3 महीने में 50% चढ़ा ये ग्रीन एनर्जी स्टॉक, निवेशकों की लगी लॉटरी; अभी भी है खरीदने का मौका?
मुख्य बातें
- सुजलॉन एनर्जी (Suzlon Energy) के शेयर ने मार्च 2026 के निचले स्तर से करीब 50% की शानदार रिकवरी दर्ज की है
- कंपनी का शेयर अब पांच महीने के उच्च स्तर पर पहुंच गया है
- कई ब्रोकरेज फर्म्स ने स्टॉक पर ‘Buy’ रेटिंग दी है

शेयर बाजार में पिछले कुछ महीनों से रिन्यूएबल एनर्जी सेक्टर फिर से चर्चा में है और सुजलॉन एनर्जी (Suzlon Energy) इस सेक्टर का सबसे चर्चित नाम बनकर उभरा है। कभी भारी बिकवाली के दबाव में रहने वाला यह शेयर अब निवेशकों को जबरदस्त रिटर्न दे रहा है। मार्च 2026 में दो साल के निचले स्तर पर पहुंचने के बाद कंपनी के शेयर में शानदार रिकवरी देखने को मिली है। यही वजह है कि अब यह स्टॉक फिर से बाजार के हॉट मल्टीबैगर शेयरों में शामिल हो गया है।
मार्च महीने में यह शेयर ₹40 के नीचे चला गया था, जिससे कई निवेशकों की चिंता बढ़ गई थी। लेकिन उसके बाद हालात तेजी से बदले और कंपनी के शेयर ने जोरदार वापसी करते हुए करीब 50% की छलांग लगा दी। हालिया कारोबारी सत्र में शेयर ₹57.53 के स्तर पर बंद हुआ, जो पिछले पांच महीनों का सबसे ऊंचा स्तर माना जा रहा है। साल 2026 की शुरुआत से अब तक भी यह शेयर लगभग 10% का रिटर्न दे चुका है।
विशेषज्ञों का मानना है कि मिडिल ईस्ट में जारी तनाव और दुनियाभर में बिजली की बढ़ती मांग ने रिन्यूएबल एनर्जी कंपनियों की तरफ निवेशकों का ध्यान फिर से खींचा है। खासकर भारत में बिजली की बढ़ती जरूरतों और पीक पावर शॉर्टेज के बीच विंड एनर्जी यानी पवन ऊर्जा की मांग तेजी से बढ़ रही है। क्योंकि शाम के समय भी विंड पावर उपलब्ध रहती है, इसलिए सरकार और इंडस्ट्री दोनों अब इस सेक्टर पर ज्यादा फोकस कर रहे हैं।
सुजलॉन एनर्जी (Suzlon Energy) को इसका बड़ा फायदा मिलता दिख रहा है। कंपनी का ऑर्डर बुक लगातार मजबूत हो रहा है। फिलहाल कंपनी के पास 5,892 मेगावाट का बड़ा ऑर्डर बुक है, जिसमें हाल ही में मिला 195 मेगावाट का सनश्योर एनर्जी (Sunsure Energy) ऑर्डर भी शामिल है। FY26 के अंत में कंपनी का ऑर्डर बुक 5,697 मेगावाट था। इससे साफ है कि आने वाले समय में कंपनी के पास काम की कोई कमी नहीं रहने वाली।
मार्च तिमाही के नतीजों ने भी निवेशकों का भरोसा मजबूत किया है। कंपनी का रेवेन्यू 45% बढ़कर ₹5,494 करोड़ पहुंच गया, जबकि पिछले साल इसी तिमाही में यह ₹3,790 करोड़ था। EBITDA भी करीब 39% बढ़कर ₹964 करोड़ हो गया। हालांकि EBITDA मार्जिन थोड़ा घटकर 17.6% रह गया, लेकिन ऑपरेशनल ग्रोथ मजबूत बनी हुई है।
कंपनी का नेट प्रॉफिट मामूली 5.7% घटकर ₹1,181 करोड़ रहा, लेकिन इसके बावजूद बाजार ने नतीजों को सकारात्मक रूप में लिया। इसका बड़ा कारण कंपनी की मजबूत डिलीवरी और भविष्य की ग्रोथ संभावना है। FY26 के दौरान कंपनी ने कुल 2,456 मेगावाट विंड टरबाइन डिलीवर किए, जबकि सिर्फ चौथी तिमाही में 830 मेगावाट की डिलीवरी हुई।
