शेयर बाजार में गिरावट, सेंसेक्स 200 से अधिक अंक टूटा, अडानी ग्रुप के शेयरों पर दबाव बरकरार
आज भी अडानी के शेयर दबाव में हैं। अडानी गैस 5 फीसद टूट चुका है। अडानी ग्रीन और अडानी ट्रांसमिशन में भी गिरावट है। अडानी विल्मर 5 फीसद टूटा है। अडानी एंटरप्राइजेज भी लाल निशान पर है।

शेयर बाजार ने आज गिरावट के साथ शुरुआत की। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 203 अंकों की कमजोरी के साथ 60638 के स्तर पर था तो निफ्टी 72 अंकों की गिरावट के साथ 17781 के स्तर पर कारोबार कर रहा था। आज भी अडानी के शेयर दबाव में हैं। अडानी गैस 5 फीसद टूट चुका है। अडानी ग्रीन और अडानी ट्रांसमिशन में भी गिरावट है। अडानी विल्मर 5 फीसद टूटा है। अडानी एंटरप्राइजेज भी लाल निशान पर है।
बता दें सेंसेक्स आज बढ़त के साथ 60847 के स्तर पर खुला था। जबकि, निफ्टी ने 17,818 से कारोबार की शुरुआत की थी। निफ्टी टॉप लूजर की लिस्ट में शामिल अडानी एंटर प्राइजेज , दिविस लैब, एसबीआई लाइफ, टाटा स्टील और इन्फोसिस टॉप लूजर बने हुए हैं। जबकि, निफ्टी टॉप गेनर में अडानी पोर्ट्स, आईटीसी, एक्सिस बैंक, स्टेट बैंक और हीरो मोटर्स हैं।
इस हफ्ते कैसी रहेगी बाजार की चाल
शेयर बाजारों की दिशा इस सप्ताह मुख्य रूप से भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के ब्याज दर पर निर्णय से तय होगी। इसके अलावा निवेशकों की निगाह कंपनियों के तीसरी तिमाही के नतीजों, वैश्विक रुझान और विदेशी कोषों की गतिविधियों पर भी रहेगी। विश्लेषकों ने यह राय जताई है। विश्लेषकों ने कहा कि ब्रेंट कच्चे तेल का दाम और रुपये का उतार-चढ़ाव भी बाजार की दृष्टि से महत्वपूर्ण होगा।
स्वस्तिका इन्वेस्टमार्ट के वरिष्ठ तकनीकी विश्लेषक प्रवेश गौर ने कहा,'अमेरिकी बाजार की दिशा पर सभी की निगाह रहेगी। हालांकि, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) का प्रवाह महत्वपूर्ण होगा, क्योंकि वे 2023 की शुरुआत से भारतीय बाजारों में जबर्दस्त बिकवाली कर रहे हैं। अडाणी समूह के घटनाक्रम के बाद उनकी बिकवाली और बढ़ी है।'
उन्होंने कहा कि इस सप्ताह भारती एयरटेल, हीरो मोटोकॉर्प, हिंडाल्को और महिंद्रा एंड महिंद्रा जैसी कंपनियों के तीसरी तिमाही के नतीजों के अलावा अमेरिका में वृहद आर्थिक आंकड़े जारी होंगे। रिजर्व बैंक की मौद्रिक घोषणा बाजार की दृष्टि से महत्वपूर्ण होगी। केंद्रीय बैंक की मौद्रिक नीति समिति (एमपीसी) ब्याज दरों पर अपने फैसले की घोषणा आठ फरवरी को करेगी। औद्योगिक उत्पादन (आईआईपी) के आंकड़े शुक्रवार को कारोबार बंद होने के बाद आएंगे। इस सप्ताह टाटा स्टील, अडानी पोर्ट्स, अंबुजा सीमेंट, भारती एयरटेल, हीरो मोटोकॉर्प, हिंडाल्को, ल्यूपिन और महिंद्रा एंड महिंद्रा जैसी बड़ी कंपनियां अपने दिसंबर तिमाही के नतीजों की घोषणा करेंगी।

लेखक के बारे में
Drigraj Madheshiaदृगराज मद्धेशिया:-लाइव हिन्दुस्तान में पिछले 6 साल से बिजनेस टीम का अहम हिस्सा हैं। दृगराज को पत्रकारिता में 21 वर्षों का लंबा अनुभव है। इन्होंने टीवी, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में अपनी स्पेशल खबरों से खास पहचान बनाई है। शेयर मार्केट, कमोडिटी, पर्सनल फाइनेंस और यूटिलिटी पर विशेष पकड़। मैथ्स से ग्रेजुएट, मास कम्युनिकेशन और कंप्यूटर साइंस में पीजी डिप्लोमा। दृगराज, रिसर्च और एनॉलिस के जरिए मार्केट डेटा को आसान भाषा में 'कुछ अलग' पाठकों तक पहुंचाते हैं। लाइव हिन्दुस्तान से पहले साढ़े सात साल तक हिन्दुस्तान अखबार में बतौर सीनियर रिपोर्टर काम किया। इसके अलावा सहारा समय, दैनिक जागरण, न्यूज नेशन में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
और पढ़ें



