Stock Market Updates: बाजार में तेजी जारी, सेंसेक्स 787 अंक उछलकर 60,746 पर पंहुचा
मुख्य बातें
- 30 संवेदी सूचकांक वाला सेंसेक्स 507.45 अंक या 0.85 प्रतिशत की तेजी के साथ 60,467.30 पर खुला
- वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 149.05 अंक या फिर 0.84 प्रतिशत की तेजी के साथ 17,935.85 अंक पर खुला था

Stock Market Updates: वैश्विक बाजारों के सकारात्मक रुझान और विदेशी संस्थागत निवेशकों की तरफ से निवेश आने से सोमवार को घरेलू शेयर बाजारों में लगातार तीसरे कारोबारी सत्र में भी तेजी का सिलसिला जारी रहा। बीएसई का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 786.74 अंक यानी 1.31 प्रतिशत की जोरदार बढ़त के साथ 60,746.59 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 826.85 अंक तक उछल गया था। इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का मानक सूचकांक निफ्टी भी 225.40 अंक यानी 1.27 प्रतिशत की बढ़त लेकर 18,012.20 अंक पर बंद हुआ।
सेंसेक्स के शेयरों में अल्ट्राटेक सीमेंट, महिंद्रा एंड महिंद्रा, एचडीएफसी, सन फार्मा, एचडीएफसी बैंक, लार्सन एंड टुब्रो, बजाज फिनसर्व और बजाज फाइनेंस प्रमुख रूप से लाभ में रहे। दूसरी तरफ डॉ रेड्डीज, एनटीपीसी और इंडसइंड बैंक के शेयर गिरावट के साथ बंद हुए।
सुबह का हाल
सप्ताह के पहले कारोबारी दिन की शुरुआत धमाकेदार तरीके से हुई है। 30 संवेदी सूचकांक वाला सेंसेक्स (Sensex Live Updates) 507.45 अंक या 0.85 प्रतिशत की तेजी के साथ 60,467.30 पर खुला। वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी (NSE Live Updates) 149.05 अंक या फिर 0.84 प्रतिशत की तेजी के साथ 17,935.85 अंक पर खुला था। बता दें, बीते सप्ताह बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 652.7 अंक या 1.10 प्रतिशत चढ़ा था।
सेंसेक्स में सोमवार सुबह शुरुआती कारोबार के दौरन डॉ रेड्डी के शेयर सबसे अधिक 2.45 प्रतिशत की तेजी के साथ ट्रेड कर रहे थे। रिलायंस, सनफॉर्मा जैसी कंपनियां भी बढ़त के साथ कारोबार कर रही थी। वहीं, दूसरी तरफ एनटीपीसी के शेयर में सुबह 2 प्रतिशत से अधिक की गिरावट देखने को मिली थी। नेस्ले और टाटा स्टील ने अपने शुरुआती प्रदर्शन से निवेशकों को निराश किया है।
इस सप्ताह कैसी रहेगी शेयर मार्केट की चाल?
मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर के लिए खरीद प्रबंधक सूचकांक (पीएमआई) के आंकड़े मंगलवार को जारी होंगे। वहीं सेवा क्षेत्र के आंकड़े बृहस्पतिवार को आएंगे। स्वस्तिका इन्वेस्टमार्ट के वरिष्ठ तकनीकी विश्लेषक प्रवेश गौर ने कहा, ''फेडरल ओपन मार्केट कमेटी (एफओएमसी) की बैठक, वाहन बिक्री के आंकड़े और कंपनियों के तिमाही नतीजों पर बाजार की निगाह रहेगी। इसके अलावा बाजार की नजर रिजर्व बैंक की मौद्रिक नीति समिति की तीन नवंबर को बुलाई गई विशेष बैठक पर भी होगी। अब दूसरी तिमाही के नतीजों का अंतिम दौर शुरू हो चुका है। ऐसे में सप्ताह के दौरान शेयर विशेष गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। अक्टूबर के वाहन बिक्री के आंकड़े महत्वपूर्ण हैं क्योंकि इनसे हमें त्योहारी मांग का पता चलेगा।''
रेलिगेयर ब्रोकिंग लि. के उपाध्यक्ष शोध अजित मिश्रा ने कहा, ''कई कारणों से यह सप्ताह बाजार के लिए महत्वपूर्ण रहेगा। इस सप्ताह अमेरिकी फेडरल रिजर्व की बैठक है। इसके अलावा एमपीसी की बैठक भी होनी है। साथ ही बाजार की दृष्टि से वाहन बिक्री के आंकड़े भी महत्वपूर्ण रहेंगे।'' उन्होंने कहा कि तिमाही नतीजे अब तेजी पकड़ेंगे। इस दौरान भारती एयरटेल, लार्सन एंड टुब्रो, टाटा स्टील, सन फार्मा, हीरो मोटोकॉर्प, एचडीएफसी, सिप्ला और टाइटन सहित कई अन्य बड़ी कंपनियों के तिमाही नतीजों की घोषणा होगी।
(एजेंसी के इनपुट के साथ)


