Hindi Newsबिज़नेस न्यूज़ Sensex down 205 points due to rbi unchanged policy rate

सस्ते कर्ज की आस टूटने बाजार को सदमा, सेंसेक्स 205 अंक लुढ़का

रिजर्व बैंक की ओर से बुधवार को नीतिगत दरों को स्थिर रखने फैसले से सस्ते कर्ज की उम्मीद लगाए उपभोक्ता और बाजार को झटका लगा है। इससे सेंसेक्स 205 अंक टूटकर 32,597 पर बंद...

एजेंसी नई दिल्लीWed, 6 Dec 2017 05:43 PM
हमें फॉलो करें

बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स 205 अंक की गिरावट के साथ 32,597 अंक पर बंद हुआ

1 / 2

रिजर्व बैंक (आरबीआई) की ओर से बुधवार को महंगाई बढ़ने की आशंका में नीतिगत दरों को स्थिर रखने फैसले से सस्ते कर्ज की उम्मीद लगाए उपभोक्ता और बाजार को झटका लगा है। इससे बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का सेंसेक्स 205 अंक की गिरावट के साथ 32,597 अंक पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी भी 74 अंक टूटकर 10,044 अंक पर बंद हुआ।

बाजार में चौतरफा बिकवाली 
रिजर्व बैंक की ओर से महंगाई बढ़ने की आशंका जताने और वैश्विक स्तर से मिले नकारात्मक संकेतों से घरेलू शेयर बाजारों में चौतरफा बिकवाली रही। इससे बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स लुढ़ककर डेढ़ महीने के निचले स्तर पर आ गया। जबकि
एनएसई का निफ्टी टूटकर करीब दो महीने के निचले स्तर पर आ गया। लागातार सात कारोबारी दिवसों में से छह में शेयर बाजार में गिरावट आई है। 

महंगाई बढ़ने की आशंका में गिरावट तेज
रिजर्व बैंक ने चालू वत्ति वर्ष की पांचवीं द्विमासिक मौद्रिक नीति समीक्षा में उम्मीद के अनुरूप ब्याज दरें यथावत रखी हैं। लेकिन, उसने आने वाले समय में महंगाई का दबाव बढ़ने का भी पूवार्नुमान जताया है। वैश्विक दबाव में बाजार पहले से ही लाल निशान में था। रिजर्व बैंक की नीति जारी होने के बाद इसकी गिरावट और बढ़ गई। सेंसेक्स चार अंक की गिरावट के साथ 32,798 अंक पर खुला। शुरुआती कारोबार में 32,805 अंक के दिवस के उच्चतम स्तर पर पहुंचने के बाद इसमें लगातार गिरावट देखी गई। मौद्रिक नीति बयान जारी होने से पहले इसकी गिरावट करीब सवा सौ अंक के आसपास थी। बयान जारी होने के बाद यह 32,565 अंक के दिवस के निचले स्तर तक उतर गया।
 

चौतरफा बिकवाली के बीच मझौली और छोटी कंपनियों में भी गिरावट रही

2 / 2

छोटे शेयरों को भी झटका
चौतरफा बिकवाली के बीच मझौली और छोटी कंपनियों में भी गिरावट रही। बीएसई का मिडकैप 0.89 प्रतिशत लुढ़ककर 16,663 अंक पर आ गया। स्मॉलकैप 0.66 प्रतिशत की गिरावट के साथ 17,800 अंक पर बंद हुआ। बीएसई में कुल 2,799 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ जिनमें 1,644 में बिकवाली और 978 में लिवाली का जोर रहा। जबकि 177 के शेयरों के भाव अपरिवर्तित बंद हुए।

धातु शेयरों में सबसे अधिक नुकसान
आईटी, टेक और ऊर्जा समूह को छोड़कर अन्य में गिरावट रही। धातु समूह में सबसे ज्यादा दो प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। सेंसेक्स की कंपनियों में सनफॉर्मा और भारतीय स्टेट बैंक के शेयर सबसे अधिक दो प्रतिशत से ज्यादा टूटे। हालांकि, रिलायंस इंडस्ट्रीज में सबसे अधिक करीब पौने दो प्रतिशत की तेजी रही।

ऐप पर पढ़ें