ब्रोकरेज फर्म्स भी इस स्टॉक को लेकर काफी बुलिश नजर आ रही हैं। आनंद राठी ने स्टॉक पर ‘Buy’ रेटिंग बरकरार रखते हुए ₹60 का टारगेट दिया है। वहीं JM Financial ने अपना टारगेट बढ़ाकर ₹65 कर दिया है। दूसरी तरफ सिस्टमैटिक्स इंस्टीट्यूशनल इक्विटीज़ (Systematix Institutional Equities) ने कंपनी पर भरोसा जताते हुए ₹71 प्रति शेयर का बड़ा टारगेट दिया है।
विशेषज्ञों का कहना है कि सुजलॉन एनर्जी (Suzlon Energy) भारत के विंड एनर्जी मार्केट में मजबूत पकड़ रखती है और आने वाले वर्षों में रिन्यूएबल एनर्जी सेक्टर की ग्रोथ का सबसे बड़ा फायदा कंपनी को मिल सकता है। कंपनी अब EPC, Hybrid और FDRE प्रोजेक्ट्स पर भी तेजी से फोकस बढ़ा रही है, जिससे इसकी भविष्य की कमाई और मजबूत हो सकती है।
डिस्क्लेमर- शेयर बाजार में निवेश जोखिमों के अधीन होता है, इसलिए किसी भी निवेश से पहले वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें।
लेखक के बारे में
Sarveshwar Pathakसर्वेश्वर पाठक अक्टूबर 2022 से ‘लाइव हिंदुस्तान’ में सीनियर कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में बिजनेस और ऑटो सेक्शन के लिए
काम कर रहे हैं। सर्वेश्वर बिजनेस और ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री की खबरों, रिव्यू और गहराई से किए गए एनालिसिस के लिए जाने जाते
हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में उन्हें 7 साल से अधिक का अनुभव है, जिसमें उन्होंने अपनी मजबूत पकड़ और समझ के जरिए एक अलग
पहचान बनाई है। उन्होंने देव संस्कृति विश्वविद्यालय, हरिद्वार से पत्रकारिता में मास्टर डिग्री हासिल की और वर्ष 2019 में
ईटीवी भारत के साथ अपने करियर की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने दैनिक जागरण और एडिटरजी जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में
भी काम किया, जहां उन्होंने अपनी लेखन शैली और विश्लेषण क्षमता को और निखारा।
उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर से आने वाले सर्वेश्वर केवल एक पत्रकार ही नहीं, बल्कि सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय भागीदारी
निभाते हैं। उन्हें बाल शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और जागरूकता से जुड़े अभियानों में विशेष रुचि है। अपने विश्वविद्यालय के
दिनों में उन्होंने महाराष्ट्र के गोंदिया में दो महीने से अधिक समय तक सोशल वेलफेयर से जुड़े कार्य किए, जहां उन्होंने कई
स्कूलों और विश्वविद्यालयों के छात्रों को उच्च शिक्षा के प्रति प्रेरित किया। लेखन के अलावा सर्वेश्वर को बचपन से ही
क्रिकेट खेलने और डांस का शौक है, जो उनके व्यक्तित्व को संतुलित और ऊर्जावान बनाता है। उनका उद्देश्य सिर्फ खबरें लिखना ही
नहीं, बल्कि लोगों को जागरूक और प्रेरित करना भी है।


