
₹70 पर जाएगा चर्चित एनर्जी कंपनी का यह शेयर, विदेशी निवेशकों ने खरीदे हैं 14.21 करोड़ शेयर
ताजा आंकड़ों के मुताबिक, दिसंबर तिमाही के अंत में घरेलू संस्थागत निवेशकों की हिस्सेदारी घटकर 9.24% रह गई, जो सितंबर तिमाही में 10.16% थी। यानी DIIs ने करीब 12.65 करोड़ शेयर बेच दिए।
Suzlon Energy Ltd Share: दिसंबर 2025 तिमाही में सुजलॉन एनर्जी लिमिटेड के शेयरहोल्डिंग पैटर्न में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। इस दौरान घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) और रिटेल निवेशकों ने कंपनी के शेयर बेचे, जबकि विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (FPI) ने अपनी हिस्सेदारी बढ़ाई। अक्टूबर से दिसंबर 2025 के बीच सुजलॉन का शेयर करीब 11% गिरा, वहीं नवंबर 2025 से अब तक इसमें 18% से ज्यादा की गिरावट आ चुकी है। ताजा आंकड़ों के मुताबिक, दिसंबर तिमाही के अंत में घरेलू संस्थागत निवेशकों की हिस्सेदारी घटकर 9.24% रह गई, जो सितंबर तिमाही में 10.16% थी। यानी DIIs ने करीब 12.65 करोड़ शेयर बेच दिए।
क्या है डिटेल
म्यूचुअल फंड्स ने भी सुजलॉन में थोड़ी कटौती की है। Q3 में म्यूचुअल फंड्स की हिस्सेदारी 4.91% से घटकर 4.82% रह गई, यानी 9 बेसिस पॉइंट की गिरावट दर्ज की गई। दिलचस्प बात यह रही कि मोतीलाल ओसवाल मल्टीकैप फंड, जिसकी हिस्सेदारी सितंबर 2025 में 1.02% थी, दिसंबर तिमाही में बड़े शेयरहोल्डर्स की सूची से बाहर हो गया। हालांकि, म्यूचुअल फंड स्कीम्स की संख्या 32 से बढ़कर 34 हो गई, जिससे संकेत मिलता है कि कुछ नए फंड्स ने इसमें एंट्री ली है, भले ही कुल हिस्सेदारी घटी हो।
रिटेल निवेशकों ने भी इस तिमाही में मुनाफावसूली या सतर्कता दिखाई। करीब 1.08 करोड़ शेयर बेचने के बाद रिटेल निवेशकों की हिस्सेदारी 10 बेसिस पॉइंट घट गई। दिसंबर 2025 के अंत तक 55.71 लाख से ज्यादा रिटेल निवेशकों के पास सुजलॉन के 39.07% शेयर थे, जबकि सितंबर में यह आंकड़ा 39.17% था। यानी हिस्सेदारी में मामूली गिरावट आई, लेकिन रिटेल निवेशकों की संख्या और पकड़ अब भी मजबूत बनी हुई है। इसके उलट, विदेशी निवेशकों ने सुजलॉन पर भरोसा दिखाया है। FPIs ने दिसंबर तिमाही में 14.21 करोड़ शेयर खरीदे, जिससे उनकी हिस्सेदारी 22.70% से बढ़कर 23.73% हो गई।
शेयरों के हाल
बुधवार को सुजलॉन का शेयर 0.6% की तेजी के साथ ₹49.01 पर बंद हुआ और कंपनी का मार्केट कैप ₹67,000 करोड़ से थोड़ा ज्यादा रहा। हालांकि, शेयर अब भी अपने 52-वीक हाई ₹74.30 से करीब 34% नीचे है। ब्रोकरेज हाउसेज का नजरिया मिला-जुला है—नुवामा ने ₹60 के टारगेट के साथ ‘होल्ड’ रेटिंग दी है, जबकि JM Financial ने बेहतर डिस्पैच और मुनाफे की उम्मीद में ₹70 के टारगेट के साथ ‘बाय’ रेटिंग बरकरार रखी है।

लेखक के बारे में
Varsha Pathakवर्षा पाठक लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर के पद पर कार्यरत हैं और पिछले 4 सालों से इस संस्थान से जुड़ी हुई हैं। मीडिया इंडस्ट्री में उन्हें लगभग 8 साल का अनुभव है। उन्होंने जामिया मिलिया इस्लामिया, नई दिल्ली से पत्रकारिता में डिप्लोमा किया है। बिहार की रहने वाली वर्षा वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान के बिजनेस सेक्शन के लिए खबरें लिखती हैं। उन्हें स्टॉक मार्केट, पर्सनल फाइनेंस, यूटिलिटी, टैक्स, बजट, एक्सप्लेनर, इंटरव्यूज और कॉरपोरेट सेक्टर से जुड़ी खबरों की समझ है। जटिल आर्थिक विषयों को सरल, तथ्यात्मक और पाठकों के लिए उपयोगी भाषा में प्रस्तुत करना उनकी लेखन शैली की विशेषता है। हिन्दुस्तान से पहले वर्षा दैनिक भास्कर (प्रिंट), मनी भास्कर और नेटवर्क18 जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम कर चुकी हैं। उन्हें फील्ड रिपोर्टिंग का अनुभव भी है। डिजिटल पत्रकारिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए वर्षा को मनी भास्कर में सबसे अधिक UVs-PVs का पुरस्कार मिल चुका है। इसके अलावा, लाइव हिन्दुस्तान में भी वर्षा का टॉप परफॉर्मेंस रहा है और इसके लिए पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है।
और पढ़ें



