भारत में चीनी की कमी नहीं, जल्द घट सकते हैं दाम; ISMA ने बताई कीमत बढ़ने की वजह

लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
Follow us on Google News
share

मुख्य बातें

  • चीनी की बढ़ती कीमतों के बीच आम लोगों के लिए राहत की खबर है
  • ISMA ने कहा है कि देश में चीनी की कोई कमी नहीं है और आने वाले समय में खुदरा बाजार में कीमतें नीचे आ सकती हैं
  • ISMA के मुताबिक हालिया तेजी के पीछे खराब मौसम से उत्पादन में कमी है

sugar price
चीनी की बढ़ती कीमतों के बीच आम लोगों के लिए राहत की खबर।

भारत में चीनी की कीमतों को लेकर बड़ी राहत की खबर सामने आई है। चीनी उद्योग के शीर्ष संगठन ISMA (Indian Sugar Mills Association) ने साफ कहा है कि देश में चीनी की कोई कमी नहीं है और आने वाले समय में खुदरा बाजार में इसके दाम नीचे आ सकते हैं। सोमवार 24 अगस्त को नई दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान ISMA के अध्यक्ष नीरज शिरगांवकर ने कहा कि हाल में चीनी की कीमतों में हुई बढ़ोतरी के पीछे कई कारण हैं। इनमें कारोबारियों और थोक खरीदारों की ओर से की गई स्पेकुलेटिव बाइंग यानी अनुमान के आधार पर ज्यादा खरीदारी और खराब मौसम के कारण चीनी उत्पादन में आई कमी प्रमुख हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि चीनी मिलों ने कृत्रिम कमी पैदा करने या एक्स-मिल कीमतों को बढ़ाने में कोई भूमिका नहीं निभाई है।

ISMA के मुताबिक, सरकार की ओर से 10 लाख टन कच्ची चीनी के शुल्क-मुक्त आयात की अनुमति दिए जाने के बाद बाजार में कीमतों का दबाव कम होना शुरू हो गया है। संगठन के अध्यक्ष ने कहा कि भारत में चीनी की कमी जैसी कोई स्थिति नहीं है। उनके अनुसार सितंबर के अंत तक देश में करीब 35 लाख टन चीनी का क्लोजिंग स्टॉक मौजूद रहने का अनुमान है। इसका मतलब है कि घरेलू मांग को पूरा करने के लिए पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध रहेगा। यही वजह है कि आने वाले दिनों में बाजार में आपूर्ति बेहतर होने के साथ खुदरा कीमतों में भी नरमी देखने को मिल सकती है।

चीनी की नई पेराई का सीजन भी जल्द शुरू होने वाला है। ISMA के अनुसार, चीनी मिलों का संचालन लगभग 15 अक्टूबर से शुरू हो सकता है। अक्टूबर के दौरान मिलों से करीब 10-12 लाख टन चीनी उत्पादन होने का अनुमान है। दूसरी तरफ अक्टूबर महीने में देश की चीनी खपत करीब 24-25 लाख टन रहने की उम्मीद है। ऐसे में शुरुआती दौर में उत्पादन और मांग के बीच अंतर जरूर रहेगा, लेकिन मौजूदा स्टॉक और आयातित चीनी से बाजार की जरूरतों को पूरा करने में मदद मिल सकती है।

चीनी की कीमतों में हालिया तेजी का असर सीधे तौर पर आम उपभोक्ताओं की जेब पर पड़ा है। चाय, मिठाई, बेकरी और अन्य खाद्य उत्पादों की लागत पर भी इसका असर पड़ता है। ऐसे में अगर घरेलू बाजार में चीनी की उपलब्धता बढ़ती है और मिलों का नया उत्पादन शुरू होता है, तो खुदरा कीमतों में राहत मिल सकती है। हालांकि, वास्तविक कीमतों में गिरावट कितनी होगी, यह घरेलू उत्पादन, मांग, आयातित चीनी की उपलब्धता और बाजार की खरीदारी पर निर्भर करेगा। फिलहाल ISMA का संदेश यही है कि देश में चीनी की कमी नहीं है और घबराकर ज्यादा कीमत पर खरीदारी करने की जरूरत नहीं है।

Sarveshwar Pathak

लेखक के बारे में

Sarveshwar Pathak

सर्वेश्वर पाठक अक्टूबर 2022 से ‘लाइव हिंदुस्तान’ में सीनियर कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में बिजनेस और ऑटो सेक्शन के लिए काम कर रहे हैं। सर्वेश्वर बिजनेस और ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री की खबरों, रिव्यू और गहराई से किए गए एनालिसिस के लिए जाने जाते हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में उन्हें 7 साल से अधिक का अनुभव है, जिसमें उन्होंने अपनी मजबूत पकड़ और समझ के जरिए एक अलग पहचान बनाई है। उन्होंने देव संस्कृति विश्वविद्यालय, हरिद्वार से पत्रकारिता में मास्टर डिग्री हासिल की और वर्ष 2019 में ईटीवी भारत के साथ अपने करियर की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने दैनिक जागरण और एडिटरजी जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम किया, जहां उन्होंने अपनी लेखन शैली और विश्लेषण क्षमता को और निखारा।

उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर से आने वाले सर्वेश्वर केवल एक पत्रकार ही नहीं, बल्कि सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय भागीदारी निभाते हैं। उन्हें बाल शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और जागरूकता से जुड़े अभियानों में विशेष रुचि है। अपने विश्वविद्यालय के दिनों में उन्होंने महाराष्ट्र के गोंदिया में दो महीने से अधिक समय तक सोशल वेलफेयर से जुड़े कार्य किए, जहां उन्होंने कई स्कूलों और विश्वविद्यालयों के छात्रों को उच्च शिक्षा के प्रति प्रेरित किया। लेखन के अलावा सर्वेश्वर को बचपन से ही क्रिकेट खेलने और डांस का शौक है, जो उनके व्यक्तित्व को संतुलित और ऊर्जावान बनाता है। उनका उद्देश्य सिर्फ खबरें लिखना ही नहीं, बल्कि लोगों को जागरूक और प्रेरित करना भी है।

और पढ़ें
बिजनेस न्यूज, आज के पेट्रोल और डीजल के दाम, शेयर बाजार की ताज़ा खबरें, आईटीआर न्यूज से जुड़ी जरूरी जानकारी पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi Newsबिज़नेस न्यूज़भारत में चीनी की कमी नहीं, जल्द घट सकते हैं दाम; ISMA ने बताई वजह