सुकन्या समृद्धि योजना से बेटी के लिए बनाएं ₹50 लाख का फंड…बस ऐसे करना होगा निवेश
मुख्य बातें
- अगर आप अपनी बेटी के भविष्य के लिए बड़ा फंड बनाना चाहते हैं, तो सुकन्या समृद्धि योजना (SSY) एक शानदार सरकारी निवेश विकल्प है
- मौजूदा 8.2% ब्याज दर पर हर साल ₹1.05 लाख का निवेश 15 सालों तक करने पर 21 साल में करीब ₹50.27 लाख का कॉर्पस तैयार हो सकता है

अगर आप अपनी बेटी की पढ़ाई और शादी के लिए अभी से मजबूत आर्थिक तैयारी करना चाहते हैं, तो सुकन्या समृद्धि योजना (Sukanya Samriddhi Account-SSA) आपके लिए सबसे बेहतरीन सरकारी निवेश योजनाओं में से एक हो सकती है। केंद्र सरकार की यह योजना 'बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ' अभियान के तहत शुरू की गई थी। फिलहाल, इस योजना पर 8.2% सालाना ब्याज मिल रहा है, जो छोटी बचत योजनाओं में सबसे अधिक ब्याज दरों में शामिल है। खास बात यह है कि इस योजना में मिलने वाला ब्याज हर साल कंपाउंड होता है, जिससे लंबी अवधि में बड़ा फंड तैयार हो जाता है।
इस स्कीम में माता-पिता या अभिभावक अपनी बेटी के नाम पर खाता खुलवा सकते हैं। इसमें एक वित्त वर्ष में कम से कम ₹250 और अधिकतम ₹1.5 लाख तक निवेश किया जा सकता है। निवेश केवल 15 साल तक करना होता है, लेकिन खाता 21 साल में मैच्योर होता है, यानी निवेश बंद होने के बाद भी अगले 6 सालों तक आपकी जमा राशि पर कंपाउंड ब्याज मिलता रहता है, जिससे फंड तेजी से बढ़ता है।
अगर आप हर साल ₹1.05 लाख का निवेश करते हैं और पूरी अवधि के दौरान ब्याज दर 8.2% बनी रहती है, तो 15 सालों में आपका कुल निवेश ₹15.75 लाख होगा। लेकिन, 21 साल पूरे होने पर यह राशि बढ़कर करीब ₹50.27 लाख हो सकती है। इसमें लगभग ₹34.52 लाख केवल ब्याज के रूप में मिलेंगे, यानी आपका निवेश तीन गुना से भी ज्यादा हो सकता है। वहीं, अगर कोई निवेशक हर साल अधिकतम ₹1.5 लाख जमा करता है, तो मैच्योरिटी पर उसे ₹71 लाख से अधिक का फंड मिल सकता है, बशर्ते ब्याज दर पूरे समय समान बनी रहे।
इस योजना में ब्याज की गणना हर महीने की 5 तारीख के बाद से महीने के आखिरी दिन तक खाते में मौजूद सबसे कम बैलेंस के आधार पर की जाती है। इसलिए, बेहतर रिटर्न पाने के लिए हर महीने की 5 तारीख से पहले या वित्त वर्ष की शुरुआत में निवेश करना फायदेमंद माना जाता है। साल के अंत में ब्याज खाते में जोड़ दिया जाता है, जिससे अगले साल उसी पर भी ब्याज मिलता है।
सुकन्या समृद्धि योजना का एक बड़ा फायदा इसका EEE (Exempt-Exempt-Exempt) टैक्स स्टेटस है, यानी निवेश पर आयकर अधिनियम की धारा 80C के तहत ₹1.5 लाख तक टैक्स छूट मिलती है। इसके अलावा खाते पर मिलने वाला ब्याज और मैच्योरिटी पर मिलने वाली पूरी राशि भी पूरी तरह टैक्स-फ्री होती है।
अगर आपकी बेटी अभी छोटी है और आप उसके भविष्य को आर्थिक रूप से सुरक्षित बनाना चाहते हैं, तो सुकन्या समृद्धि योजना लंबी अवधि में बड़ा फंड बनाने का एक सुरक्षित और भरोसेमंद विकल्प साबित हो सकती है। नियमित निवेश और कंपाउंडिंग की ताकत से यह योजना भविष्य की बड़ी जरूरतों को आसानी से पूरा करने में मदद कर सकती है।
लेखक के बारे में
Sarveshwar Pathakसर्वेश्वर पाठक अक्टूबर 2022 से ‘लाइव हिंदुस्तान’ में सीनियर कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में बिजनेस और ऑटो सेक्शन के लिए
काम कर रहे हैं। सर्वेश्वर बिजनेस और ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री की खबरों, रिव्यू और गहराई से किए गए एनालिसिस के लिए जाने जाते
हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में उन्हें 7 साल से अधिक का अनुभव है, जिसमें उन्होंने अपनी मजबूत पकड़ और समझ के जरिए एक अलग
पहचान बनाई है। उन्होंने देव संस्कृति विश्वविद्यालय, हरिद्वार से पत्रकारिता में मास्टर डिग्री हासिल की और वर्ष 2019 में
ईटीवी भारत के साथ अपने करियर की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने दैनिक जागरण और एडिटरजी जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में
भी काम किया, जहां उन्होंने अपनी लेखन शैली और विश्लेषण क्षमता को और निखारा।
उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर से आने वाले सर्वेश्वर केवल एक पत्रकार ही नहीं, बल्कि सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय भागीदारी
निभाते हैं। उन्हें बाल शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और जागरूकता से जुड़े अभियानों में विशेष रुचि है। अपने विश्वविद्यालय के
दिनों में उन्होंने महाराष्ट्र के गोंदिया में दो महीने से अधिक समय तक सोशल वेलफेयर से जुड़े कार्य किए, जहां उन्होंने कई
स्कूलों और विश्वविद्यालयों के छात्रों को उच्च शिक्षा के प्रति प्रेरित किया। लेखन के अलावा सर्वेश्वर को बचपन से ही
क्रिकेट खेलने और डांस का शौक है, जो उनके व्यक्तित्व को संतुलित और ऊर्जावान बनाता है। उनका उद्देश्य सिर्फ खबरें लिखना ही
नहीं, बल्कि लोगों को जागरूक और प्रेरित करना भी है।


