, गैजेट्स और ऑटो की खबरें लिखते हैं। गैजेट्स और ऑटो रिव्यू में भी इनकी
दिलचस्पी है। बिजनेस से जुड़ी खबरों में विष्णु हमेशा इस बात पर फोकस करते हैं कि वह पाठकों के 'काम की बात' वाला एंगल
प्रमुखता से खबर में ला सकें, ताकि उनकी वित्तीय जागरूकता बढ़े। बिजनेस से जुड़ी खबरों में भाषा की सरलता और सहजता पर भी
विष्णु का ध्यान हमेशा रहा है।
पत्रकारिता में विष्णु को 20 साल पूरे होने को हैं। विष्णु के करियर का ज्यादातर हिस्सा बिजनेस जर्नलिज्म से जुड़ा रहा है।
वह दैनिक भास्कर, इकनॉमिक टाइम्स-हिंदी, अमर उजाला, नेटवर्क-18 और नवभारत टाइम्स ऑनलाइन में अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर
चुके हैं। विष्णु ने पत्रकारिता की पढ़ाई इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मॉस कम्युनिकेशन (IIMC), दिल्ली से की है। विष्णु, इलाहाबाद
विश्वविद्यालय के गोल्ड मेडलिस्ट हैं। GST को लेकर बनाए गए विष्णु के एक वीडियो को अवॉर्ड भी मिल चुका है। कुकिंग,
ट्रेवलिंग, क्रिकेट देखने और खेलने में इनको मजा आता है। अपने वक्त का एक हिस्सा विष्णु ऐसे शेयरों को 'खोजने' में लगाते
हैं, जो कि आगे चलकर अच्छा रिटर्न दें।


