₹40 के नीचे आया एनर्जी कंपनी का यह शेयर, 2 साल में अब तक की सबसे बड़ी गिरावट

Mar 02, 2026 02:18 pm ISTVarsha Pathak लाइव हिन्दुस्तान
share Share
Follow Us on

भारतीय शेयर बाजार में पवन ऊर्जा क्षेत्र की दिग्गज कंपनी सुजलॉन एनर्जी के शेयरों में गिरावट थमने का नाम नहीं ले रही है। सोमवार, 2 मार्च को स्टॉक में एक और बड़ी गिरावट देखने को मिली और यह करीब 8.3% टूटकर ₹40 के नीचे फिसल गया।

₹40 के नीचे आया एनर्जी कंपनी का यह शेयर, 2 साल में अब तक की सबसे बड़ी गिरावट

Suzlon Energy Share: भारतीय शेयर बाजार में पवन ऊर्जा क्षेत्र की दिग्गज कंपनी सुजलॉन एनर्जी के शेयरों में गिरावट थमने का नाम नहीं ले रही है। सोमवार, 2 मार्च को स्टॉक में एक और बड़ी गिरावट देखने को मिली और यह करीब 8.3% टूटकर ₹40 के नीचे फिसल गया। दिन के कारोबार में शेयर ₹39.13 तक चला गया, जो मई 2024 के बाद का सबसे निचला स्तर है। कभी तेज रफ्तार से भागने वाला यह शेयर अब निवेशकों को चिंता में डाल रहा है, खासकर इसलिए क्योंकि इसमें बड़ी हिस्सेदारी रिटेल निवेशकों की है।

क्या है डिटेल

दरअसल, इस गिरावट की शुरुआत जून 2025 से हुई थी, जो अब लंबी करेक्शन में बदल चुकी है। सितंबर 2024 में ₹86 के शिखर से यह शेयर करीब 50% से ज्यादा टूट चुका है। बीते नौ महीनों में से आठ महीनों में स्टॉक लाल निशान में बंद हुआ है और कुल मिलाकर लगभग 40% की गिरावट दर्ज की है। कैलेंडर ईयर 2025 में भी शेयर 15% से ज्यादा गिरा, जो पांच साल में इसकी पहली सालाना गिरावट रही।

दिसंबर तिमाही के नतीजे

कंपनी के दिसंबर तिमाही नतीजे बाज़ार के अनुमान के मुताबिक रहे, फिर भी निवेशकों का भरोसा पूरी तरह लौट नहीं पाया। विश्लेषकों का कहना है कि बाकी यूटिलिटी कंपनियों की तरह सुजलॉन को भी प्रोजेक्ट कमीशनिंग बढ़ाने में दिक्कत आ रही है। जमीन अधिग्रहण, राइट ऑफ वे (RoW) और ग्रिड कनेक्टिविटी जैसी चुनौतियां बड़ी अड़चन बनी हुई हैं। हाल ही में कंपनी ने बड़ा मैनेजमेंट बदलाव भी किया है। 24 फरवरी को बोर्ड ने अजय कपूर को नया सीईओ नियुक्त किया, जबकि मौजूदा ग्रुप सीईओ जेपी चालासानी को ग्रुप एग्जीक्यूटिव काउंसिल में शामिल किया गया है।

ब्रोकरेज फर्म की राय

हालांकि ब्रोकरेज हाउस जेएम फाइनेंशियल का मानना है कि केवल नेतृत्व में बदलाव से हालात नहीं सुधरेंगे। उनके मुताबिक कंपनी में कई हाई-प्रोफाइल अधिकारियों की एंट्री से ग्रुप डायनामिक्स बिगड़ने का जोखिम है और इससे मुख्य कारोबार यानी विंड टरबाइन जेनरेटर (WTG) मैन्युफैक्चरिंग पर फोकस कमजोर हो सकता है। सबसे बड़ी चिंता डिलीवरी और कमीशनिंग के बीच बढ़ते गैप की है। पिछले सात तिमाहियों में 3,175 मेगावॉट उपकरण डिलीवर किए गए, लेकिन सिर्फ 778 मेगावॉट ही कमीशन हो पाए।

ब्रोकरेज ने वित्त वर्ष 2027 और 2028 के लिए डिलीवरी अनुमान घटा दिए हैं, हालांकि ‘बाय’ रेटिंग बरकरार रखते हुए ₹64 का टारगेट दिया है। वहीं Nuvama Institutional Equities ने भी ‘बाय’ रेटिंग कायम रखी है लेकिन लक्ष्य घटाकर ₹55 कर दिया है। दूसरी ओर Motilal Oswal अब भी इस शेयर पर सकारात्मक रुख रखते हुए ₹74 का टारगेट दे रहा है।

कुल मिलाकर, सुजलॉन के सामने असली चुनौती ज़मीन पर प्रोजेक्ट्स को तेजी से लागू करने की है। पवन ऊर्जा सेक्टर में जमीन, पीपीए, लागत और ग्रिड कनेक्टिविटी जैसी समस्याएं बनी हुई हैं। जब तक डिलीवरी के मुकाबले कमीशनिंग की रफ्तार नहीं बढ़ती, तब तक शेयर में स्थिरता आना मुश्किल दिख रहा है। निवेशकों की नजर अब इस बात पर है कि कंपनी जमीनी स्तर पर कितनी तेजी से सुधार ला पाती है।

Varsha Pathak

लेखक के बारे में

Varsha Pathak

वर्षा पाठक लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर के पद पर कार्यरत हैं और पिछले 4 सालों से इस संस्थान से जुड़ी हुई हैं। मीडिया इंडस्ट्री में उन्हें लगभग 8 साल का अनुभव है। उन्होंने जामिया मिलिया इस्लामिया, नई दिल्ली से पत्रकारिता में डिप्लोमा किया है। बिहार की रहने वाली वर्षा वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान के बिजनेस सेक्शन के लिए खबरें लिखती हैं। उन्हें स्टॉक मार्केट, पर्सनल फाइनेंस, यूटिलिटी, टैक्स, बजट, एक्सप्लेनर, इंटरव्यूज और कॉरपोरेट सेक्टर से जुड़ी खबरों की समझ है। जटिल आर्थिक विषयों को सरल, तथ्यात्मक और पाठकों के लिए उपयोगी भाषा में प्रस्तुत करना उनकी लेखन शैली की विशेषता है। हिन्दुस्तान से पहले वर्षा दैनिक भास्कर (प्रिंट), मनी भास्कर और नेटवर्क18 जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम कर चुकी हैं। उन्हें फील्ड रिपोर्टिंग का अनुभव भी है। डिजिटल पत्रकारिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए वर्षा को मनी भास्कर में सबसे अधिक UVs-PVs का पुरस्कार मिल चुका है। इसके अलावा, लाइव हिन्दुस्तान में भी वर्षा का टॉप परफॉर्मेंस रहा है और इसके लिए पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है।

और पढ़ें
जानें Hindi News, Business News, Budget 2026, बजट 2026 Live, Income Tax Live Updates की लेटेस्ट खबरें, शेयर बाजार का लेखा-जोखा, Share Market के लेटेस्ट अपडेट्स Investment Tips के बारे में सबकुछ।,