त्योहारों के बीच चीनी ने बढ़ाई मिठास की कीमत, पिछले 1 महीने में इतनी बढ़ी प्राइस, जानें नया रेट

लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
Follow us on Google News
share

मुख्य बातें

  • त्योहारों के मौसम में देश में चीनी की कीमतों में तेजी बनी हुई है
  • पिछले एक महीने में चीनी ₹4 प्रति किलो से ज्यादा महंगी हो गई है और औसत खुदरा कीमत ₹59.50 प्रति किलो पहुंच गई है
  • दिल्ली में चीनी ₹64 और कोलकाता में ₹65 प्रति किलो तक बिक रही है

sugar price
पिछले एक महीने में ₹4 प्रति किलो से ज्यादा महंगी हुई चीनी।

Sugar Price Hike: त्योहारों के मौसम में मिठाई और अन्य खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ने के बीच चीनी की कीमतों ने आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है। सरकार की ओर से सप्लाई सुधारने के लिए कई कदम उठाए जाने के बावजूद चीनी के दाम पिछले एक महीने में ₹4 प्रति किलो से ज्यादा बढ़ गए हैं। देश में चीनी का औसत रिटेल प्राइस अब ₹59.50 प्रति किलो तक पहुंच गया है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, रिटेल मार्केट के साथ-साथ थोक बाजार में भी चीनी महंगी हुई है। कीमतों में तेजी के पीछे उत्पादन में कमी, त्योहारों की बढ़ी मांग और सप्लाई से जुड़े दबाव जैसे कई कारण बताए जा रहे हैं। आइए जरा विस्तार से इसकी डिटेल्स जानते हैं।

1 साल में ₹12-₹13 प्रति किलो महंगी हुई चीनी

चीनी की कीमतों में तेजी सिर्फ पिछले एक महीने तक सीमित नहीं है। सालभर के आंकड़ों पर नजर डालें तो रिटेल और थोक दोनों बाजारों में कीमतों में बड़ी बढ़ोतरी हुई है। फिलहाल, देश में चीनी का औसत रिटेल प्राइस ₹59.50 प्रति किलो है, जबकि थोक बाजार में औसत भाव ₹55.40 प्रति किलो पहुंच गया है। एक साल पहले रिटेल बाजार में चीनी करीब ₹46.50 प्रति किलो मिल रही थी। वहीं, थोक बाजार में इसका औसत भाव ₹43.23 प्रति किलो था, यानी सालाना आधार पर चीनी करीब ₹12-13 प्रति किलो महंगी हो चुकी है।

महानगरों में कहां सबसे महंगी है चीनी?

देश के प्रमुख महानगरों में चीनी की कीमतों में बड़ा अंतर देखने को मिल रहा है। 3 नवंबर के आंकड़ों के मुताबिक, कोलकाता में चीनी की रिटेल प्राइस सबसे ज्यादा रही।

शहरमौजूदा खुदरा कीमतएक साल पहले
कोलकाता₹65 प्रति किलो₹50 प्रति किलो
दिल्ली₹64 प्रति किलो₹46 प्रति किलो
मुंबई₹61 प्रति किलो₹45 प्रति किलो

इन आंकड़ों से साफ है कि एक साल के दौरान प्रमुख शहरों में चीनी की कीमतों में तेज उछाल आया है।

सरकार के कदमों के बावजूद क्यों बढ़ रहे दाम?

सरकार ने त्योहारों के दौरान बाजार में चीनी की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने के लिए कई कदम उठाए हैं। इनमें स्टॉक लिमिट तय करना, आयात से जुड़े विकल्पों पर काम करना, बाजार की कड़ी निगरानी और पेराई सीजन को जल्दी शुरू करना शामिल है। इसके बावजूद कीमतों पर दबाव बना हुआ है। इसकी एक बड़ी वजह 2025-26 में चीनी का उत्पादन अनुमान से कम रहना बताया जा रहा है। इसके अलावा त्योहारों में बढ़ी खपत, फसल को नुकसान, ग्लोबल मार्केट में सीमित सप्लाई और जमाखोरी की आशंका ने भी कीमतों को ऊपर बनाए रखा है।

