ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News Businessstock market fell before the budget Sensex fell 588 and the Nifty fell 183 points

बजट से पहले शेयर बाजार मायूस, सेंसेक्स 588 और निफ्टी 183 अंक लुढ़का

बजट से पहले और आर्थिक सर्वेक्षण के बाद शेयर बाजार गिरावट के साथ बंद हुआ। लगातार 6 सत्रों से शेयर बाजार में गिरावट जारी है। बीएसई के 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 588.59 अंक या 1.26% नुकसान...

बजट से पहले शेयर बाजार मायूस, सेंसेक्स 588 और निफ्टी 183 अंक लुढ़का
लाइव हिन्दुस्तान,नई दिल्लीFri, 29 Jan 2021 03:45 PM
ऐप पर पढ़ें

बजट से पहले और आर्थिक सर्वेक्षण के बाद शेयर बाजार गिरावट के साथ बंद हुआ। लगातार 6 सत्रों से शेयर बाजार में गिरावट जारी है। बीएसई के 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 588.59 अंक या 1.26% नुकसान के साथ 46,285.77 के स्तर पर बंद हुआ। इस महीने के आखिरी कारोबारी दिवस को निफ्टी भी 182.95 अंक लुढ़क13,634.60 के स्तर पर बंद हुआ।

सुबह थी रौनक, सेंसेक्स 549 अंक ऊपर खुला

पिछले पांच सत्रों की गिरावट के बाद आज शेयर बाजार में तेजी दिखी। बीएसई के 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 549 अंकों की तेजी के साथ 47,423.47 के स्तर पर खुला। वहीं निफ्टी भी हरे निशान के साथ 13,946 के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 103.35 अंक ऊपर 46,977.71 के स्तर पर था तो वहीं निफ्टी 37.35  अंकों की बढ़त के साथ 13,854.90 के स्तर पर। 

 इतिहास रचने के बाद गिरावट का दौर

पिछले हफ्ते गुरुवार को सेंसेक्स ने इतिहास रचते हुए 50000 का आंकड़ा पार किया था। हालांकि कारोबार के अंत में सेंसेक्स 167 अंकों की गिरावट के साथ 49,624.76 पर बंद हुआ था। पिछले हफ्ते के अंतिम कारोबारी दिन शुक्रवार को सेंसेक्स 746 अंक टूटकर 48,878 पर बंद हुआ और इस हफ्ते सोमवार को सेंसेक्स में 531 अंकों की गिरावट आई। 26 जनवरी मंगलवार को शेयर बाजार बंद था। बुधवार को सेंसेक्स 937 अंक गिरकर 47,409 पर बंद हुआ।शेयर बाजार में गिरावट का सिलसिला बृहस्पतिवार को भी जारी रहा और बीएसई सेंसेक्स 536 लुढ़क कर बंद हुआ। तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 535.57 अंक यानी 1.13 प्रतिशत की गिरावट के साथ 46,874.36 अंक पर बंद हुआ। 
रसातल से 50 हजारी तक ऐसे पहुंचा सेंसेक्स

मालूम हो कि मार्च में निचले स्तर पर पहुंचने के बाद आठ अक्तूबर को सेंसेक्स 40 हजार के पार 40182 पर पहुंच गया था। वहीं पांच नवंबर को सेंसेक्स 41,340 पर बंद हुआ था। 10 नवंबर को इंट्राडे में इंडेक्स का स्तर 43,227 पर पहुंचा था, जबकि 18 नवंबर को 44180 और चार दिसंबर को इसने 45000 का आंकड़ा पार किया। नौ दिसंबर को सेंसेक्स पहली बार 46000 के ऊपर 46103.50 के स्तर पर बंद हुआ। 14 दिसंबर को सेंसेक्स 46284.7 पर खुला। वहीं  21 दिसंबर को सेंसेक्स 47055.69 के स्तर पर पहुंच गया।

अब 30 दिसंबर को सेंसेक्स अब तक के सर्वोच्च स्तर 47,807.85 अंक तक चला गया था। इसके बाद नए साल में 48 हजार का स्तर पार करते हुए सेंसेक्स बुधवार 6 दिसंबर को 48616.66 के नए शिखर पर खुला था। 8 दिसंबर को सेंसेक्स  48797.97 के नए शिखर को छू लिया। जबकि 11 दिसंबर को शुरुआती कारोबार में ही सेंसेक्स एक नए शिखर 49260.21  अंक पर पहुंच गया। वहीं 12 जनवरी को  49569.14 का आंकड़ा छुआ और अब 13 जनवरी को सेंसेक्स एक नए शिखर पर था और 21 जनवरी को सेंसेक्स ने एक और इतिहास रचते हुए  50,184.01 के ऑलटाइम हाई पर पहुंच गया।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें