शुगर स्टॉक लिमिट पर सरकार का फैसला, ₹22 से ₹55 तक वाले शेयर को खरीदने की लूट
मुख्य बातें
- सरकार के नए नियमों के तहत हर महीने 10 मीट्रिक टन से ज्यादा चीनी का कारोबार करने वाले डीलरों को 15 दिनों से अधिक समय तक स्टॉक रखने से रोक लगा दी गई है
- इस खबर के बाद शुगर स्टॉक्स में तूफानी तेजी आई

कई दिन की बिकवाली के बाद गुरुवार को भारतीय शेयर बाजार में बंपर उछाल आया। सप्ताह के चौथे दिन यानी गुरुवार को एक बार फिर शुगर कंपनियों के शेयर डिमांड में रहे। दरअसल, त्योहारी सीजन से पहले घरेलू बाजार में चीनी की कीमतें रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई हैं। इस वजह से सरकार ने चीनी स्टॉक रखने की सीमा को कड़ा कर दिया है। इस खबर के बीच, 20 अगस्त को कई बड़ी शुगर कंपनियों के शेयर पर निवेशक टूट पड़े। इनमें से कुछ शेयर पेनी कैटेगरी के हैं। इन शेयरों की कीमत 50 रुपये से भी कम है।
किस शेयर का कैसा रहा परफॉर्मेंस
-बजाज हिंदुस्तान के शेयर 10% तक चढ़कर 22.60 रुपये पर पहुंच गए।
-धामपुर शुगर के शेयर 9% चढ़कर 191.90 रुपये तक पहुंच गए। यह शेयर के 52 हफ्ते का हाई है।
-द्वारिकेश शुगर इंडस्ट्रीज के शेयर 14% चढ़कर 55.20 रुपये तक पहुंच गए। यह शेयर के 52 हफ्ते का हाई भी है।
-श्री रेणुका शुगर्स के शेयर 7% उछलकर 26.20 रुपये तक पहुंच गया।
-बलरामपुर चीनी मिल्स के शेयर की बात करें तो 15 पर्सेंट बढ़कर 744 रुपये तक पहुंच गया। यह शेयर के 52 हफ्ते का हाई है।
क्या है सरकार का फैसला?
सरकार के नए नियमों के तहत हर महीने 10 मीट्रिक टन से ज्यादा चीनी का कारोबार करने वाले डीलरों को 15 दिनों से अधिक समय तक स्टॉक रखने से रोक लगा दी गई है। ये पाबंदियां 1 सितंबर से 30 नवंबर तक लागू रहेंगी और सरकार चीनी की मासिक बिक्री पर नजर रखेगी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कानपुर और कोलकाता जैसे बाजार में घरेलू थोक चीनी की कीमतें 6,000 रुपये प्रति क्विंटल के पार चली गई हैं जबकि मुजफ्फरपुर और कोल्हापुर इलाकों में कीमतें औसतन 5,000 रुपये प्रति क्विंटल से अधिक रही हैं। पूरे देश में चीनी की औसत एक्स-मिल कीमत बढ़कर 5,400–5,500 रुपये प्रति क्विंटल हो गई है जबकि एक साल पहले यह 3,900 रुपये थी। रिपोर्ट्स के अनुसार, 18 अगस्त को खुदरा कीमतें भी सालाना आधार पर 13% बढ़कर 52.30 रुपये प्रति किलोग्राम हो गईं।
त्योहारी सीजन में डिमांड
भारत में आमतौर पर अगस्त से नवंबर के बीच चीनी की मांग बढ़ जाती है क्योंकि इस दौरान गणेश चतुर्थी, दशहरा और दिवाली जैसे त्योहार मनाए जाते हैं। इससे मिठाइयों, बिस्कुट और दूसरी कन्फेक्शनरी चीजों की मांग बढ़ती है। इन चीजों को बनाने वाली कंपनियां त्योहारों के मौसम से पहले ही स्टॉक जमा कर लेती हैं, जिससे चीनी की मांग को और बढ़ावा मिलता है।