नई पेराई से बढ़ी सप्लाई

चीनी की उपलब्धता बढ़ाने के लिए 2026-27 का क्रशिंग सीजन जल्दी शुरू किया गया है। इस सीजन की शुरुआत 8 अक्टूबर से हुई थी। नेशनल फेडरेशन ऑफ कोऑपरेटिव शुगर फैक्ट्रीज लिमिटेड (NFCSF) के मुताबिक, 30 अक्टूबर तक 152 चीनी मिलों ने उत्पादन शुरू कर दिया था। सीजन के पहले महीने में देश में करीब 8.45 लाख टन चीनी का उत्पादन हुआ है। इससे घरेलू बाजार में नई सप्लाई पहुंचने लगी है, जो त्योहारों के दौरान उपलब्धता बढ़ाने में मदद कर सकती है।

मिठाई से लेकर रसोई के बजट तक असर

त्योहारों के समय चीनी की खपत सामान्य दिनों के मुकाबले बढ़ जाती है। घरों में मिठाइयां बनाने के साथ-साथ हलवाई और खाद्य कारोबार भी बड़ी मात्रा में चीनी की खरीद करते हैं। ऐसे में कीमतों में लगातार बढ़ोतरी का असर सीधे उपभोक्ताओं की जेब पर पड़ सकता है। खासकर दिल्ली और कोलकाता जैसे शहरों में ₹60 प्रति किलो से ऊपर पहुंचा भाव त्योहारों का बजट बढ़ा सकता है।

आगे सस्ती होगी या और महंगी?

नई पेराई शुरू होने से बाजार में चीनी की सप्लाई बढ़ने की उम्मीद है। अगर उत्पादन की रफ्तार तेज रहती है और बाजार में पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध होता है, तो कीमतों पर कुछ दबाव कम हो सकता है। हालांकि, त्योहारों की मांग, उत्पादन की स्थिति और बाजार में स्टॉक की उपलब्धता आने वाले दिनों में चीनी के भाव की दिशा तय करेंगे।

फिलहाल, तस्वीर साफ है कि सरकार के सप्लाई बढ़ाने वाले कदमों के बावजूद चीनी एक महीने में ₹4 प्रति किलो से ज्यादा महंगी हो चुकी है। ऐसे में उपभोक्ताओं के लिए त्योहारों की मिठास इस बार पहले के मुकाबले थोड़ी महंगी पड़ रही है।

Sarveshwar Pathak

लेखक के बारे में

Sarveshwar Pathak

सर्वेश्वर पाठक अक्टूबर 2022 से ‘लाइव हिंदुस्तान’ में सीनियर कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में बिजनेस और ऑटो सेक्शन के लिए काम कर रहे हैं। सर्वेश्वर बिजनेस और ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री की खबरों, रिव्यू और गहराई से किए गए एनालिसिस के लिए जाने जाते हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में उन्हें 7 साल से अधिक का अनुभव है, जिसमें उन्होंने अपनी मजबूत पकड़ और समझ के जरिए एक अलग पहचान बनाई है। उन्होंने देव संस्कृति विश्वविद्यालय, हरिद्वार से पत्रकारिता में मास्टर डिग्री हासिल की और वर्ष 2019 में ईटीवी भारत के साथ अपने करियर की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने दैनिक जागरण और एडिटरजी जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम किया, जहां उन्होंने अपनी लेखन शैली और विश्लेषण क्षमता को और निखारा।

उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर से आने वाले सर्वेश्वर केवल एक पत्रकार ही नहीं, बल्कि सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय भागीदारी निभाते हैं। उन्हें बाल शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और जागरूकता से जुड़े अभियानों में विशेष रुचि है। अपने विश्वविद्यालय के दिनों में उन्होंने महाराष्ट्र के गोंदिया में दो महीने से अधिक समय तक सोशल वेलफेयर से जुड़े कार्य किए, जहां उन्होंने कई स्कूलों और विश्वविद्यालयों के छात्रों को उच्च शिक्षा के प्रति प्रेरित किया। लेखन के अलावा सर्वेश्वर को बचपन से ही क्रिकेट खेलने और डांस का शौक है, जो उनके व्यक्तित्व को संतुलित और ऊर्जावान बनाता है। उनका उद्देश्य सिर्फ खबरें लिखना ही नहीं, बल्कि लोगों को जागरूक और प्रेरित करना भी है।

और पढ़ें
बिजनेस न्यूज, आज के पेट्रोल और डीजल के दाम, शेयर बाजार की ताज़ा खबरें, आईटीआर न्यूज से जुड़ी जरूरी जानकारी पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi Newsबिज़नेस न्यूज़त्योहारों के बीच चीनी ने बढ़ाई मिठास की कीमत, पिछले 1 महीने में इतनी बढ़ी प्राइस