18 साल बाद टाटा के IPO पर दांव लगाने को हो जाइए तैयार, ये है नया अपडेट
आपको बता दें कि टाटा ग्रुप करीब 18 साल बाद आईपीओ लेकर आ रहा है। साल 2004 में आखिरी बार ग्रुप की कंपनी का आईपीओ आया था। ये वो वक्त था जब रतन टाटा पूरी तरह ग्रुप में सक्रिय थे।

इस खबर को सुनें
टाटा समूह के इनीशियल पब्लिक ऑफरिंग यानी IPO का इंतजार कर रहे निवेशकों के लिए नई खबर है। सूत्रों के मुताबिक, टाटा समूह की कंपनी टाटा टेक्नोलॉजीज अपने IPO के जरिए 4000 करोड़ रुपये जुटाने की योजना बना रही है।
ये है अपडेट: इकोनॉमिक टाइम्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक टाटा टेक्नोलॉजीज 3,500 करोड़ रुपये से 4,000 करोड़ रुपये जुटाने पर काम कर रही है। जानकारों के मुताबिक ग्रे मार्केट में टाटा टेक उद्यम मूल्य लगभग 42,000-48,000 करोड़ रुपये आंका गया है। ऐसे में अगर टाटा मोटर्स 10% हिस्सेदारी की बिक्री भी करती है तो लगभग 4,200-4,800 करोड़ रुपये मिलेंगे। आपको बता दें कि टाटा मोटर्स की कंपनी में 74.42% हिस्सेदारी है।
कंपनी के बारे में: टाटा टेक्नोलॉजीज की स्थापना 1989 में शुरू में टाटा मोटर्स की एक कॉमर्शियल इकाई के रूप में हुई थी, जो 1994 में एक अलग कंपनी के रूप में सामने आई थी। कंपनी मुख्य तौर पर ऑटोमोटिव, एविएशन सेगमेंट में इंजीनियरिंग, डिजाइन, स्मार्ट मैन्युफैक्चरिंग और डिजिटल इंजीनियरिंग के वर्टिकल में है।
18 साल बाद आईपीओ: आपको बता दें कि टाटा ग्रुप करीब 18 साल बाद आईपीओ लेकर आ रहा है। साल 2004 में आखिरी बार ग्रुप की कंपनी का आईपीओ आया था। ये वो वक्त था जब रतन टाटा पूरी तरह ग्रुप में सक्रिय थे। वहीं, टाटा संस के वर्तमान चेयरमैन एन चंद्रशेखरन के कार्यकाल में ये ग्रुप का पहला आईपीओ होगा।
