स्विगी के को-फाउंडर का इस्तीफा, शेयर पर ब्रोकरेज ने 27% घटाया टारगेट प्राइस

Deepak Kumar लाइव हिन्दुस्तान
share

स्विगी के सह-संस्थापक लक्ष्मी नंदन रेड्डी ओबुल ने कंपनी के बोर्ड से इस्तीफा दे दिया है। ये इस्तीफा ऐसे समय में आया है जब स्विगी के शेयर को लेकर ब्रोकरेज बहुत उत्साहित नजर नहीं आ रहे हैं। JM फाइनेंशियल ने स्विगी के शेयर की रेटिंग में बदलाव किया है।

स्विगी के को-फाउंडर का इस्तीफा, शेयर पर ब्रोकरेज ने 27% घटाया टारगेट प्राइस

Swiggy share price: ऑनलाइन खाना और राशन डिलीवरी सेवाएं देने वाली कंपनी स्विगी के सह-संस्थापक लक्ष्मी नंदन रेड्डी ओबुल ने कंपनी के बोर्ड से इस्तीफा दे दिया है। स्विगी ने शेयर बाजार को दी जानकारी में बताया कि ओबुल ने अन्य व्यावसायिक हितों को पूरा करने के लिए 10 अप्रैल, 2026 से पूर्णकालिक निदेशक और इनोवेशन हेड पद से इस्तीफा दिया है। ये इस्तीफा ऐसे समय में आया है जब स्विगी के शेयर को लेकर ब्रोकरेज बहुत उत्साहित नजर नहीं आ रहे हैं।

ब्रोकरज ने 27% घटाया टारगेट प्राइस

JM फाइनेंशियल ने स्विगी के शेयर की रेटिंग में बदलाव किया है। ब्रोकरेज ने इस शेयर के लिए खरीदे की रेटिंग से घटाकर रेड्यूस कर दिया है। इसके अलावा, इस घरेलू ब्रोकरेज हाउस ने टारगेट प्राइस को घटाकर 270 रुपये कर दिया है। यह पिछले टारगेट प्राइस 370 रुपये से 27% कम है। बता दें कि वर्तमान में यह शेयर 274.90 रुपये पर है। शुक्रवार को शेयर में 1.10 पर्सेंट की बढ़त दर्ज की गई। शेयर के 52 हफ्ते का हाई और लो 473 रुपये और 256.40 रुपये है। शेयर ने इसी अप्रैल में अपने 52 हफ्ते के लो को टच किया था।

ब्रोकरेज ने क्या कहा?

ब्रोकरेज ने बताया कि हाल ही में फंड जुटाने के बाद बैलेंस शीट मजबूत होने के बावजूद मैनेजमेंट की पूरी तरह से मुकाबला करने में साफ तौर पर हिचकिचाहट की वजह से मार्केट शेयर में नुकसान हो रहा है। इस रणनीति को ठीक से नहीं बदला गया तो परेशानी बढ़ सकती है। खासकर तब जब पारंपरिक ई-कॉमर्स कंपनियां अपने क्विक कॉमर्स विस्तार को तेज कर रही हैं।

इस्तीफे पर स्विगी ने क्या कहा?

कंपनी ने कहा कि उसके निदेशक मंडल (बोर्ड) ने प्रोसुस वेंचर्स का प्रतिनिधित्व करने वाले नामित निदेशक के रूप में रेनन डी कास्त्रो अल्वेस पिंटो की नियुक्ति को मंजूरी दे दी है। वह रोजर राबालैस का स्थान लेंगे, जो प्रोसुस वेंचर्स में अपनी भूमिका में बदलाव के कारण इस पद से हट रहे हैं। इसके अलावा, बोर्ड ने स्विगी के सह-संस्थापक और मुख्य वृद्धि अधिकारी (सीजीओ) फणी किशन अडेपल्ली और स्विगी ग्रुप के मुख्य वित्त अधिकारी (सीएफओ) राहुल बोथरा को एक जून, 2026 से अतिरिक्त निदेशक के रूप में नियुक्त करने की मंजूरी दी है।

इन बदलावों पर टिप्पणी करते हुए स्विगी ग्रुप के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) श्रीहर्ष मजेटी ने कहा- फणी और राहुल शुरुआती दिनों से ही स्विगी के साथ रहे हैं और कंपनी को उसके सबसे महत्वपूर्ण अध्यायों के माध्यम से आगे बढ़ाने में उनकी अहम भूमिका रही है।

उन्होंने ओबुल की विदाई पर कहा कि नंदन स्विगी के विकास के दौरान एक महत्वपूर्ण सहयोगी रहे हैं। बेंगलुरु के एक छोटे से मोहल्ले से शुरू होकर करोड़ों लोगों की सेवा करने वाले देशव्यापी मंच बनने तक के सफर में उनका योगदान खास है।

Deepak Kumar

लेखक के बारे में

Deepak Kumar

हिन्दुस्तान डिजिटल में करीब 5 साल से कार्यरत दीपक कुमार यहां बिजनेस की खबरें लिखते हैं। दीपक को स्टॉक मार्केट, पर्सनल फाइनेंस के अलावा बिजनेस से जुड़े तमाम विषयों की गहरी समझ है। वह जटिल आर्थिक और कारोबारी मुद्दों को सरल, संतुलित और आम बोलचाल की भाषा में पाठकों तक पहुंचाना बखूबी जानते हैं। उनकी बिजनेस सेक्शन के अलावा एंटरटेनमेंट, स्पोर्ट्स और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरों पर भी मजबूत पकड़ है। दीपक को उनके बेहतरीन काम के लिए विभिन्न स्तरों पर सम्मानित भी किया जा चुका है। मूल रूप से बिहार के सीवान जिले से ताल्लुक रखने वाले दीपक के पास पत्रकारिता का करीब 13 साल का अनुभव है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत अमर उजाला से की। इसके बाद दैनिक भास्कर, आजतक और इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम किया। इसका अगला पड़ाव हिन्दुस्तान डिजिटल था, जहां वह वर्तमान में असिस्टेंट न्यूज एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। दीपक ने दिल्ली यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन की पढ़ाई की जबकि हिमाचल प्रदेश सेंट्रल यूनिवर्सिटी से पोस्ट ग्रेजुएट हुए हैं। जहां एक तरफ वह सोशल मीडिया पर सक्रिय हैं तो वहीं नई तकनीकों से खुद को अपडेट रखते हैं। खाली समय में फिल्में देखना, खाना बनाना और क्रिकेट खेलना पसंद है।

और पढ़ें
जानें Hindi News, Business News, Budget 2026, बजट 2026 Live, Income Tax Live Updates की लेटेस्ट खबरें, शेयर बाजार का लेखा-जोखा, Share Market के लेटेस्ट अपडेट्स Investment Tips के बारे में सबकुछ।,