Hindi Newsबिज़नेस न्यूज़Share Market Sensex down 1200 points nifty below

शेयर बाजार धड़ामः सेंसेक्स 1200 अंक टूटा, निफ्टी 10300 के नीचे 

खराब ग्लोबल संकेतों के चलते घरेलू बाजारों ने भी भारी गिरावट के साथ शुरुआत की है। सेंसेक्स में 1200 अंकों से ज्यादा की गिरावट देखने को मिली है, जबकि निफ्टी 10300 के नीचे फिसल गया है। सेंसेक्स और...

नई दिल्ली। लाइव हिन्दुस्तान टीम Tue, 6 Feb 2018 10:28 AM
हमें फॉलो करें

खराब ग्लोबल संकेतों के चलते घरेलू बाजारों ने भी भारी गिरावट के साथ शुरुआत की है। सेंसेक्स में 1200 अंकों से ज्यादा की गिरावट देखने को मिली है, जबकि निफ्टी 10300 के नीचे फिसल गया है। सेंसेक्स और निफ्टी में 3-3 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई है।

मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी भारी बिकवाली दिख रही है। बीएसई का मिडकैप इंडेक्स 4.5 फीसदी गिरा है, जबकि निफ्टी के मिडकैप 100 इंडेक्स में 4.8 फीसदी की कमजोरी आई है। बीएसई का स्मॉलकैप इंडेक्स 4.5 फीसदी लुढ़का है। फिलहाल बीएसई का 30 शेयरों वाला प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 1005 अंक यानि 2.9 फीसदी गिरकर 33,751 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। एनएसई का 50 शेयरों वाला प्रमुख इंडेक्स निफ्टी 300 अंक यानि 2.8 फीसदी की गिरावट के साथ 10,367 के स्तर पर कारोबार कर रहा है।

बाजार में कारोबार के इस दौरान दिग्गज शेयरों में टाटा मोटर्स, टाटा मोटर्स डीवीआर, एक्सिस बैंक, इंडियाबुल्स हाउसिंग, वेदांता, यूपीएल, आईसीआईसीआई बैंक और यस बैंक 6.6-4 फीसदी तक लुढ़के हैं। बीएसई और एनएसई में शामिल सभी शेयर लाल निशान में नजर आ रहे हैं। मिडकैप शेयरों में अदानी पावर, रिलायंस इंफ्रा, सीजी कंज्यूमर, जिंदल स्टील और रिलायंस कैपिटल 8.7-6 फीसदी तक लुढ़के हैं। बीएसई के मिडकैप इंडेक्स में शामिल सभी शेयरों में बिकवाली देखने को मिल रही है।

स्मॉलकैप शेयरों में डाटामैटिक्स ग्लोबल, जेबीएम ऑटो, सेंटम इलेक्ट्रॉन, सागर सीमेंट और संगम इंडिया 13.6-10.3 फीसदी तक कमजोर हुए हैं। हालांकि स्मॉलकैप शेयरों में अहलूवालिया, रूशील डेकोर, ओरिएंटल वीनियर, मनाली पेट्रो और एफआईईएम इंडस्ट्रीज 9-2.4 फीसदी तक उछले हैं।

इन कारणों से आई बाजार में भारी गिरावट 

-अमेरिका के बाजारों में अचानक आई गिरावट के चलते एशिया के बाजारों की स्थिति भी हिल सी गई है। मंगलवार को जापान का बाजार निक्केई  भी 1196 अंक यानी 5.27% की गिरावट के साथ 21,486 अंक पर कारोबार कर रहा है। हैंगसेंग 1385 गिरकर 30,861 प्वाइंट्स पर कारोबार कर रहा है।

-कोरियाई बाजार का इंडेक्स कोस्पी 1.33% की गिरावट के साथ 2492 अंक पर कारोबार कर रहा है। ताइवान इंडेक्स 510 अंक की गिरावट के साथ 10,435 अंक पर कारोबार कर रहा है।

- शंघाई कम्पोजिट में 2.14% कमजोर हुआ है। स्ट्रेट्स टाइम्स 112 अंक गिरकर 3371 अंक पर कारोबार कर रहा है।

अमेरिकी बाजार ने गंवा दी एक साल की बढ़त

अमेरिका की बाजारों के लिए सोमवार का दिन काला दिवस की तरह साबित हुआ है। कल सोमवार को अमेरिकी बाजारों में 6 साल की सबसे बड़ी गिरावट दर्ज की गई थी। इस गिरावट के साथ ही अमेरिकी बाजारों ने पिछले एक साल की सारी बढ़त एक दिन में गंवा दी। अमेरिकी बाजारों का एसएंडपी 500 इंडेक्स और डाओ जोंस इंडस्ट्रीयल इंडेक्स 4 फीसदी से ज्यादा नीचे गिर गया था।

 जानें Hindi News , Business News की लेटेस्ट खबरें, Share Market के लेटेस्ट अपडेट्स Investment Tips के बारे में सबकुछ।

ऐप पर पढ़ें